OSM का 'रायता' अधिकारियों तक पहुंचा, CBSE चेयरमैन और सेक्रेट्री पर एक्शन हो गया
15 दिनों से लगातार हो रही फज़ीहत के बीच अब एक्शन हुआ है. जिनपर CBSE को बेहतर ढंग से चलाने का जिम्मा था, उनका तबादला कर दिया गया है. CBSE के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का ट्रांसफर हो गया है. इसके साथ ही मामले की जांच के लिए एक सदस्यीय कमेटी का भी गठन किया गया है.

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) में 'ऑन-स्क्रीन मार्किंग'(OSM) को लेकर चल रहे विवाद के बीच एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. केंद्र सरकार ने CBSE के चेयरमैन राहुल सिंह और सेक्रेट्री हिमांशु गुप्ता का ट्रांसफर कर दिया है. इसके साथ ही सरकार ने OSM सर्विस की खरीद प्रक्रिया की जांच के लिए एक हाई लेवल कमेटी का भी गठन किया है.
इस साल पहली बार CBSE ने छात्र को अपनी स्कैन्ड कॉपी ऑनलाइन देखने की सुविधा दी थी. टेक्निकल शब्दों में इसे OSM यानी ऑन स्क्रीन मार्किंग कहते हैं. लेकिन ऑनलाइन स्कैंड कॉपी सामने आते ही पूरे सिस्टम की पोल खुलने लगी. भुक्तभोगी छात्रों ने बाकायदा स्क्रीनशॉट के साथ दिखाया कि कैसे स्कैन करने में सीरीज ऑफ गड़बड़ी की गई है. छात्रों ने सोशल मीडिया पर OSM प्रॉसेस पर सवाल उठाए. उनकी शिकायतों को दूर करने की बात कही गई थी. अब OSM की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्र सरकार ने OSM सर्विस के खरीद प्रक्रिया की जांच के लिए एक सदस्यीय कमेटी बनाई है. इस कमेटी की जिम्मेदारी रिटायर्ड IAS अधिकारी एस. राधा चौहान को दी गई है. राधा चौहान फिलहाल कैपिसिटी बिल्डिंग कमीशन (CBC) की चेयरपर्सन हैं. यह संस्था देश में सिविल सर्विसेज के स्टैंडर्ड को बढ़ावा देने के लिए बनाई गई है.
कैबिनेट सचिवालय ने 2 जून को एक ऑफिस मेमोरेंडम जारी करते हुए बताया कि कमेटी एक महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) को सौंप देगी. कमेटी की चेयरमैन राधा चौहान जरूरत पड़ने पर दूसरे कार्यालयों के अधिकारियों की मदद ले सकती हैं. इसके साथ ही CBC को भी उनकी मदद करने का आदेश दिया गया है.
ये तो बात हुई एक्शन की, लेकिन फजीहत जारी है. जिन छात्रों को अपनी जांची हुई कॉपी में आपत्ति थी, उनके लिए बोर्ड ने आज दोबारा कॉपी चेक कराने का ऑप्शन खोल दिया है. लेकिन पोर्टल खुलते ही दिक्कतें आनी शुरू हो गईं. सुबह 4 बजकर 42 मिनट पर CBSE ने पोर्टल खुलने की बात लिखी. लेकिन 12 घंटे के भीतर पोस्ट पर 400 से अधिक कॉमेेंट आ गए हैं. पोस्ट के कॉमेंट सेक्शन में शिकायतों का अंबार लगा है. समस्याएं JPG फाइल्स में तैर रही हैं. किसी का सारी डिटेल भरने के बाद लॉगिन नहीं हो रहा तो कोई कह रहा कि दिए गए ऑप्शन ठीक से सिलेक्ट नहीं हो रहे.
वीडियो: CBSE OSM row: CBSE एक Answer Sheet के ₹100 ले रही, क्या है पूरा खेल?

