The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • delhi janakpuri pithole death Kamal Dhyani contractor knew biker fallen into ditch

'सब कॉन्ट्रैक्टर को रात में ही पता चल गया, गड्ढे में गिरे कमल को देखा, लेकिन... ', दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा

Delhi के जनकपुरी इलाके में हुई 25 साल के कमल ध्यानी की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है. जांच में पता चला कि सब कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को हादसे के बारे में रात में ही बता दिया गया था.

Advertisement
pic
8 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 8 फ़रवरी 2026, 02:47 PM IST)
delhi janakpuri pithole death Kamal Dhyani
दिल्ली के जनकपुरी इलाके में कमल ध्यानी (25) की गड्ढे में गिरकर मौत हो गई. (फोटो: आजतक)
Quick AI Highlights
Click here to view more

दिल्ली जल बोर्ड के खोदे गए गड्ढे में गिरकर 25 साल के कमल ध्यानी की मौत हो गई. पुलिस ने इस मामले में सब कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को अरेस्ट किया. अब जांच में पता चला कि प्रजापति को पुलिस को सूचना मिलने से कई घंटे पहले ही हादसे के बारे में बता दिया गया था, लेकिन उन्होंने कमल की मदद करने के लिए कोई एक्शन नहीं लिया.

25 साल के कमल ध्यानी एक प्राइवेट बैंक में असिस्टेंट मैनेजर थे. 5 फरवरी की रात वे दिल्ली के जनकपुरी इलाके में अपने दफ्तर से घर लौट रहे थे. कमल ने रात करीब पौने 12 बजे अपने घर फोन किया और कहा कि वह 10 मिनट में घर पहुंच रहे हैं. लेकिन जोगिंदर सिंह मार्ग पर दिल्ली जल बोर्ड के द्वारा खोदे गए एक गहरे गड्ढे में वो बाइक सहित गिर गए. जिससे उनकी मौत हो गई. अगली सुबह उनका शव गड्ढे से बरामद किया गया.

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, 5 और 6 फरवरी की दरमियानी रात उस इलाके से गुजर रहे एक परिवार ने देखा कि पीड़ित एक गड्ढे में गिर गया है. उन्होंने तुरंत घटनास्थल पर तैनात एक सिक्योरिटी गार्ड को सूचित किया. पुलिस ने बताया कि गार्ड ने उसी रात दिल्ली जल बोर्ड के एक जूनियर कर्मचारी को बताया कि एक शख्स गड्ढे में गिर गया है.

इसके बाद जूनियर कर्मचारी ने रात करीब 12:22 बजे सब कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को फोन किया और उन्हें मौके पर आने के लिए कहा. अधिकारियों ने बताया कि प्रजापति बाद में मौके पर पहुंचे और उन्होंने वहां एक मोटरसाइकिल और एक व्यक्ति को गड्ढे के अंदर देखा, लेकिन उन्होंने किसी को इस बारे में सूचित नहीं किया और वापस घर चले गए.

DCP (साउथ) दराडे शरद भास्कर ने कहा कि प्रजापति को इस बात की जानकारी थी कि कोई व्यक्ति गड्ढे में गिर गया है. यह बात पुलिस के संज्ञान में आने से कुछ घंटे पहले ही पता चल गई थी. पुलिस ने बताया कि कॉल डिटेल रिकॉर्ड से पता चला है कि प्रजापति को घटना की जानकारी लगभग 12:22 बजे मिली, जिसके बाद वह 15-20 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गए.

उस समय प्रजापति ने न तो पुलिस को और न ही किसी इमरजेंसी अथॉरिटी को सूचना दी. DCP भास्कर ने बताया कि घटना की जानकारी पुलिस को अगली सुबह करीब 8 बजे मिली.

ये भी पढ़ें: 'दिल्ली के गड्ढे भरने में 10 साल लगेंगे... ', युवक की मौत पर आया मनोज तिवारी का बयान सुना क्या?

दिल्ली पुलिस ने BNS की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया है. FIR दिल्ली जल बोर्ड के संबंधित अधिकारियों और कॉन्ट्रैक्टर के खिलाफ हुई है. दिल्ली जल बोर्ड के 3 अधिकारी सस्पेंड हुए हैं और सब कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार किया गया है.

FIR के मुताबिक दिल्ली जल बोर्ड द्वारा सड़क के बीच बिना सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी चिन्ह लगाए गहरा गड्ढा खोदा गया था. रात में रोशनी की व्यवस्था नहीं थी, जिससे कमल ध्यानी उसमें गिर गए.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: दिल्ली के जनकपुरी में हुए कमल की मौत का जिम्मेदार कौन?

Advertisement

Advertisement

()