The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Delhi one person killed in attack in Wazirpur CCTV footage

दिल्ली में बारात में शामिल बाराती की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी में मारते रहे, भीड़ देखती रही

Delhi Wazirpur murder: दिल्ली के भारत नगर इलाके में कुछ लोगों पर एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है. बताया गया कि बारात को रास्ता देने को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जो बाद में इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने दो-तीन बारातियों पर हमला कर दिया. उन्हें बेल्ट, डंडो से मारा.

Advertisement
pic
13 मार्च 2026 (पब्लिश्ड: 09:20 PM IST)
Delhi Wazirpur murder
दिल्ली में बारातियों पर हुए हमले का CCTV फुटेज आया है. (फोटो-इंडिया टुडे)
Quick AI Highlights
Click here to view more

दिल्ली के भारत नगर इलाके में कुछ लोगों ने एक शख्स की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी. बताया गया कि बारात को रास्ता देने को लेकर मामूली विवाद हुआ था, जो इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने बारात में से दो लोगों पर बेल्ट, डंडे और लोहे की रॉड से हमला कर दिया. घटना में एक शख्स घायल भी हुआ है. पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

इंडिया टुडे से जुड़े अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना वजीरपुर के जेजे कॉलोनी में हुई. गुरुवार, 12 मार्च को भारत नगर थाने में पीसीआर कॉल के जरिए पुलिस को सूचना दी गई थी. मौके पर पहुंचकर क्राइम टीम और फॉरेंसिक टीम ने मुआयना किया. रिश्तेदारों ने घायल मोहन लाल (42 वर्ष) और वीरेंद्र (47 वर्ष) को दीप चंद बंधु हॉस्पिटल को पुुलिस के आने से पहले ही भर्ती कर दिया था. इलाज के दौरान तीन छोटी-छोटी बच्चियों के पिता मोहन लाल की मौत हो गई. 

आरोप है कि साहिल उर्फ नटवाला ने अपने साथियों राघव, अभिषेक और अर्जुन के साथ मिलकर माता पार्क (पथवारी पार्क) के पास मोहन को बुरी तरह पीटा था. पुलिस को इसके कुछ सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं, जिनमें आरोपी पीड़ितों को पीटते हुए दिख रहे हैं. वीडियो में नजर आता है कि आरोपी दोनों पीड़ितों को काफी बेरहमी से पीट रहे हैं. बेल्ट, डंडे, लात-घूंसे से मार रहे हैं. जब कुछ देर बाद एक घायल उठता है और दूसरे शख्स को उठाने की कोशिश करता है, तो एक आरोपी पीड़ित के पास आकर उसे फिर से पीटने लगता है.

जब आरोपी दोनों को पीट रहे थे, तब एक भी व्यक्ति उन्हें बचाने के लिए आगे नहीं आया. सब लोग मूक दर्शक बनकर तमाशा देखते रहे. रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने एक घंटे के अंदर ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. उसने BNS की धारा 103(1)/109(1)/3(5) के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.

वीडियो: इमरान प्रतापगढ़ी ने संसद में मीडिया चैनलों के बारे में क्या कहा?

Advertisement

Advertisement

()