'अशोक खरात ने मेरी गर्भवती पत्नी के साथ...', आरोपी धर्मगुरु के कर्मचारी का गंभीर आरोप
आरोप लगाने वाले कर्मचारी का कहना है कि अशोक खरात ने ये भी दावा किया था कि वो बच्चे का जेंडर भी तय कर सकता है. यानी लड़का होगा या लड़की ये तय करना उसके हाथ में है.

स्वयंभू धर्मगुरु अशोक खरात (Ashok Kharat) के दफ्तर में 6 हजार रुपये की नौकरी करने वाले एक कर्मचारी ने उस पर गंभीर आरोप लगाया है. अपनी शिकायत में कर्मचारी ने कहा कि अशोक खरात ने उनकी गर्भवती पत्नी के साथ यौन शोषण किया था. पुलिस को दिए अपने बयान में कर्मचारी ने बताया कि खरात ने उनकी पत्नी को अपने पास लाने के लिए कहा था. उसने दावा किया था कि उन्हें सेहतमंद बच्चा होने के लिए वह एक ‘खास पूजा-पाठ’ करेगा.
इतना ही नहीं, खरात ने कथित तौर पर ये भी दावा किया था कि वो बच्चे का जेंडर भी तय कर सकता है. यानी लड़का होगा या लड़की ये तय करना उसके हाथ में है. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कर्मचारी ने आगे बताया कि जब वो अपनी पत्नी को खरात के पास लेकर गए तो उसने उन्हें कमरे से बाहर जाने को कहा. बाद में जब उनकी पत्नी खरात से मिलकर कमरे से बाहर आई तो काफी परेशान लग रही थी. उन्होंने इसकी वजह पूछी तो पत्नी ने बताया कि अशोक खरात ने कमरे में उसे गलत तरीके से छुआ था. इस घटना के बाद से वो एक महीने तक डिप्रेशन में रही.
बता दें कि खरात को 35 साल की एक महिला को नशील पदार्थ खिलाकर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया है. दो और महिलाओं ने भी खरात के खिलाफ बयान दिए हैं. पुलिस ने उसके खिलाफ जांच और तेज कर दी है. बताया जा रहा कि मामले में और भी पीड़ित महिलाएं सामने आ सकती हैं.
मामला सामने आने के बाद खरात के घर छापेमारी में पुलिस को एक पेन ड्राइव मिली, जिसमें 58 अश्लील वीडियो क्लिप्स मिले हैं. आशंका है कि इसमें कई हाई प्रोफाइल महिलाओं और सेलिब्रिटीज के वीडियो हो सकते हैं. जांच में ये भी सामने आया है कि खरात का एक पूर्व कर्मचारी महिलाओं को आपत्तिजनक तस्वीरें भेजकर उनसे पैसे उगाहता था.
अशोक खरात पर ये भी आरोप है कि पैसे वाले लोगों को अपने बनाए मंदिर में बुलाता था और उसने रुपये ऐंठता था. इसके अलावा इमली के बीजों से पॉलिश किए गए नकली रत्नों को ‘सिद्घ’ बताकर उसे लाखों रुपयों में बेचता था. आईपीएस अफसर तेजस्विनी सतपुते के नेतृत्व वाली विशेष जांच टीम (एसआईटी) उसके खिलाफ जांच कर रही हैं.
वीडियो: अमेरिका ने ईरान पर हमले रोकने का ऐलान किया, ट्रंप ने क्या कंडीशन रखी?

.webp?width=60)
