चुपचाप जिंदा चूजा निगल गया युवक, दम घुटने से मौत, हजारों पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर भी दंग
मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके गले के पास खड़ा चूजा निकला. गांव वालों ने आशंका जताई है कि युवक ने तंत्र-मंत्र के कारण जिंदा चूजा निगलने का कदम उठाया होगा. डॉक्टर ने इसे एक दुर्लभ मामला बताया.

छत्तीसगढ़ में एक युवक की जिंदा चूजे निगलने के बाद दम घुटने से मौत हो गई. मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके गले के पास खड़ा चूजा निकला. गांव वालों ने आशंका जताई है कि युवक ने तंत्र-मंत्र के कारण जिंदा चूजा निगलने का कदम उठाया होगा.
डॉक्टरों ने दुर्लभ मामला बतायाआजतक से जुड़े सुमित सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना छत्तीसगढ़ के दरिमा थाना क्षेत्र के छिंदकालो गांव की है. यहां 14 दिसंबर को 35 साल के आनंद यादव ने नहाने के बाद खाना खाया. उसके बाद वो चक्कर खाकर गिर गए. परिजन उन्हें अस्पताल ले गए. वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
युवक की मौत की वजह पता नहीं चल रही थी. ऐसे में शव का पोस्टमार्टम करने का फैसला किया गया. डॉक्टरों ने जब शव का पोस्टमार्टम किया तो शुरू में कुछ मालूम नहीं पड़ा. लेकिन जब गले के पास चीरा लगाया गया तो वहां मुर्गे का चूजा निकला. डॉक्टरों के मुताबिक चूजे की लंबाई करीब 20 सेंटीमीटर थी. इसकी तस्वीर भी सामने आई है. वीभत्स होने की वजह से इसे यहां शेयर नहीं किया गया है.
पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर संतू बाग ने इसे दुर्लभ मामला बताया है. उन्होंने कहा, “अब तक 15 हज़ार शवों का पोस्टमार्टम किया है, लेकिन इस तरह का मामला पहली बार सामने आया है.” डॉ बाग ने आगे कहा,
“हमने शव का जब पोस्टमार्टम करना शुरू किया तो सिर, छाती और पेट खोलने के बाद भी कुछ खास पता नहीं चला. लेकिन जब हमने गले को खोला तो हमें एक साबुत चूजा नज़र आया. चूजे का एक हिस्सा मृतक की श्वास नली में और दूसरा हिस्सा खाने की नली में फंसा था.”
मौत का स्पष्ट कारण तो अभी तक मालूम नहीं चला है, लेकिन डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि युवक चूजे को चबाने की जगह निगल गया होगा. इस कारण उसकी दम घुटने से मौत हो गई.
यह भी पढ़ें:बजट फोन लेकर गजब टशन दिखाने वालों से कंपनियों का ये झूठ सहन नहीं होगा
तंत्र-मंत्र का हो सकता है प्रभावडॉक्टरों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दे दी है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. गांव वालों से पूछताछ की जा रही है. वहीं, छिंदकालो गांव के लोगों का कहना है कि आनंद की कोई औलाद नहीं थी. वो पिता बनना चाहता था. आशंका जताई जा रही है कि उसने पिता बनने के प्रयास में तंत्र-मंत्र से जुड़े अनुष्ठान के तहत जिंदा चूजे को निगल लिया हो.
वीडियो: प्रेस कॉन्फ्रेंस में जसप्रीम बुमराह साथी खिलाड़ियों पर क्या बोले, किसे बचाया?

