पीएम मोदी ने Budget 2026 का मकसद 'लक्ष्मी जी' का जिक्र कर बता दिया
Budget 2026: प्रधानमंत्री Narendra Modi ने कहा कि इस बजट में 'Make in India' और 'Atmanirbhar Bharat' अभियान को नई रफ्तार देने के लिए रोड मैप पेश किया गया है.

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 2026 को केंद्रीय बजट 2026-27 पेश किया. सरकार ने इसे देश के विकास के लिए अहम बजट बताया है. बजट पेश होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को संबोधित किया. उन्होंने लोगों के सामने बजट की बड़ी बातों का जिक्र किया. पीएम मोदी ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि "हर घर लक्ष्मी जी पधारें."
पीएम मोदी ने कहा कि यह बजट भारत के उज्ज्वल भविष्य और हर नागरिक की समृद्धि का रास्ता खोलेगा. उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 में विकसित भारत, महिलाओं, युवाओं, किसानों, उद्यमियों आदि पर खास जोर दिया गया है.
बजट पर पीएम मोदी की 10 बड़ी बातें1. नारी शक्ति का सम्मान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बजट 2026-27 एक ऐतिहासिक बजट है, जो नारी शक्ति की मजबूत स्थिति दिखाता है. बतौर महिला वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लगातार नौवीं बार बजट पेश कर एक नया रिकॉर्ड कायम किया. यह बजट महिलाओं को मजबूत करने और उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में अहम कदम है.
2. भारत के 2047 के सपने की नींव
पीएम मोदी ने इस बजट को 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत कदम बताया. उन्होंने कहा कि यह बजट वर्तमान के सपनों को साकार करता है और भारत के उज्जवल भविष्य की ठोस नींव तैयार करता है.
3. ग्लोबल लेवल पर भारत की मजबूत भूमिका
पीएम मोदी ने कहा कि भारत के 140 करोड़ नागरिक 'फास्टेस्ट ग्रोइंग इकॉनमी' (सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था) बनकर ही संतुष्ट नहीं हैं. हम जल्द से जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना चाहते हैं. यह करोड़ों देशवासियों का संकल्प है. हाल में किए गए व्यापार समझौतों और दुनिया भर की अन्य घटनओं से भारत की भूमिका विश्व स्तर पर और अधिक सशक्त हुई है.
दुनिया के एक भरोसेमंद डेमोक्रेटिक पार्टनर और भरोसेमंद क्वालिटी सप्लायर के रूप में भारत की भूमिका लगातार बढ़ रही है. हाल में भारत ने जो 'मदर ऑफ ऑल डील्स' की है, उसका मैक्सिमम बेनिफिट भारत के युवाओं को मिले.
4. 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' का नया रोडमैप
इस बजट में 'मेक इन इंडिया' और 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान को नई रफ्तार देने के लिए रोड मैप पेश किया गया है. नई उभरती हुई इंडस्ट्रीज यानी सनराइज सेक्टर्स को जिस मजबूती के साथ समर्थन दिया गया है, वह अभूतपूर्व है.
पीएम ने बायोफार्मा शक्ति मिशन, सेमीकंडक्टर मिशन 2.0, इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग स्कीम, रेयर अर्थ कॉरिडोर का निर्माण, क्रिटिकल मिनरल्स पर फोकस, टेक्सटाइल सेक्टर में नई स्कीम, हाईटेक टूल मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा और चैंपियन MSME तैयार करने को फ्यूचरिस्टिक बताया. उन्होंने कहा कि यह बजट देश की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को ध्यान रखता है.
5. MSME को बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने बताया कि बजट में छोटे और मझोले उद्योगों (MSME) को लोकल से ग्लोबल बनने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं. इससे इन उद्योगों को और ज्यादा ताकत मिलेगी और वे दुनिया भर के बाजारों में कंपटीशन कर सकेंगे.
6. इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा निवेश
बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने के लिए खास ध्यान दिया गया है. हाई स्पीड रेल, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, देश भर में वाटरवेज का विस्तार, म्युनिसिपल बोंड्स जैसे प्रोजेक्ट्स देश भर में आर्थिक विकास के साथ विकसित भारत बनाने की कोशिश को नई रफ्तार देंगे. इससे लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
7. युवाओं पर खास जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह युवा शक्ति बजट है. इसमें स्किल डेवलपमेंट, इनोवेशन और क्रिएशन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न पहलों का जिक्र किया गया है. मेडिकल हब्स, ऑरेंज इकोनॉमी यानी ऑडियो-विजुअल गेमिंग और खेलो इंडिया जैसी योजनाओं के जरिए युवाओं को नई दिशा मिलेगी. भारत को दुनिया का डाटा सेंटर हब बनाने के लिए टैक्स में बड़ी छूट की घोषणा भी की गई है.
8. महिलाओं को सशक्त बनाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 10 करोड़ से ज्यादा महिलाएं सेल्फ हेल्प ग्रुप (SHGs) से जुड़ीं हैं. पीएम ने कहा कि उनके लिए बजट में कई विशेष योजनाओं का ऐलान किया गया है. खासकर सेल्फ हेल्प ग्रुप्स को बढ़ावा देने के लिए नए उपाय किए गए हैं, ताकि महिलाओं को अपनी आर्थिक स्थिति सुधारने के और ज्यादा मौके मिलें. पीएम मोदी ने कहा,
"कोशिश यही है कि हर घर लक्ष्मी जी पधारें. हर जिले में छात्राओं के लिए नए हॉस्टल बनाने का अभियान भी शिक्षा को सुलभ बनाएगा."
9. कृषि और पशुपालन को तरजीह
भारत के कृषि और डेयरी सेक्टर को इस बजट में बड़ी तरजीह दी गई है. खासकर नारियल, काजू, कोको और चंदन की पैदावार से जुड़े किसानों के लिए अनेक अहम कदम उठाए गए हैं. किसानों के लिए 'भारत विस्तार AI' का ऐलान किया गया है. इससे किसानों को उन्हीं की भाषा में जानकारी मिलेगी. पीएम ने कहा कि फिशरीज और पशुपालन में उद्यमिता को बढ़ावा देने से गांव में ही रोजगार और स्वरोजगार के और ज्यादा अवसर बनेंगे.
10. टूरिज्म और नॉर्थ ईस्ट में विकास
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बजट में टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं, खासकर भारत के नॉर्थ-ईस्ट इलाके पर खास जोर दिया गया है. इससे पर्यटन उद्योग को ताकत मिलेगी और वहां के स्थानीय लोगों को रोजगार के नए मौके मिलेंगे. पीएम ने कहा कि भारत के अलग-अलग राज्यों को ताकतवर बनाकर संतुलित विकास की नींव भी इस बजट में मजबूत की गई है.
वीडियो: Union Budget 2026: बजट की 10 बड़ी घोषणाएं क्या हैं?

.webp?width=60)

