रात 1 बजे चल रही थी बार में पार्टी, बंद कराने पहुंची एसपी, सामने आ गए आईजी, फिर...
Dehradun bar raid: आरोप है कि देहरादून के 'रोमियो लेन' बार में निर्धारित समय सीमा के बाद भी शराब परोसी जा रही थी और तेज संगीत बज रहा था. SP प्रमोद कुमार ने बताया कि बार रात के 1 बजे तक खुला था. जबकि पुलिस ने सख्त हिदायत दी थी कि बार खोलने का अधिकतम समय रात 12 बजे तक है. वहीं IG ने खुद पर लगे आरोपों को सिरे से नकारा है.

उत्तराखंड के देहरादून के एक बार को जब पुलिस बंद कराने पहुंची तो वहां कथित तौर पर IG गढ़वाल राजीव स्वरूप पहले से मौजूद थे. आरोप है कि IG ने कार्रवाई में दखल दिया और बार बंद करने से रोका. बताया गया कि राजपुर रोड स्थित 'रोमियो लेन' बार में निर्धारित समय सीमा के बाद भी शराब परोसी जा रही थी और तेज संगीत बज रहा था. SP सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि बार रात के 1 बजे तक खुला था. जबकि पुलिस ने सख्त हिदायत दी थी कि बार खोलने का अधिकतम समय रात 12 बजे तक है. वहीं IG ने खुद पर लगे आरोपों को सिरे से नकारा है.
आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, 25 अप्रैल की रात 1 बजे पुलिस को सूचना मिली कि शहर का ‘रोमियो लेन बार’ अभी भी खुला है. जिसके बाद SP सिटी प्रमोद कुमार वहां पहुंचे और बार खाली कराने लगे. आरोप है कि उसी समय IG राजीव स्वरूप ने कार्रवाई में हस्तक्षेप किया, जिसके बाद थोड़ी देर तक कार्रवाई रोक दी गई. नतीजतन बार खुला रहा. फिर SP ने सीनियर अधिकारी SSP प्रमेन्द्र सिंह डोभाल तक बात पहुंचाई. जिसके बाद वो खुद वहां पहुंचे और बार बंद करवाया.
IG ने आरोपों पर क्या कहा?इस मामले पर 'आजतक' से बातचीत में IG राजीव स्वरूप ने लेट नाइट पार्टी के आरोपों को सिरे से खारिज किया. उन्होंने कहा,
‘मैं अपने परिवार के साथ उस एरिया से गुज़र रहा था. मैंने वहां एक साथ 7 थानों की पुलिस और भारी फोर्स तैनात होने पर नाराजगी जताई थी. सवाल उठाया कि इतने स्टाफ की वहां क्या जरूरत है? मेरे बारे में गलत जानकारी फैलाई जा रही है.’
पुलिस मुख्यालय ने क्या कार्रवाई की?कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ इंडिया (मार्क्सिस्ट) के उत्तराखंड राज्य के सचिव इंद्रेश मैखुरी ने X पर इस घटना के बारे में पोस्ट किया. आरोप लगाया कि रोमियो लेन बार रात 12:30 तक खुला था और पुलिस ने कार्रवाई इसलिए नहीं की क्योंकि वहां IG राजीव स्वरूप मौजूद थे. जब मामले ने तूल पकड़ा तो उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने इसे गंभीरता से लिया. एडिशनल डायरेक्टर जनरल ADG (कानून-व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने IG गढ़वाल और SSP देहरादून से अगले 24 घंटे के भीतर इस घटना पर डिटेल रिपोर्ट सबमिट करने का आदेश दिया है. CCTV फुटेज की भी जांच की जा रही है.
बता दें कि 30 मार्च को मसूरी रोड पर रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी सैर पर निकले थे. तभी वहां दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई और इसी दौरान मुकेश जोशी की गोली लगने से मौत हो गई. बाद में इस केस के तार देर रात तक चलने वाले 'जेन-जी बार' से जोड़े गए. इसी घटना के बाद देहरादून पुलिस ने सख्ती बरती. बार खुलने का अधिकतम समय रात 12 बजे तय किया गया.
वीडियो: राघव चड्ढा को रिप्लेस करने वाले अशोक मित्तल पर ED की रेड


