अमरोहा में एक दुल्हन से शादी करने पहुंचे दो दूल्हे, पुलिस ने फैसला लड़की पर छोड़ा
अमरोहा में एक दुल्हन के घर दो-दो बारात पहुंच गईं. फूलों से सजी कार में शेरवानी पहने दो-दो दूल्हे ‘द्वारपूजा’ का इंतजार कर रहे थे कि 'अगवानी' के लिए पुलिस आ गई.

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक लड़की के निकाह पर गजब तमाशा हुआ. दुल्हन एक थी और निकाह करने दो दूल्हे बारात लेकर दरवाजे पर पहुंच गए. फूलों से सजी कार में शेरवानी पहने दूल्हे ‘द्वारपूजा’ की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन यहां तो 'अगवानी' के लिए पुलिस आ गई. ये पुलिस दुल्हन के परिवार ने ही बुलाई थी क्योंकि शादी तो एक ही दूल्हे से हो सकती थी. लेकिन यहां तो दोनों ही खुद को असली दूल्हा बता रहे थे. मामला इतना पेचीदा था कि पुलिस भी इसे सुलझा नहीं पा रही थी. अंत में उन्होंने दुल्हन के परिवार पर फैसला छोड़ दिया.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना अमरोहा के भोजघर की है. यहां एक लड़की का निकाह होना था. दुल्हन का परिवार बारात का इंतजार कर रहा था. कैलसा बाईपास के पास एक बैंक्वेट हॉल में दुल्हन के परिवार और रिश्तेदार बारात के स्वागत की तैयारियों में जुटे थे. तभी सीन में गजब का ट्विस्ट आ गया. बैंक्वेट हॉल के गेट पर एक नहीं बल्कि दो बारातें आ धमकीं. दोनों तरफ बैंड-बाजा की धुनें थीं. दोनों तरफ बाराती सज-धजकर आए थे. दोनों तरफ शेरवानी पहने दूल्हे भी थे, लेकिन सवाल था कि इनमें से दुल्हन किस दूल्हे की है?
घटना को सामने से देखने वाले बताते हैं कि दो-दो बारात आने के बाद मौके पर टेंशन वाला माहौल बन गया. दोनों पक्षों में गरमागरम बहसें शुरू हो गईं. बात हाथापाई तक आ गई. हालात और बिगड़ने की आशंका देखते हुए दुल्हन के परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दे दी. पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे तो उन्हें वहां दो-दो दूल्हे इंतजार करते दिखे. पूरा मामला जानने के लिए पुलिस ने तीनों पक्षों से बात की. फिर जो सच सामने आया वो सुनकर पुलिस का भी दिमाग चकरा गया.
पता चला कि अमरोहा की लड़की की शादी पहले मुरादाबाद के एक लड़के से तय हुई थी. उससे सगाई भी हो गई थी. कार्ड भी छप गए थे. तैयारियां पूरी हो गई थीं. लेकिन ऐन वक्त पर दोनों परिवारों में अनबन हो गई और शादी टूट गई. आमतौर पर यहां कहानी खत्म हो जानी थी, लेकिन पिक्चर अभी बहुत बाकी है.
शादी कैंसिल होने के बाद भी मुरादाबाद के परिवार ने फैसला किया कि कार्ड छप गए हैं तो वो बारात लेकर तय तारीख पर लड़की के घर जाएंगे. इधर दुल्हन के परिवार को लगा कि खर्चा बहुत हो गया है. शादी की तैयारी एकदम पूरी हो गई है. बस दूल्हा कैंसिल हो गया है. ऐेसे में आनन-फानन में संभल के एक लड़के से लड़की की शादी तय की गई. वो भी उसी तारीख को, जिस पर पहले वाले से शादी के कार्ड छपे थे.
फिर इसी तारीख पर संभल और मुरादाबाद दोनों जगहों के दूल्हे बारात लेकर अमरोहा आ धमके. परिवार के सामने अब जटिल समस्या आ गई कि क्या किया जाए. इधर दोनों दूल्हा पक्ष में कहासुनी शुरू हो गई. तनाव और बढ़ता, इससे पहले दुल्हन पक्ष ने पुलिस को फोन कर दिया.
पुलिस आई. उसने तीनों पक्षों को बैठाकर समझाया और अंत में फैसला दुल्हन की मर्जी पर छोड़ दिया. फैसला आया संभल वाले दूल्हे के पक्ष में. लड़की ने उसी से शादी करना तय किया. इसके बाद वही हुआ, जो होना था. संभल वाला लड़का दुल्हन विदा करके अपने घर ले गया. उधर मुरादाबाद वाले दूल्हे को अपनी बारात के साथ बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा.
वीडियो: उस्मान तारीक ने डैरिल मिशेल पर किस बात का गुस्सा निकाला? सोशल मीडिया पर दिया मैसेज

