अमरावती स्कैंडल: किराए के कमरे में बनते थे सेक्स वीडियो, अयान के अलावा इन लोगों के नाम सामने आए
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में चल रहे एक सेक्स स्कैंडल का खुलासा हुआ है. मामले में 4 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं. बाकी की तलाश जारी है. महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले में आगे की जांच के लिए स्पेशल इंवेस्टिगेटिव टीम (SIT) का गठन किया है. इस टीम में 47 लोगों को जगह मिली है, जिसका नेतृत्व IPS शुभम कुमार करेंगे.

महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाड़ा में एक सेक्स स्कैंडल का खुलासा हुआ है. पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो और आरोपियों की तलाश जारी है. इसके अलावा पुलिस कुछ और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है. आरोपियों पर लड़कियों का यौन शोषण करने और उनका अश्लील वीडियो शूट करने का आरोप है.
अमरावती ग्रामीण पुलिस ने परतवाड़ा और अचलपुर इलाके के रहने वाले चार आरोपियों- अयान अहमद, उजैर खान, मोहम्मद साद और तरबेज खान को सेक्स स्कैंडल मामले में गिरफ्तार किया है. इन पर अमरावती शहर पर किराए पर एक कमरा लेकर लड़कियों का यौन शोषण करके उनके अश्लील वीडियो बनाने का आरोप है. इस मामले में पुलिस ने अब तक 8 पीड़िताओं की पहचान की है. वहीं 3 और पीड़िताओं के पुलिस के सामने आने की संभावना बताई गई है. इनकी पहचान गुप्त रखी जाएगी.
मामले में अब तक कि जांच में पता चला है कि आरोपियों ने अमरावती शहर में एक कमरा किराए पर लिया था. इसी कमरे में बुलाकर लड़कियों का यौन शोषण किया जाता था और अश्लील वीडियो शूट किए जाते थे. पुलिस ने उस व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है, जिसने यह कमरा उपलब्ध कराया था. शुरुआती जांच में जिन दो पीड़िताओं के वीडियो सामने आए हैं, वो इसी कमरे में शूट किया गया था.
स्थानीय पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 मोबाइल फोन, लैपटॉप और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए हैं. इसमें मौजूद वीडियोज की जांच की जा रही है. पुलिस ने बताया कि कुछ वीडियो डिलीट कर दिए गए थे. उनको रिकवर करने की कोशिश की जा रही है.
आगे की जांच के लिए SIT गठित
महाराष्ट्र सरकार ने इस मामले में आगे की जांच के लिए स्पेशल इंवेस्टिगेटिव टीम (SIT) का गठन किया है. इस टीम में 47 लोगों को जगह मिली है, जिसका नेतृत्व IPS शुभम कुमार करेंगे. टीम में महिला अधिकारी और पुलिस के सीनियर कर्मचारियों को जगह मिली है. SIT आरोपियों से पूछताछ के आधार पर घटनास्थल का रीक्रिएशन भी करेगी, ताकि पूरे मामले को बेहतर ढंग से डिकोड किया जा सके.
पुलिस ने 15 अप्रैल को तीन आरोपियों उजैर खान, मोहम्मद साद और तरबेज खान को ट्रायल कोर्ट में पेश किया. कोर्ट ने इन तीनों को 21 अप्रैल तक की पुलिस कस्टडी में भेज दिया है. इससे पहले कोर्ट ने मामले के मुख्य आरोपी अयान अहमद को 21 अप्रैल तक के लिए पुलिस कस्टडी में भेजा था.
वीडियो: अमरावती में पूर्व सांसद नवनीत राणा पर फेंकी गई कुर्सियां, किसने किया हमला?


