एमएम नरवणे की किताब सर्कुलेट करने वालों को दिल्ली पुलिस नहीं बख्शेगी, FIR दर्ज
MM Naravane Book controversy: पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की किताब 'फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' के कथित तौर पर लीक होने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है. दिल्ली पुलिस ने किताब को लेकर पब्लिकेशन प्रोटोकॉल के उल्लंघन का मामला दर्ज किया है.
.webp?width=210)
पूर्व सेना प्रमुख जनरल एमएम नरवणे की किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ की अप्रकाशित किताब कथित तौर पर सोशल मीडिया पर तेजी से सर्कुलेट हो रही है. इसका दिल्ली पुलिस ने संज्ञान लिया है और मामले में FIR दर्ज की गई है (FIR MM Naravane book circulation).
पुलिस ने कहा कि किताब को छापने की इजाजत अभी अधिकारियों ने नहीं दी है, लेकिन किताब सोशल मीडिया और इंटरनेट पर अन्य जगहों पर भी सर्कुलेट हो रही है. इसकी पीडीएफ कॉपी कई वेबसाइट्स पर मौजूद है. साथ ही कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म्स पर भी किताब का कवर लगा है, जिसे देखकर लगता है कि यह बिकने के लिए तैयार है.
बता दें कि एमएम नरवणे की आत्मकथा वाली किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ की एक प्रति लेकर राहुल गांधी भी सदन में पहुंचे थे. उन्होंने इस किताब को पीएम नरेंद्र मोदी को गिफ्ट करने की बात कही थी. हालांकि, दिल्ली पुलिस की FIR में राहुल गांधी का नाम होने की बात सामने नहीं आई है.
Economic Times की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अप्रूवल के लिए लंबित पड़ी किताब के कथित लीक के मामले में केस दर्ज किया है. इसकी विस्तार से जांच की जा रही है. एक आधिकारिक बयान में पुलिस ने कहा कि उसके संज्ञान में आया है कि 'फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' नाम की किताब का प्री-प्रिंट बिना मंजूरी के सर्कुलेट हो रहा है.
सोशल मीडिया समेत अन्य कई प्लेटफॉर्म्स पर किताब का पीडीएफ तेजी से प्रसारित हो रहा है. ये सब तब किया जा रहा है, जब किताब को अफसरों से अप्रूवल मिलना बाकी है. पुलिस ने आगे कहा कि जांच करने पर पता चला कि पब्लिक में सर्कुलेट हो रही किताब पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से प्रकाशित लगती है. कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर भी पुस्तक का कवर पेज ऐसे लगाया गया है, जैसे वह बिक्री के लिए उपलब्ध हो.
पुलिस के मुताबिक, ये मामला इंटेलेक्चुअल प्रॉपर्टी के उल्लंघन से जुड़ा है. ऐसे में कथित लीक और पब्लिकेशन प्रोटोकॉल के संभावित उल्लंघन की जांच के लिए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने FIR दर्ज कर जांच शुरू की है.
इंडिया टुडे से जुड़ीं श्रेया चटर्जी की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि पुलिस की जांच का फोकस उन लोगों या संस्थाओं (Entities) की पहचान पर भी होगा जो बिना अफसरों की मंजूरी वाली इस किताब को अपलोड करने, शेयर करने या कमर्शियली सर्कुलेट करने में शामिल थे. दिल्ली पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

एमएम नरवणे की ये किताब साल 2024 से ही रक्षा मंत्रालय के पास अप्रूवल के लिए भेजी गई है. एक साल से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी किताब छप नहीं पाई है. इसी किताब का एक अंश राहुल गांधी ने लोकसभा में कोट किया तो हंगामा मच गया था.
भाजपा सांसदों ने आपत्ति जताई कि राहुल गांधी जिस किताब का जिक्र कर रहे हैं वो प्रकाशित ही नहीं है. इस पर राहुल गांधी ने कहा कि किताब छप चुकी है और वह इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गिफ्ट करना चाहते हैं. इसके बाद राहुल गांधी वही किताब छपी-छपाई अवस्था में हाथ में लहराते संसद परिसर में दिखे थे.
वीडियो: लोकसभा में बोलने के लिए खड़े हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, कार्यवाही स्थगित हो गई

.webp?width=60)

