दिल्ली में आत्महत्या करने वाले जज की पत्नी पर केस, FIR में तीन और नाम हैं
अमन के पिता प्रेम कुमार ने स्वाती मलिक, उनके माता-पिता और एक अन्य के खिलाफ शिकायत की है. उन पर बेटे अमन को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं.

दिल्ली में जज अमन कुमार शर्मा के आत्महत्या मामले में एफआईआर दर्ज हो गई है. अमन के पिता की शिकायत पर सफदरजंग एनक्लेव थाने में 4 नामजद लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया गया है. आरोपियों पर BNS की धारा 108 और 61(2) लगाई गई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शनिवार, 2 मई को दिल्ली के सफदरजंग इलाके में कड़कड़डूमा कोर्ट में तैनात जज ने अपने घर के बाथरूम में आत्महत्या कर ली थी. कहा जा रहा है कि पत्नी से झगड़े के बाद जज ने ये कदम उठाया.
इंडिया टुडे से जुड़े अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक, अमन के पिता प्रेम कुमार ने स्वाती मलिक, उनके माता-पिता और एक अन्य के खिलाफ शिकायत की है. उन पर बेटे अमन को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप लगाए हैं. स्वाती मलिक अमन शर्मा की पत्नी हैं और खुद भी एक न्यायिक अधिकारी हैं. उनकी कजिन सिस्टर हैं निधि मलिक, जो जम्मू में आईएएस अधिकारी हैं.
अमन के परिजन ने बताया कि स्वाती उनके पिता प्रेम कुमार का अपमान करती थी. ये बाद अमन बर्दाश्त नहीं कर पाए. दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे. इस बात से अमन बहुत ज्यादा परेशान थे और तंग आकर उन्होंने आत्महत्या कर ली. घटना के दो दिन पहले अमन ने फोन पर अपने पिता बताया था कि ‘वो अब नहीं जीना चाहते और ये उनकी आखिरी कॉल है’. अमन की ये बातें सुनने के बाद पिता प्रेम कुमार फौरन अलवर से दिल्ली के लिए रवाना हो गए.
अमन के पिता ने पुलिस को बताया कि जब वो दिल्ली आए तब भी अमन और स्वाती के बीच झगड़ा हुआ था. कमरे के अंदर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनाई दे रही थीं. इसके बाद दोनों दो कमरों में चले गए. उन्होंने बताया कि एक कमरे में उनका बेटा अमन रो रहा था. बाद में उसके दिखाई न देने पर उन्होंने स्वाती से पूछा कि अमन कहां है? उसने जानकारी होने से इनकार किया तो प्रेम कुमार ने बेटे को फोन लगाया. घंटी घर के बाथरूम में बजी. रिस्पॉन्स नहीं आया तो वह दरवाजा तोड़कर अंदर गए. वहां उन्होंने देखा कि पत्नी की चुन्नी से लटककर अमन ने आत्महत्या कर ली थी.
वीडियो: Delhi Vivek Vihar Fire: आग लगने के बाद लोग बिल्डिंग से बाहर क्यों नहीं निकल पाए?

