The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Congress Booked Flight For PM Narendra Modi Manipur Assam Visit Guwahati to Imphal air ticket pawan khera

कांग्रेस ने PM मोदी का मणिपुर का टिकट कराया, कैंसिल किसने किया?

Congress Booked Flight For PM Modi: कांग्रेस पार्टी के नेता पवन खेड़ा ने कहा कि पीएम मोदी को हिंसा प्रभावित मणिपुर भी जाना चाहिए, जो असम से सिर्फ एक घंटे की दूरी पर है.

Advertisement
pic
14 फ़रवरी 2026 (अपडेटेड: 14 फ़रवरी 2026, 09:46 PM IST)
Narendra Modi, Narendra Modi Flight, flight ticket, guwahati to imphal, assam to manipur, narendra modi assam, narendra modi manipur, manipur, Congress, congress sends modi ticket, pawan khera
पवन खेड़ा (बायें) ने PM नरेंद्र मोदी (दायें) के लिए गुवाहाटी से इंफाल का फ्लाइट टिकट बुक कराया था. (फोटोः India today)
Quick AI Highlights
Click here to view more

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 14 फरवरी को असम में थे. इस दौरान कांग्रेस पार्टी ने कहा कि पीएम मोदी को हिंसा प्रभावित मणिपुर भी जाना चाहिए, जो असम से सिर्फ एक घंटे की दूरी पर है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने ऐसा सिर्फ कहा नहीं बल्कि पीएम मोदी के नाम से गुवाहाटी से इंफाल तक का फ्लाइट टिकट भी बुक कर दिया. इकनॉमी क्लास की टिकट को कांग्रेस के नेता ने ‘एक्स’ पर शेयर भी किया और लिखा कि उनके पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नंबर नहीं है इसलिए वह इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं. 

हालांकि, ये टिकट कैंसिल हो गया है और इसके लिए पवन खेड़ा और एयर इंडिया एक्सप्रेस आमने-सामने भी आ गए हैं. कांग्रेस नेता का कहना है कि बिना पूछे-बताए कंपनी ने टिकट कैंसिल कर दिया जबकि कंपनी का कहना है कि बुकिंग वेबसाइट के सेल्फ सर्विस ऑप्शन से टिकट कैंसिल हुआ है. 

क्या मामला है विस्तार से बताते हैं.

कांग्रेस के मीडिया और पब्लिसिटी डिपार्टमेंट के चेयरमैन पवन खेड़ा ने शनिवार, 14 फरवरी को ‘X’ पर पीएम मोदी के नाम से एक टिकट शेयर किया था. इस बहाने कांग्रेस ने न सिर्फ मणिपुर के मुद्दे को एक बार फिर हवा देने की कोशिश की बल्कि पोस्ट में ‘पीएम केयर्स’ का जिक्र कर एक ऐसे फंड को लेकर सरकार को घेर लिया, जिसके बारे में हाल ही में कहा गया कि उसका ब्योरा कुछ खास नियमों के आधार पर सार्वजनिक नहीं किया जा सकता. 

ये सब शनिवार, 14 फरवरी को तब हुआ, जब पीएम मोदी असम के गुवाहाटी पहुंचे थे. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यहां उन्होंने लगभग 5 हजार 450 करोड़ रुपये के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स को लॉन्च किया. तभी कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक्स पर लिखा कि असम से मणिपुर की दूरी ज्यादा नहीं है और हिंसा प्रभावित मणिपुर को भुलाया नहीं जाना चाहिए. उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को हिंसा प्रभावित राज्य का दौरा करना चाहिए.

पवन खेड़ा ने अपने पोस्ट में तंज कसते हुए कहा कि पीएम मोदी ऐसे राज्यों को खास तरजीह देते हैं, जहां चुनाव होने वाले होते हैं. X पर फ्लाइट टिकट का फोटो शेयर करते हुए खेड़ा ने लिखा,

प्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी. हमें मालूम है कि चुनावी राज्य हमेशा आपकी पहली प्राथमिकता होते हैं लेकिन मणिपुर को इस तरह त्याग नहीं देना चाहिए. यह राज्य 2023 से जल रहा था और अब यह दोबारा जल उठा है. आप आज असम में ही हैं. वहां से मणिपुर बस एक घंटे की दूरी पर है. कृपया वहां भी जाने का कष्ट करें. प्रधानमंत्री की उपस्थिति मणिपुर के हमारे लोगों को कुछ भरोसा दिलवा सकती है.

Congress booked flight for Pm Modi
पवन खेड़ा का पोस्ट. (X @Pawankhera)

उन्होंने आगे लिखा,

आपकी चुनावी व्यस्तता के बीच इसे आसान बनाने के लिए हमने गुवाहाटी से इंफाल के लिए आपकी फ्लाइट भी बुक कर दी है. आपको बस हवाई जहाज में चढ़ना है. चूंकि मेरे पास आपका नंबर नहीं है इसलिए मैं आपका टिकट यहां शेयर कर रहा हूं. इसका इस्तेमाल कर लें और दिखाएं कि सच में "PM CARES" (पीएम को ख्याल है)

Pawan Khera Modi
पवन खेड़ा ने फ्लाइट टिकट का फोटो शेयर किया. (X @Pawankhera)

कांग्रेस के पोस्ट शेयर करने के कुछ घंटों बाद टिकट कैंसिल हो गया. खेड़ा ने आरोप लगाया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने उनकी जानकारी के बिना ही टिकट कैंसिल कर दिया. खेड़ा ने X पर लिखा,

एयर इंडिया एक्सप्रेस को भी पता था कि प्रधानमंत्री मणिपुर नहीं जाएंगे. इसलिए जो टिकट मैंने मणिपुर के लोगों के लिए एक अच्छे इरादे से तोहफे के तौर पर बुक किया था, उसे बिना मेरी जानकारी के चुपचाप कैंसिल कर दिया गया.

खेड़ा आगे लिखते हैं,

अब यह आम बात हो गई है कि पीएम को किसी नॉर्थ-ईस्ट राज्य में जाने के लिए सिर्फ आने वाले चुनाव ही मजबूर कर सकते हैं. इसी वजह से आज असम में उनकी मौजूदगी और मणिपुर में उथल-पुथल के बावजूद उनकी लगातार गैर मौजूदगी का कारण समझ में आता है. "PM CARES"? सॉरी दोस्तों, साफ है कि ऐसा नहीं है.

Modi ticket cancelled
(airindiaexpress.com)

खेड़ा के आरोपों के बाद इस पर एयर इंडिया एक्सप्रेस की तरफ से भी सफाई आई है. एयलाइन ने X पर टिकट कैंसिल करने का कारण बताया है. पवन खेड़ा के पोस्ट पर जवाब देते हुए एयर इंडिया एक्सप्रेस ने लिखा,

डियर मिस्टर खेड़ा, फ्लाइट IX 1037 आज तय समय पर चली. हमारी वेबसाइट पर सेल्फ-सर्विस ऑप्शन के जरिए बुकिंग कैंसिल की गई थी. प्राइवेसी बनाए रखने और गलत इस्तेमाल से बचने के लिए कृपया PNR, गेस्ट के नाम और कॉन्टैक्ट डिटेल्स जैसी पर्सनल जानकारी पब्लिक में शेयर न करें.

pawan khera
एयर इंडिया एक्सप्रेस की सफाई. (X @AirIndiaX)

बता दें कि साल 2023 से मणिपुर हिंसक गतिविधियों का शिकार रहा है. राज्य में लंबे समय से शांति नहीं है. विपक्षी पार्टियों ने बार-बार केंद्र सरकार के हालात को संभालने के तरीके की आलोचना की है. उन्होंने प्रधानमंत्री से सीधे दखल देने की मांग की है, जबकि सरकार का कहना है कि शांति और सामान्य हालात बहाल करने की कोशिशें चल रही हैं. 4 फरवरी को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के युमनाम खेमचंद सिंह मणिपुर के नए मुख्यमंत्री बने हैं.

वीडियो: पीएम मोदी के विमान ने असम के इमरजेंसी स्ट्रिप पर लैंडिंग की; क्या है इस विमान की खासियत?

Advertisement

Advertisement

()