करिश्मा कपूर के बच्चों को बड़ी राहत, HC ने संजय के अकाउंट फ्रीज कर प्रिया सचदेवा के हाथ बांध दिए
Karisma kapoor के बच्चों और Sunjay Kapur की मां रानी कपूर ने संजय की कथित वसीयत पर सवाल उठाए हैं. यह वसीयत प्रिया ने संजय की मृत्यु के बाद पेश की थी. बच्चों का आरोप है कि वसीयत फर्जी हो सकती है और उन्हें विरासत से बाहर रखने के लिए बनाई गई है. कोर्ट ने साफ किया कि इन संदेहों को दूर करने और वसीयत की वैधता साबित करने की जिम्मेदारी अब प्रिया कपूर पर है

बिजनेसमैन संजय कपूर की प्रॉपर्टी को लेकर चल रहा विवाद गहराता जा रहा है. दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी पूर्व पत्नी और बॉलीवुड एक्ट्रेस करिश्मा कपूर के बच्चों को बड़ी राहत दी है. कोर्ट ने कहा कि जब तक संजय कपूर की वसीयत की वैधता साबित नहीं हो जाती, तब तक उनकी तीसरी पत्नी प्रिया कपूर न ही प्रॉपर्टी बेच सकती हैं और न ही ट्रांसफर कर सकती हैं.
करिश्मा कपूर के बच्चों और संजय कपूर की मां रानी कपूर ने संजय की कथित वसीयत पर सवाल उठाए हैं. यह वसीयत प्रिया ने संजय की मृत्यु के बाद पेश की थी. बच्चों का आरोप है कि वसीयत फर्जी हो सकती है और उन्हें विरासत से बाहर रखने के लिए बनाई गई है. कोर्ट ने साफ किया कि इन संदेहों को दूर करने और वसीयत की वैधता साबित करने की जिम्मेदारी अब प्रिया कपूर पर है, जिसकी जांच ट्रायल के दौरान की जाएगी.
कोर्ट ने क्या आदेश दिया?इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, हाई कोर्ट ने प्रिया को दो बैंकों में मौजूद तीन खातों से पैसे निकालने से भी रोक दिया है. कोर्ट ने यह भी कहा,
“सिवाय उस हद तक पैसे निकाल सकते हैं, जहां तक संजय और करिश्मा के बीच तलाक के आदेश के तहत बच्चों के प्रति अपनी जिम्मेदारियां पूरी करनी हों.”
इस फैसले के बाद प्रिया अपने दिवंगत पति के विदेशी बैंक खातों का भी इस्तेमाल नहीं कर पाएंगी. हाई कोर्ट ने उन पर संजय के क्रिप्टो एसेट्स को बेचने, किसी और को देने या किसी भी तरह से उनका लेन-देन करने पर भी रोक लगा दी है.
फ्रीज की गईं संपत्तियां- प्रिया कपूर तीन भारतीय कंपनियों में अपनी शेयरहोल्डिंग नहीं बेच सकतीं.
- वे भविष्य निधि (PF) से पैसे नहीं निकाल सकतीं.
- व्यक्तिगत संपत्तियों जैसे कलाकृतियों (artworks), घड़ियों और गहनों को बेचने पर भी रोक लगा दी गई है.
- संजय कपूर के विदेशी बैंक खातों और क्रिप्टोकरेंसी होल्डिंग्स को भी फिलहाल के लिए निष्क्रिय (stayed) कर दिया गया है.
अदालत ने साफ किया कि यह आदेश संजय कपूर की विदेशों में स्थित अचल संपत्तियों (जैसे न्यूयॉर्क और लंदन के अपार्टमेंट) पर लागू नहीं होता है, क्योंकि वे उसके अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं.
ये भी पढ़ें: 2 महीने से करिश्मा कपूर की बेटी की फीस नहीं जमा हुई... सुनकर HC ने कहा- 'ड्रामा नहीं चाहिए’
क्या है विवाद?प्रिया संजय की तीसरी पत्नी हैं. दोनों की शादी साल 2017 में हुई थी. वहीं, करिश्मा और संजय की शादी 2003 से 2016 तक चली थी. उनके दो बच्चे समायरा और कियान 2005 और 2011 में हुए. संजय कपूर का 12 जून, 2025 को लंदन में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था. वे सोना कॉमस्टार के फाउंडर और चीफ थे.

फोर्ब्स की रिपोर्ट के मुताबिक संजय कपूर की कुल प्रॉपर्टी 10,300 करोड़ रुपये (1.2 बिलियन डॉलर) से 13,000 करोड़ रुपये के बीच है, जबकि सोना कॉम स्टार की मार्केट वैल्यू 31,000 करोड़ रुपये आंकी गई है. समायरा और कियान, संजय कपूर की संपत्ति के बंटवारे को लेकर प्रिया कपूर के साथ एक कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं. वे खुद को वारिस बताते हुए संपत्ति में अपने हिस्से का दावा कर रहे हैं. दोनों बच्चे चल और अचल संपत्ति में से हर एक का पांचवां हिस्सा मांग रहे हैं.
वीडियो: करिश्मा कपूर के बच्चों ने संजय कपूर की पत्नी पर क्या आरोप लगा दिए?

