CNG फिर महंगी, दो दिन बाद ही दोबारा बढ़े दाम, कांग्रेस बोली- 'चुनाव खत्म होते ही वसूली चालू'
Delhi-NCR में CNG की कीमत में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है. जानिए नया रेट क्या है.

दिल्ली-NCR वालों को महंगाई ने फिर झटका दिया है. कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमत दो दिन बाद ही दूसरी बार बढ़ गई. रविवार, 17 मई को सीएनजी 1 रुपया प्रति किलो महंगी हो गई. बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में CNG की कीमत 80.09 रुपये किलो पहुंच गई है. वहीं, गाजियाबाद-नोएडा में अब CNG 88.70 रुपये प्रति किलो मिलेगी. यानी गाड़ी चलाना अब और महंगा पड़ेगा. 15 मई को ही CNG में 2 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई थी. लगातार दूसरी बढ़ोतरी से ऑटो, कैब और रोज सफर करने वालों की जेब पर असर साफ दिखेगा.
वेस्ट एशिया में स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान-अमेरिका के तनाव ने फ्यूल सप्लाई की कमर तोड़ दी है. इसका असर पूरी दुनिया में महसूस किया जा रहा है, और भारत भी इससे अछूता नहीं रहा है. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों से तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ रहा है, वहीं गैस सप्लाई में संकट का असर CNG की कीमतों पर भी दिख रहा है.
एक हफ्ते में 3 रुपये महंगी CNGईरान-अमेरिका के बीच तनाव के दरमियान 15 मई को भारत में CNG के दाम 2 रुपये प्रति किलो बढ़ाए गए थे. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, दो दिन बाद 17 मई को 1 रुपया प्रति किलो की बढ़ोतरी और कर दी गई. माने, एक हफ्ते से भी कम में सीएनजी 3 रुपये प्रति किलो महंगी हो गई है. मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने इसे लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है.
कांग्रेस ने मोदी सरकार पर तंज कसाकांग्रेस ने आरोप लगाया कि हाल ही में चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद फ्यूल की कीमत महंगी होने के साथ केंद्र सरकार की वसूली चालू हो गई है. कांग्रेस ने X पर लिखा,
'महंगाई मैन' मोदी का चाबुक फिर चला, CNG के दाम आज फिर बढ़े.
• 15 मई: 2 रुपये
• 17 मई: 1 रुपयाअब तक मोदी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) ने CNG 3 रुपये महंगी कर दी है. चुनाव खत्म होते ही, मोदी की वसूली चालू हो गई.

15 मई को ही देश भर में पेट्रोल और डीजल महंगा हुआ था. चार साल से ज्यादा समय में पहली बार पेट्रोल और डीजल के दाम में इजाफा हुआ था. पेट्रोल का रेट 3.14 रुपये और डीजल का रेट 3.11 रुपये प्रति लीटर बढ़ाया गया था.
इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 97.77 रुपये प्रति लीटर हो गया, जबकि डीजल की कीमत पहले के 87.67 रुपये प्रति लीटर से बढ़कर 90.67 रुपये प्रति लीटर हो गई. वैल्यू-एडेड टैक्स (VAT) में फर्क की वजह से राज्यों में पेट्रोल-डीजल की कीमतें अलग-अलग होती हैं.
वीडियो: पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर अखिलेश यादव ने कहा- 'साइकिल बेहतर'

