The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • bar dancer turns drug queen narcotics seized drugs worth 6 crore from Mumbai house

बार डांसर से ड्रग नेटवर्क की सरगना, इस महिला ने पुलिस को चौंकाया, घर में मिले करोड़ों के ड्रग्स

पुलिस ने ए. पॉल नाम की एक महिला को भी गिरफ्तार किया है, जो पहले बार डांसर थी. अब ड्रग नेटवर्क की सरगना बन गई है. 6 करोड़ के ड्रग्स उसके घर से मिले हैं.

Advertisement
pic
21 अप्रैल 2026 (अपडेटेड: 21 अप्रैल 2026, 11:18 PM IST)
mumbai drug supply case
ए पॉल नाम की महिला के घर से मिले 6 करोड़ के ड्रग्स (फोटो- India Today)
Quick AI Highlights
Click here to view more

नेस्को ड्रग पार्टी केस की जांच करते हुए मुंबई पुलिस को ऐसी चीज मिली कि उसके भी होश उड़ गए. एक महिला के घर पर 6 करोड़ की कीमत वाले ड्रग्स की पूरी खेप मिली है. इसी महीने की शुरुआत में एक पार्टी में ड्रग्स के ओवरडोज की वजह से दो एमबीए छात्रों की मौत हो गई थी. इसके बाद से ही पुलिस ने मुंबई में ड्रग के खिलाफ अभियान छेड़ दिया था. इसी के सिलसिले में मुंबई के कल्याण इलाके की एक पॉश सोसाइटी में छापेमारी की गई थी, जहां ये 6 करोड़ की कीमत के ड्रग्स मिले. 

बरामद ड्रग्स की क्वांटिटी और क्वालिटी देखकर पुलिस को शक है कि इसका इंटरनेशनल कनेक्शन भी हो सकता है. इसके साथ पुलिस ने ए. पॉल नाम की एक महिला को भी गिरफ्तार किया है, जो पहले बार डांसर थी. अब ड्रग नेटवर्क की सरगना बन गई है. ड्रग्स उसी के घर से मिले हैं.

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरे मामले की शुरुआत साकीनाका में एक रेड से हुई. ड्रग्स के खिलाफ अभियान चलाते हुए पुलिस ने यहां इरफान अंसारी नाम के शख्स को गिरफ्तार किया. उसके पास 200 एक्स्टेसी गोलियां मिलीं. एक्सटेसी एक सिथेंटिक यानी कृत्रिम नशीली दवा है, जो उत्तेजना बढ़ाने के काम आती है. रेव पार्टियों में अक्सर इसका इस्तेमाल किया जाता है. भारत में ये बैन है और इसकी खरीद-फरोख्त पर रोक लगी है. इरफान अंसारी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उससे काफी पूछताछ की. इसमें एक और व्यक्ति सूफियान का नाम सामने आया.

सूफियान भी इस ड्रग रैकेट का अहम सदस्य था. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई और कल्याण के टिटवाला इलाके में पहुंच गई. पुलिस ने यहां तीन दिन टेक्निकल सर्विलांस लगाकर आरोपियों पर लगातार नजर रखी. इसके बाद ए पॉल नाम की एक महिला पकड़ में आई. शनिवार, 19 अप्रैल की रात को पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा. यहां उसने भारी मात्रा में करोड़ों की कीमत के ड्रग्स छिपा रखे थे.

बरामद नशीली दवाओं में एक्स्टेसी गोलियों पर ‘Mercedes’ और ‘Dollar’ के निशान बने थे. ऐसे ही निशान वाली गोलियां पहले नेस्को ड्रग पार्टी केस में भी मिली थीं. इससे ड्रग्स के इंटरनेशनल सप्लाई नेटवर्क का शक और मजबूत हो गया है.

पुलिस को ए पॉल के पास से 5 मोबाइल फोन और 7-8 सिम कार्ड भी मिले हैं. जांच में पता चला कि वह अलग-अलग नंबरों का इस्तेमाल करती थी ताकि पुलिस उसे ट्रैक न कर सके. अब पुलिस इन सभी डिवाइस का डेटा खंगाल रही है, जिससे इस नेटवर्क के बाकी लोगों और बड़े सप्लायर्स का पता चल सकता है. 

कौन है ए पॉल?

शुरुआती जांच में पता चला कि ए पॉल पहले डांस बार में काम करती थी. धीरे-धीरे वो ड्रग्स सप्लाई के धंधे में उतर गई और बड़ा नेटवर्क खड़ा कर लिया. उसकी दो बार शादी हो चुकी है. उसके एक पति का भी आपराधिक रिकॉर्ड बताया जा रहा है.

वीडियो: कोलकाता के इस दुकान पर बना पहला रसगुल्ला

Advertisement

Advertisement

()