The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • delhi subhash nagar Delivery boy killed by speeding car shakarpur accident

दिल्ली में 'नशे में धुत' कार सवार ने डिलीवरी बॉय को मारी टक्कर, मौत

Delhi Car Accident: चश्मदीदों के मुताबिक, कार चला रहा ड्राइवर नशे में था. गंभीर रूप से घायल डिलीवरी बॉय को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

Advertisement
pic
21 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 21 फ़रवरी 2026, 01:03 PM IST)
Delhi, Delivery Boy, Delivery Boy Accident, delhi subhash nagar Delivery boy killed by speeding car shakarpur accident
मृतक डिलीवरी बॉय का नाम हेमशंकर है. (फोटो: ITG)
Quick AI Highlights
Click here to view more

राजधानी दिल्ली में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग लगातार लोगों की जान ले रही है. ताजा मामला पश्चिमी दिल्ली के सुभाष नगर का है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने डिलीवरी बॉय को टक्कर मार दी. चश्मदीदों के मुताबिक, कार चला रहा ड्राइवर नशे में था. गंभीर रूप से घायल डिलीवरी बॉय को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. 

आजतक से जुड़े अंशुल सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा 21 फरवरी की सुबह करीब 4:30 बजे हुआ. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसकी कार भी जब्त कर ली है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. 

मृतक की पहचान हेमशंकर पुत्र नंदकिशोर के तौर पर हुई है. 25 साल के हेमशंकर दिल्ली के रघुबीर नगर में रहते थे. FIR के मुताबिक, तेज रफ्तार हुंडई वरना ने उन्हें टक्कर मारी. कार में दो लोग सवार थे. दिल्ली के नजफगढ़ का रहने वाला 27 वर्षीय मोहित कुमार गाड़ी चला रहा था. शिकायत में कहा गया कि उसके मुंह से शराब की बदबू आ रही थी.

गाड़ी में बैठे दूसरे शख्स का नाम संचित धर है, जो नजफगढ़ में ही रहता है. आरोप है कि मोहित जिस हुंडई वरना को चला रहा था, उस पर कई चालान पेंडिंग हैं. इनमें से ज्यादातर ओवरस्पीड और रॉन्ग साइड गाड़ी चलाने के लिए काटे गए हैं. इन चालान का भुगतान भी नहीं किया गया है.

FIR में दावा किया गया कि चेक करने पर आरोपी ड्राइवर मोहित का ब्लड अल्कोहल कॉन्टेंट यानी BAC लेवल 76.8 mg/100ml पाया गया.

Delhi Car Accident
(फोटो: ITG)

मृतक हेमशंकर के एक साथी डिलीवरी बॉय ने ANI के साथ बातचीत में कहा,

“वो हमारे साथ काम करता था... वह एक ऑर्डर डिलीवर कर रहा था और एक कार ने उसे टक्कर मार दी.”

हेमशंकर के अन्य साथी ने कहा,

“वो तो अपना ऑर्डर लेकर जा रहा था. दारू पीकर गाड़ी चला रहे हैं. अब मैं क्या बोलूं. दारू पीकर गाड़ी चलाने वाले उन लोगों को सजा मिले. पैसे वाले लोग हैं, तो छूटने नहीं चाहिए. हमारे दोस्त को इंसाफ मिले. हम बस यहीं चाहते हैं.”

दिल्ली से ही एक दूसरा मामला सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े लोगों को टक्कर मार दी. मामला पूर्वी दिल्ली के शकरपुर इलाके का है. रिपोर्ट के मुताबिक, पटरी पर फल की दुकान लगाने वाले दुकानदार और वहां खरीदारी कर रहे लोग इसकी चपेट में आ गए. इस हादसे में 5 लोग घायल हो गए.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया. आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया गया है और उसकी कार जब्त कर ली गई है. पुलिस जांच कर रही है कि ड्राइवर नशे में था या हादसे की कोई और वजह थी.

ये भी पढ़ें: साहिल धनशेरा को जिस नाबालिग ने स्कॉर्पियो से टक्कर मारी, उसने जुवेनाइल बोर्ड से क्या कहा?

इससे पहले दिल्ली के द्वारका इलाके में एक महिंद्रा स्कॉर्पियो की टक्कर से 23 साल के साहिल धनेशरा की मौत हो गई थी. आरोप है कि स्कॉर्पियो एक 17 साल का नाबालिग चला रहा था, जिसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था. टक्कर इतनी जोरदार थी कि साहिल की मौके पर ही मौत हो गई.

यह घटना 3 फरवरी की है. एक दिन बाद नाबालिग को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया. बताया जा रहा है कि बोर्ड के सामने उसने घटना पर कोई अफसोस नहीं जताया. पुलिस ने नाबालिग को ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया था और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

वीडियो: सड़क हादसे में जान गंवाने वाले साहिल धनेशरा की मां ने कैमरे पर सब बताया

Advertisement

Advertisement

()