आतिशी बनीं विधानसभा में विपक्ष की नेता, दिल्ली में पहली बार किसी महिला को मिला ये पद
Atishi Leader of Opposition in Delhi: AAP की बैठक में उसके सभी 22 विधायकों के साथ संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे. इसी बैठक में ये फैसला लिया गया.

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी (Atishi) अब विधानसभा में विपक्ष की नेता बन गई हैं. उन्हें विपक्ष के विधायक दल का नेता चुन लिया गया है. आतिशी दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की पहली महिला नेता होंगी. आम आदमी पार्टी (AAP) की बैठक में उनको सर्वसम्मति से चुन लिया गया. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के सामने उनको एक मजबूत महिला चेहरे के रूप में पेश करने की तैयारी है. आतिशी को कालकाजी सीट से जीत मिली है.
विधायक दल की बैठक में AAP के सभी 22 विधायकों के साथ संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे. इस बार चुनाव में AAP के अधिकतर बड़े नेताओं की हार हो गई थी. इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और सौरभ भारद्वाज का नाम भी शामिल है.
दिल्ली शराब नीति मामले में केजरीवाल को पांच महीने तक जेल में रहना पड़ा था. इस दौरान आतिशी ने पार्टी की कमान संभाली. वो भाजपा और कांग्रेस पर लगातार निशाना साध रही थीं. केजरीवाल जब जेल से बाहर आए तो उन्होंने CM पद से इस्तीफा दे दिया और आतिशी मुख्यमंत्री बन गईं.
इस चुनाव में आतिशी ने कालकाजी सीट पर भाजपा नेता रमेश बिधूड़ी को हराया. आतिशी को करीब 3500 वोटों से जीत मिली. कांग्रेस नेता अलका लांबा भी इसी सीट से चुनाव मुकाबले में उतरी थीं. उनकी बहुत बुरी हार हुई. लगभग चार हजार वोट ही मिले थे. 2020 के चुनाव में भी इस सीट पर आतिशी को ही जीत मिली थी.
दिल्ली विधानसभा का अगला सत्र 24 फरवरी से शुरू होगा. ये सेशन तीन दिनों तक चलेगा. भाजपा सरकार ने कहा है कि इस सेशन में AAP सरकार से जुड़ी पेंडिंग CAG रिपोर्ट को सदन में पेश किया जाएगा. CAG रिपोर्ट पर आतिशी का बयान भी आया है. उन्होंने कहा है,
CAG रिपोर्ट को मैंने ही विधानसभा स्पीकर को भेजा था. भाजपा झूठ फैला रही है कि इन रिपोर्टों को वो सदन में ला रहे हैं. ये रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में विधानसभा को दी गई है. भाजपा ये भ्रम फैला रही है कि ये फैसला उन्होंने लिया है. रिपोर्ट में जो भी कहा गया है, उसे लोगों तक पहुंचना चाहिए. ऐसी रिपोर्ट पेश करना एक रेगुलर प्रोसेस है.
उन्होंने आगे कहा कि BJP अगर उनकी सरकार की ओर से शुरू किए कामों को बंद करेगी, तो वो सदन से लेकर सड़क तक इसका विरोध करेंगी.
वीडियो: सीएम बनते ही रेखा गुप्ता को आतिशी ने क्या याद दिला दिया?


