The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • ATM In train trial panchavati Express witnessed first cash on wheels service maharashtra

अब चलती ट्रेन में मिलेगा कैश, भारत में पहली बार ट्रेन में लगी ATM मशीन

Indian Railways ATM News: महाराष्ट्र की एक ट्रेन में ATM लगाया गया है. पंचवटी एक्सप्रेस के एसी कोच में एटीएम मशीन लगाई गई है. कैसा नतीजा देखने को मिला? इसे लेकर आगे की बड़ी योजना क्या है? इस बारे में रेलवे ने सब बताया है.

Advertisement
pic
16 अप्रैल 2025 (पब्लिश्ड: 12:34 PM IST)
ATM in Train
पंचवटी एक्सप्रेस के एसी कोच में एटीएम (Photo: India Today)
Quick AI Highlights
Click here to view more

बहुत सारा पैसा साथ लेकर चलना मुश्किल है. डिजिटल पेमेंट (Digital Payment) के दौर में तो लोग थोड़ा पैसा भी लेकर नहीं चलना चाहते. इस चक्कर में कई बार ऐसा होता है कि बैंक अकाउंट में होकर भी जेब में पैसे नहीं होते. सोचिए कि आप ट्रेन में हैं. जरूरत की कोई चीज खरीदनी है और आपके पास कैश नहीं है. डिजिटल पेमेंट एप यूज करते होंगे तो क्यूआर कोड स्कैन करके पैसे दे देंगे. लेकिन उन लोगों का क्या जो इतना डिजिटल नहीं हो पाए और जो ऑनलाइन पेमेंट नहीं कर पाते. ऐसे लोगों की सुनी है भारतीय रेलवे ने. अब ट्रेनों में भी एटीएम की व्यवस्था की जा रही है. कार्य भी प्रगति पर है. मंगलवार को पंचवटी एक्सप्रेस में इसका एक्सपेरिमेंट भी कर लिया गया है.

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, नासिक के मनमाड से मुंबई के बीच एक ट्रेन चलती है- पंचवटी एक्सप्रेस. मंगलवार को इस ट्रेन के एसी कोच के अंदर देश के पहले एटीएम का सफल परीक्षण किया गया. रेलवे अधिकारियों ने बताया कि एक-दो जगहों को छोड़कर हर जगह ट्रायल सफल रहा. ट्रेन जब इगतपुरी और कसारा के बीच से गुजर रही थी, तब कुछ देर के लिए मशीन से सिग्नल चला गया. इन इलाकों में कई सुरंगे भी हैं. इस इलाके को नो-नेटवर्क जोन के रूप में जाना भी जाता है.

भुसावल डीआरएम इति पांडे ने TOI को बताया,

ट्रायल के नतीजे शानदार रहे. लोग अब चलती ट्रेन में भी पैसे निकाल सकेंगे. एटीएम मशीन ट्रेन के अंदर काम कर रही है या नहीं, इसकी लगातार निगरानी की जाती रहेगी.

रेलवे के भुसावल डिवीजन और बैंक ऑफ महाराष्ट्र के आपसी सहयोग से यात्रियों के लिए ये सुविधा तैयार की गई है. पंचवटी ट्रेन में इस एटीएम का उपयोग आसानी से किया जा सकता है. किसी भी डिब्बे में आप बैठे हों, एटीएम तक आसानी से जा सकते हैं क्योंकि ट्रेन के सभी 22 कोच वेस्टिबुल (Vestibules) के जरिए जुड़े हैं.

इंडिया टुडे से जुड़ी रिपोर्टर ऐश्वर्या पालीवाल ने इसका एक वीडियो साझा किया है. इसमें ट्रेन के डिब्बे में लगा एटीएम दिख रहा है. उन्होंने बताया कि प्रयोग के तौर पर मनमाड से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पंचवटी एक्सप्रेस में एटीएम मशीन लगाई गई है. अगर प्रयोग सफल रहा तो ट्रायल के बाद एटीएम की औपचारिक शुरुआत की जाएगी.

बताया गया कि पंचवटी एक्सप्रेस का रेक (Rack) 12071 मुंबई-हिंगोली जनशताब्दी एक्सप्रेस के साथ भी जुड़ता है. ऐसे में ये मशीन मनमाड-नासिक रूट से आगे हिंगोली तक के यात्रियों के लिए भी उपलब्ध रहेगी. अधिकारियों ने कहा कि अगर ऑन-बोर्ड एटीएम सर्विस पॉपुलर हो जाती है तो इसे दूसरी ट्रेनों में भी बढ़ाया जा सकता है.

वीडियो: सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार को लगाई फटकार, अस्पताल का होगा लाइसेंस रद्द!

Advertisement

Advertisement

()