The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Delhi University Nari shakti event student stopped from falicitating minister

DU छात्रा मंत्री का सम्मान करने आई, अधिकारी ने 'स्लीवलेस ड्रेस देखकर रोक दिया'

दिल्ली यूनिवर्सिटी में 12 अप्रैल को महिला सशक्तिकरण को लेकर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. केंद्रीय युवा मामले एंव खेल और श्रम और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे. इस कार्यक्रम में भाग लेने आई एक स्टूडेंट को खेल मंत्री के साथ मंच शेयर करने से रोक दिया, क्योंकि उन्हें उसके ड्रेस पर आपत्ति थी.

Advertisement
pic
15 अप्रैल 2026 (अपडेटेड: 15 अप्रैल 2026, 11:41 PM IST)
delhi university nari shakti sara sharma minister of sports
सारा शर्मा को स्लीवलेस ड्रेस के चलते मंत्री का सम्मान करने से रोक दिया गया. (इंस्टाग्राम सारा शर्मा)
Quick AI Highlights
Click here to view more

12 अप्रैल. दिल्ली यूनिवर्सिटी का श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स. मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर्स का इवेंट. मकसद ‘नारी शक्ति’ का सम्मान. लेकिन कार्यक्रम में भाग लेने आई एक छात्रा के आरोप इस मकसद को मटियामेट करने वाले हैं. छात्रा का कहना है कि उसे केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के साथ स्टेज शेयर करने से इसलिए रोक दिया गया, क्योंकि उसने ‘स्लीवलेस सूट’ पहन रखा था.

मिनिस्ट्री ऑफ स्पोर्ट्स एंड यूथ अफेयर्स के अंतर्गत आने वाले ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) ने श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में 'नारी शक्ति : विकसित भारत की आवाज- समावेशी लोकतंत्र को मजबूत करना' विषय पर आधारित एक महिला युवा संसद का आयोजन किया था. दिल्ली यूनिवर्सिटी के दौलत राम कॉलेज की 19 साल की स्टूडेंट सारा शर्मा भी इसकी एक प्रतिभागी थीं. उन्होंने मॉक यूथ पार्लियामेंट में महिला और बाल विकास विभाग को रिप्रेजेंट किया. 

केंद्रीय युवा मामलों एवं खेल और श्रम एवं रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि थे. मनसुख मांडविया को सम्मानित करने के लिए मंच पर जा रही सारा शर्मा को कथित तौर पर एक अधिकारी ने रोक दिया. उनकी जगह किसी और स्टूडेंट को भेज दिया गया, क्योंकि सारा ने स्लीवलेस सूट पहन रखा था. सारा शर्मा ने बताया,

 इस कार्यक्रम में आने वाले सभी प्रतिभागियों को ट्रेडिशनल ड्रेस में आने को कहा गया था. मैंने नीले दुपट्टे के साथ सफेद सूट पहना था. लेकिन अधिकारी को ये ठीक नहीं लगा.

मॉक यूथ पार्लियामेंट में प्रतिभागियों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर अपनी बात रखी. इसमें वीमेंस लीडरशिप और समावेशी शासन का महत्व बताया गया. सारा ने सवाल उठाया कि महिलाओं के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में उनका ड्रेस मुद्दा कैसे बन गया. कार्यक्रम खत्म होने के बाद घर आकर सारा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है. इसमें उन्होंने कहा, 

मुझे बहुत शर्मिंदगी महसूस हुई क्योंकि मंत्रालय के अधिकारियों ने सबके सामने मेरे कपड़ों पर कॉमेंट किया. मैं अकेली नहीं थी जिसने स्लीवलेस ड्रेस पहना था. लेकिन मुझे रोका गया, क्योंकि मैं मुख्य अतिथि का सम्मान करने मंच पर जा रही थी. हमारे पास चर्चा करने के लिए बहुत कुछ था. लेकिन उस समय मेरी मेहनत के बजाय मेरे स्लीवलेस सूट ने सबका ध्यान खींच लिया.

सारा ने द प्रिंट से बात करते हुए कहा, 

ड्रेस कोड का पालन किए जाने के बावजूद मेरे पहनावे के बारे में सवाल किया जाना बहुत ही बेतुका था. कहीं भी नहीं लिखा था कि स्लीवलेस ड्रेस पहनने की अनुमति नहीं है. क्या संसद में सांसद स्लीवलेस ब्लाउज के साथ साड़ी पहनकर नहीं जातीं?

श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में आयोजित कार्यक्रम में युवा मामले और खेल मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेट्री नितेश कुमार मिश्रा, MY Bharat की सीईओ प्रियंका शुक्ला और श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स की प्रिंसिपल सिमरित कौर भी उपस्थित थीं. 

इस घटना को लेकर अभी तक मंत्रालय या विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक सफाई नहीं आई है. 

वीडियो: सोशल लिस्ट: स्कूल ड्रेस में डांसर, बादशाह के Latest Song Tateeree पर पर कॉन्ट्रोवर्सी, हुई शिकायत

Advertisement

Advertisement

()