भोपाल का सीरियल ब्लेड अटैकर अरेस्ट, एक रात में 4 महिलाओं पर चलाया कटर, फोन में पोर्न मिला
Bhopal के एडिशनर कमिश्नर अवधेश गोस्वामी ने बताया कि आरोपी देवेंद्र सिकरवार नशा करने के बाद महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाता था. वह तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए आता था और धारदार हथियार से हमला करके मौके से फरार हो जाता था.

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में राह चलती लड़कियों और महिलाओं पर ब्लेड और कटर से हमला करने वाले अपराधी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की जांच में पता चला है कि नशा करने के बाद आरोपी महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाता था. पुलिस ने बताया कि आरोपी के मोबाइल में पोर्न वीडियो मिले हैं.
इंडिया टुडे से जुड़े धर्मेंद्र साहू की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान 37 साल के देवेंद्र अहिरवार के तौर पर हुई है. वह भोपाल के करोंद इलाके का रहता था और मूल रूप से सागर जिले का रहने वाला है. 29 जनवरी की रात को उसने भोपाल के पिपलानी इलाके में तीन और अयोध्या नगर में एक युवती पर कटर से हमला किया था. एक ही रात में चार लड़कियों पर हमले से शहर में दहशत का माहौल बन गया था.
आरोपी देवेंद्र तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए आता था और धारदार हथियार से हमला करके मौके से फरार हो जाता था. पुलिस की जांच में पता चला कि आरोपी इससे पहले सागर जिले में भी पांच से ज्यादा वारदातों को अंजाम दे चुका था. लेकिन वह पुलिस की पकड़ में नहीं आ रहा था.
भोपाल पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 से ज्यादा टीमों का गठन किया था. इसमें करीब 150 पुलिस के जवान थे. उस पर 30 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया. आरोपी की पहचान के लिए 900 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए.
तकनीकी सबूतों और स्केच के आधार पर आरोपी की पहचान की गई. 4 फरवरी को पुलिस को मुखबिरों ने सूचना दी कि आरोपी अयोध्या नगर बायपास के पास कोच फैक्ट्री वाले इलाके में मौजूद है. इसी दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंच कर उसे गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के वक्त आरोपी की गाड़ी से पुलिस ने कटर बरामद किया. भोपाल के एडिशनर कमिश्नर अवधेश गोस्वामी ने बताया,
आरोपी नशा करने के बाद महिलाओं और लड़कियों को निशाना बनाता था. पिपलानी थाना क्षेत्र में उसके पुराने अपराध भी सामने आए हैं. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी का जुलूस भी निकाला है.
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है. उससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने भोपाल के अलावा किन किन शहरों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है. पुलिस ने बताया कि अपराधी की मानसिक स्थिति और उसके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच चल रही है.
वीडियो: VIT भोपाल यूनिवर्सिटी के छात्रों ने प्रशासन पर क्या आरोप लगाए?

.webp?width=60)

