टोल प्लाजा पर UPI से पैसे दिए, शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ के हत्यारों का अहम सुराग निकला
Chandranath Rath Murder: पुलिस को शक है कि चंद्रनाथ रथ की हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई. हमलावरों को पहले से पता था कि चंद्रनाथ रथ कार में कहां बैठे हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि इस वारदात में करीब 8 लोग शामिल हो सकते हैं.

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ा सुराग मिला है. जांच में पता चला है कि हत्या के बाद आरोपियों ने कोलकाता के पास बाली टोल प्लाजा पर यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस यानी UPI से पेमेंट किया था. अब इसी डिजिटल पेमेंट के जरिए पुलिस हत्या के आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. बुधवार, 6 मई की रात कार में बैठे चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
UPI पेमेंट और CCTV फुटेज से जांच तेजजांच कर रही स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) अब टोल प्लाजा के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने जो UPI पेमेंट किया, उससे उनकी पहचान और भागने का रास्ता पता चल सकता है. इंडिया टुडे से जुड़े तपस सेनगुप्ता की रिपोर्ट के मुताबिक, SIT के एक सीनियर अधिकारी ने कहा,
"लगता है शूटरों को ठीक-ठीक पता था कि टारगेट कहां बैठा है. यह काम फुर्ती से और सोच-समझकर किया गया था."
पुलिस को शक है कि हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की गई. हमलावरों को पहले से पता था कि चंद्रनाथ रथ कार में कहां बैठे हैं. जांच में यह भी सामने आया है कि इस वारदात में करीब 8 लोग शामिल हो सकते हैं. इनमें कुछ लोकल लोग भी हो सकते हैं, जिन्होंने हमलावरों की मदद की.
यूपी-बिहार तक पहुंची जांचपुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई सिल्वर निसान माइक्रा कार और दो बाइक बरामद कर ली हैं. एक बाइक वारदात की जगह से मिली और दूसरी बारासात इलाके से. शुरुआती जांच में पता चला है कि ये कार और बाइक चोरी की थीं. मामले की जांच के लिए पुलिस की टीमें उत्तर प्रदेश और बिहार भी भेजी गई हैं. शक है कि शूटर बाहर से बुलाए गए थे. फिलहाल तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
ऐसे हुई चंद्रनाथ रथ की हत्या4 मई के चुनाव नतीजे में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रचंड बहुमत के साथ तृणमूल कांग्रेस (TMC) को हरा दिया. 207 सीटें जीतकर राज्य में पहली बार BJP को सरकार बनाने का मौका मिला. बुधवार, 6 मई की रात शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ अपनी SUV कार से नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम स्थित घर लौट रहे थे.
यह भी पढ़ें: एयरफोर्स छोड़कर बने शुभेंदु अधिकारी के करीबी, चंद्रनाथ रथ कौन थे जिन्हें बीच सड़क मार दी गोली?
पुलिस के मुताबिक, तभी मध्यमग्राम इलाके में उनके घर से करीब 200 मीटर पहले एक सिल्वर रंग की निसान माइक्रा कार ने उनकी गाड़ी को रोक लिया. जैसे ही कार रुकी, बाइक पर आए बदमाशों ने बहुत करीब से गोलियां चला दीं. गोली लगने से कार में अगली सीट पर बैठे चंद्रनाथ रथ की मौके पर ही मौत हो गई.
चंद्रनाथ रथ भारतीय वायुसेना में सेवा दे चुके थे. उनकी मौत के बाद उनके पार्थिव शरीर को पुरबा मेदिनीपुर जिला स्थित उनके पैतृक गांव कुलुप ले जाया गया, जहां लोगों ने उन्हें आखिरी विदाई दी.
वीडियो: पश्चिम बंगाल में शुभेंदु की शपथ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसके पैर छुए?

