'मेरे साथ सोने पर लिखूंगा FIR', रेप पीड़िता से सिपाही की डिमांड, सस्पेंड हो गए
आरोप लगाने वाली महिला पहले से ही रेप पीड़िता है. उसकी शिकायत की जांच के दौरान नगला पटवारी चौकी पर तैनात दीवान इमरान ने पीड़िता को बुलाया. इसके बाद वो पीड़िता को लगातार परेशान करने लगा.

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में पुलिस के सिपाही पर एक रेप पीड़िता ने गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता का कहना है कि उसका मुकदमा लिखने के बदले सिपाही इमरान खान ने कथित तौर पर उससे शारीरिक संबंध बनाने को कहा था. इतना ही नहीं, उसने युवती से अश्लील फोटो भी मांगी थी. मामला सामने आने के बाद आरोपी सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया है. आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पीड़िता का आरोप है कि क्वारसी थाना इलाके के नगला पटवारी चौकी पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल इमरान खान ने मदद के नाम पर उसके साथ अश्लील बातें कीं और उसे होटल में आने को कहा. घटना के बाद पीड़िता ने एसएसपी अलीगढ़ से शिकायत की, जिसके बाद इमरान को सस्पेंड कर जांच शुरू कर दी गई. आरोप लगाने वाली महिला रेप पीड़िता है और इसी केस के सिलसिले में उसका इमरान से संपर्क हुआ था.
उसने बताया कि जीशान नाम के एक युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ रेप किया था. इसकी शिकायत युवती ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी. शिकायत की जांच के दौरान नगला पटवारी चौकी पर तैनात दीवान इमरान ने पीड़िता को बुलाया. इसके बाद वो पीड़िता को लगातार परेशान करने लगा. आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक उसने पीड़िता को व्हाट्सएप पर कॉल कर प्राइवेट तस्वीरें भेजने को कहा. साथ ही उसने ईद पर कपड़े दिलाने के बहाने उस पर होटल चलने का दबाव भी बनाया. पीड़िता के मुताबिक इमरान ने उससे कहा,
“तू भी मुसलमान है, मैं भी मुसलमान हूं. तुझे मेरे कमरे पर आकर सोना पड़ेगा. तभी तेरे केस में कार्रवाई होगी. नहीं तो मैं तुझे ही केस में फंसा कर जेल भेज दूंगा.”
पीड़िता ने दीवान इमरान के साथ हुई इस बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया. इसके बाद उसने ये पूरी कॉल रिकॉडिंग एसएसपी को सौंप दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल एक्शन लेते हुए मुख्य आरक्षी इमरान को सस्पेंड कर दिया है. इसके अलावा क्वारसी थाने में उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज करवाया गया है.
वीडियो: अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन में महिला यात्री से रेप करने वाले TTE के साथ क्या हुआ?

.webp?width=60)
