कॉकरोच जनता पार्टी ने इंस्टाग्राम पर गदर मचा दिया, फॉलोअर्स के मामले में BJP को पछाड़ा
Instagram पर Cockroach Janta Party के 1 करोड़ से अधिक फॉलोअर्स हो गए हैं. मात्र 56 पोस्ट्स के साथ नई-नवेली पार्टी ने BJP, AAP और Trinamool Congress जैसी दिग्गज पार्टियों को सोशल मीडिया पर पछाड़ दिया है.

इन दिनों सोशल मीडिया पर एक की नाम छाया है: कॉकरोच जनता पार्टी. 5 दिन पहले बनी पार्टी ने बीजेपी को पछाड़ दिया है. लेकिन सिर्फ सोशल मीडिया पर. 21 मई की सुबह तक इंस्टाग्राम पर कॉकरोच जनता पार्टी ने 12 मिलियन फॉलोवर्स का नंबर पार कर लिया. इंस्टाग्राम पर बीजेपी के 8.7 मिलियन और कांग्रेस के 13.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं. सिर्फ 5 दिन पुरानी पार्टी ने हजार से लेकर करोड़ों फॉलोअर्स तक का सफर तय कर लिया है.
लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी अचानक से इतनी चर्चा में क्यों आई है. ये समझने से पहले ये जानते हैं कि पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके का क्या कहना है. अभिजीत दीपके कहते हैं,
मैं बता नहीं सकता कि मैं आज कितना खुश हूं. हमने दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी को इंस्टाग्राम पर पीछे छोड़ दिया है. सबसे ज्यादा फॉलोअर्स वाली पार्टी बनने से हम थोड़ा ही दूर हैं. बड़ी पार्टियों को सालों लगे यहां पहुंचने में. उन्होंने हजारों करोड़ खर्च किए होंगे इसके लिए. और आप लोगों ने इनका सबकुछ खत्म कर दिया. आप लोग अभी इतिहास बना रहे हैं. जब इतिहास लिखा जाएगा तो आपलोगों के बारे में भी लिखा जाएगा कि आप लोगों ने इतने संसाधनों वाली पार्टी को 4 दिनों में पीछे छोड़ दिया. ये लोग कहते थे जेन-जी कुछ नहीं कर सकता. लेकिन जेन-जी उन्हें घुटनों पर ला रहा है.
फॉलोअर्स के मामले में कई पार्टियों को पछाड़ाचुनावी हार-जीत से परे अगर सिर्फ सोशल मीडिया, और उसमें भी इंस्टाग्राम फॉलोवर्स की बात करें तो राजनीतिक पार्टियों की लिस्ट में सबसे ज्यादा फॉलोअर्स कांग्रेस पार्टी के है. कांग्रेस पार्टी के 13.3 मिलियन फॉलोअर्स हैं. बाकी पार्टियों के फॉलोअर्स को देखें तो,
- भारतीय जनता पार्टी : 8.7 मिलियन (87 लाख)
- आम आदमी पार्टी : 1.9 मिलियन (19 लाख)
- शिवसेना : 931k (9 लाख, 31 हजार)
- समाजवादी पार्टी : 871k (8 लाख, 71 हजार)
- तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) : 791k (7 लाख, 91 हजार)
- ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस : 537k (5 लाख, 37 हजार)
- तेलुगु देसम पार्टी : 515k (5 लाख, 15 हजार)
- बहुजन समाज पार्टी : 237k (2 लाख, 37 हजार)
- कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) : 235k (2 लाख, 35 हजार)
कॉकरोच जनता पार्टी के सोशल मीडिया अकाउंट की पॉपुलैरिटी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लॉन्च के सिर्फ 78 घंटे के भीतर इसके 3 मिलियन फॉलोअर्स हो गए थे. इसके बाद ये नंबर तेजी से बढ़ता गया और 5 दिनों के भीतर 12 मिलियन के पार पहुंच गई. खास बात ये है कि इस कॉकरोच जनता पार्टी के इंस्टा अकाउंट पर अब तक केवल 56 पोस्ट ही शेयर किए गए हैं. इसके बावजूद इसने कई पुरानी पार्टियों के सोशल मीडिया अकाउंट और उनके इंपैक्ट को चुनौती दे दी है. अगर तुलना करें तो बीजेपी के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज पर अब तक 18 हजार से ज्यादा पोस्ट शेयर की जा चुकी हैं. वहीं कांग्रेस के इंस्टा अकाउंट पर 39 हजार से ज्यादा पोस्ट है.
पार्टी का नारा- सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजीकॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर महाराष्ट्र के अभिजीत दीपके हैं. पार्टी का नारा है- ‘सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी.’ महज एक दिन में ही पार्टी के 4 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर बढ़ चुके हैं. पार्टी फाउंडर अभिजीत दीपके के मुताबिक उन्होंने CJI सूर्यकांत के कॉकरोच वाले बयान के विरोध में पार्टी का नाम कॉकरोच जनता पार्टी रखा है. उनके मुताबिक 15 मई को कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि CJI सूर्यकांत ने एक मामले की सुनवाई के दौरान कुछ बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से की थी. हालांकि 16 मई को CJI ने 'कॉकरोच' वाले बयान पर दी सफाई. उन्होंने मीडिया पर बयान को गलत ढंग से पेश करने का आरोप लगाया.
कॉकरोच पार्टी को 5 वादेकॉकरोच जनता पार्टी खुद को ‘युवाओं का, युवाओं के लिए और युवाओं की ओर से बनाया गया राजनीतिक मंच’ बताता है. इनके पोस्ट बेरोजगारी, राजनीतिक जवाबदेही, परीक्षा पेपर लीक और युवाओं से जैसे मुद्दों पर केंद्रित रहे हैं. यही वजह है कि पार्टी बड़ी संख्या में यूथ को सोशल मीडिया पर अट्रैक्ट कर रही है. इस पार्टी के मेनिफेस्टो में 5 वादे किए है.
- पहला वादा - अगर CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी सरकार में आती है तो रिटायरमेंट के बाद किसी भी CJI को राज्यसभा जाने का रिवॉर्ड नहीं मिलेगा.
- दूसरा वादा - अगर कोई वैध वोट डिलीट किया जाएगा, तो मुख्य चुनाव आयुक्त को UAPA में गिरफ्तार किया जाएगा क्योंकि किसी के वोटिंग का अधिकार छीनना आतंकवाद से कम नहीं.
- तीसरा वादा - महिलाओं के लिए 50% का आरक्षण होगा, न कि 33%. इसके लिए सांसदों की संख्या भी नहीं बढ़ाई जाएगी. कैबिनेट में भी महिलाओं के लिए 50% आरक्षण होगा.
- चौथा वादा - अंबानी और अडानी के सभी मीडिया संस्थानों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे.
- पांचवा वादा - अगर कोई विधायक या सांसद दल बदल कर दूसरी पार्टी में जाता है तो उसके चुनाव लड़ने पर पाबंदी लगाई जाएगी. उसे अगले 20 साल तक किसी भी पब्लिक ऑफिस में पद नहीं दिया जाएगा.
कॉकरोच जनता पार्टी ने अपनी सदस्यता के लिए 4 कैटेगरी रखी हैं. पहली कैटेगरी में आपको बेरोजगार होना चाहिए. दूसरी कैटेगरी में आलसी होना. तीसरी कैटेगरी में ऑनलाइन रहने की लत और चौथी कैटेगरी में प्रोफेशनली भड़ास निकालने की क्षमता होनी चाहिए. अपने यूनिक आईडिया और युवाओं से जुड़े मुद्दे उठाने का दावा करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी अब जमीनी स्तर पर कितना कमाल करती है ये तो चुनाव के वक्त ही पता चलेगा. लेकिन सोशल मीडिया पर पार्टी का फैन बेस तो मजबूत बन गया है. कई नामी सेलेब्स भी उन्हें फॉलो कर रहे हैं. अब देखना होगा कि फैन्स सिर्फ फैन्स हैं या वोटर भी बनेंगे.
वीडियो: कॉकरोच जनता पार्टी में शामिल होने के लिए चाहिए सिर्फ 4 योग्याताएं

