2 दिन में 2 रेप किए, पता लगा कैसे 4 लेयर की सिक्योरिटी तोड़ IRS की बेटी तक पहुंचा था राहुल मीणा
Delhi IRS Daughter Rape and Murder Case: राहुल मीणा पर एक नहीं दो रेप और एक मर्डर का आरोप है. दिल्ली आने से एक रात पहले उसने अपने पड़ोस में रहने वाली महिला के साथ कथित तौर पर रेप किया था. CCTV फुटेज और चश्मदीदों से पूछताछ के आधार पर आरोपी को एक होटल से गिरफ्तार कर लिया गया है. 4 लेयर की पासकोड वाली सिक्योरिटी भेदने को लेकर भी सब पता लगा.

22 अप्रैल को दिल्ली की अमर कॉलोनी में IRS अधिकारी की बेटी की हत्या और रेप के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. अब पता चला है कि आरोपी पर एक नहीं, दो रेप के आरोप हैं. आरोप है कि दिल्ली आने से एक रात पहले उसने अपने पड़ोस में रहने वाली महिला के साथ कथित तौर पर रेप किया था. पुलिस ने बताया कि आरोपी ने हत्या करने के बाद घर की अलमारी से 2.5 लाख रुपये भी चुराए थे. CCTV फुटेज और चश्मदीदों से पूछताछ के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
इंडिया टुडे से जुड़े अंशुल सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी का नाम राहुल मीणा है, जिसकी उम्र 23 साल है. वो राजस्थान के अलवर का रहने वाला है. इसपर दो दिन में दो रेप और एक मर्डर का आरोप है. दिल्ली में जिस महिला का मर्डर हुआ, उसके कपड़े भी फटे हुए और आधे उतरे हुए मिले थे. शव फर्श पर गिरा मिला था. आरोप है कि मोबाइल के चार्जर केबल से गला कसकर मारा गया है.
पीड़िता इंजिनीयरिंग कर चुकी थी और UPSC की तैयारी कर रही थी. उसकी उम्र करीब 22 साल है. IRS अधिकारी के परिवार से पता चला कि पीड़िता जिस कमरे में थी. उस कमरे तक पहुंचने में 4 लेयर सिक्योरिटी को क्रॉस करना पड़ता है.
4 लेयर की सिक्योरिटी कैसे भेदी?रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल अधिकारी के घर में डोमेस्टिक हेल्प के तौर पर करीब एक-डेढ साल तक काम कर चुका है. मुमकिन है कि कॉलोनी के गार्ड्स उसको जानते थे. वो घर के सिक्योरिटी कोड्स जानता था. साथ में उसे ये भी पता था कि दूसरे डोमेस्टिक हेल्पर्स के लिए चाभियां कहां रखी जाती हैं. जिस वजह से वो आराम से विक्टिम तक पहुंच गया.
IRS अधिकारी ने एक दूसरे अधिकारी की सिफारिश पर उसे काम पर रखा था. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑनलाइन गेम खेलता था और सट्टा लगाता था. इसके लिए वो आस-पड़ोस के हाउस हेल्प से कर्ज लेता था और अधिकारी के साथ भी फर्जीवाड़ा करता था. अधिकारी उसे दवा लाने के लिए पैसे देते थे. लेकिन वो पैसे अपने पास रख लेता था और उनके नाम पर दुकान से उधार दवाई ले आता था. अधिकारी के परिवार को उसकी हरकतों के बारे में पता चल गया. इसलिए उन्होंने उसे नौकरी से निकाल दिया.
इंडियन एक्सप्रेस ने एक केमिस्ट के हवाले से बताया कि राहुल उनसे दवा खरीदता था. लेकिन पैसे नहीं देता था. वो देखने में शांत लगता था और बातें भी अच्छी करता था. इसलिए उसपर लोगों को आसानी से विश्वास हो जाता था और उधार मिल जाता था.
पुलिस ने कैसे पकड़ा?घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था. पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए CCTV फुटेज का इस्तेमाल किया. 22 तारीख को वो बिल्डिंग में सुबह के 6.30 पर घुसा था. पीली शर्ट और काली पैंट पहने था. दूसरी फुटेज में राहुल 7.22 पर बाहर निकलता नज़र आया. दूसरे कपड़ों के साथ. येलौ फुल स्लीव टी-शर्ट और सफेद पैंट के साथ. यानी वो घर के अंदर करीब एक घंटा रहा. और इसी बीच उसने कपड़े भी चेंज किए. सूत्रों के मुताबिक, उसके पास एक ब्लैक बैग भी था. वो वापस एक ऑटो में गया था. पुलिस ने पहले ऑटो ड्राइवर को पकड़ा जिससे पता चला कि वो किसी होटल में ठहरा था. फिर पुलिस ने उसे द्वारका के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया.
वीडियो: असम में लड़की से गैंगरेप के मामले में लोगों ने पुलिस से क्या मांग की?


