The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • census to be started from next year caste census modi government

अगले साल शुरू हो सकती है जनगणना, जाति जनगणना पर काम की बात पता चली है

Census In India: चार साल की देरी के बाद अब 2025 में केंद्र सरकार अगले साल जनगणना शुरू करा सकती है. विपक्षी दलों की ओर से जातिगत जनगणना की भी मांग हो रही है. लेकिन सरकार ने अभी इसके बारे में फैसला नहीं किया है.

Advertisement
pic
28 अक्तूबर 2024 (पब्लिश्ड: 12:04 PM IST)
census to be started from next year caste census modi government
केंद्र सरकार अगले साल करा सकती है जनगणना (इंडिया टुडे)

केंद्र सरकार की ओर से जनगणना को लेकर बड़ा अपडेट (Census India) सामने आया है. सरकारी सूत्रों की मानें तो अगले साल से जनगणना शुरू हो सकती है. 2025 में शुरू होने वाली जनगणना साल 2026 तक चलेगी. जनगणना साल 2021 में ही होने वाली थी. लेकिन कोरोना महामारी के चलते इसको टालना पड़ा था. 2025 में होने वाली जनगणना के साथ ही इसका चक्र भी बदल जाएगा. अभी तक जनगणना दशक के शुरुआती साल में होती थी. उदाहरण के तौर पर 1991, 2001 और साल 2011 में जनगणना हुई. हालांकि अब 2025 के बाद अगली जनगणना 2035, 2045 और 2055 इस तरह से होगी.

इंडिया टुडे से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट के मुताबिक, जनगणना पूरी होने के बाद लोकसभा सीटों का परिसीमन शुरू होगा. परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने में 2028 तक का समय लगने की संभावना है. कई विपक्षी दलों की ओर से जातिगत जनगणना की भी मांग हो रही है. साथ ही बीजेपी की सहयोगी पार्टियां जैसे जेडीयू और चंद्रबाबू नायडू की टीडीपी ने भी जाति जनगणना कराए जाने की मांग की है. लेकिन सरकार ने अभी इसके बारे में फैसला नहीं किया है.

जनगणना में धर्म और वर्ग पूछा जाता है. साथ ही अनुसूचित जाति और जनजाति की गिनती होती है. सूत्रों के मुताबिक, सरकार इस बार धर्म और वर्ग के साथ-साथ संप्रदाय के आधार पर भी जनगणना की मांग पर विचार कर रही है.  इस बार लोगों से यह भी पूछा जा सकता है कि वे किस संप्रदाय के अनुयायी हैं. उदाहरण के तौर पर कर्नाटक में सामान्य वर्ग में आने वाले लिंगायत खुद को एक अलग संप्रदाय का बताते हैं. इसी तरह अनुसूचित जाति में वाल्मीकि और रविदासी जैसे अलग-अलग संप्रदाय हैं.

ये भी पढ़ें - 'जाति जनगणना होनी चाहिए... ' अब NDA में शामिल चंद्रबाबू नायडू ने भी ताल ठोक दी

साल 2021 में होने वाली जनगणना अब 2025 में शुरू होने की संभावना है. हालांकि अभी जनगणना शुरू होने की तारीख सामने नहीं आई है. लेकिन महारजिस्ट्रार की तैयारियां जारी हैं. जनगणना में दो साल का वक्त लगने की उम्मीद है. जनगणना को लेकर सरकार के स्तर पर कुछ नीतिगत फैसले अभी लिए जाने हैं.

वीडियो: 'जातीय जनगणना सिर्फ गिनती नहीं…', संविधान सम्मेलन में राहुल गांधी का पीएम मोदी पर बड़ा हमला

Advertisement

Advertisement

()