'CM आवास में है शिवलिंग, वहां भी हो खुदाई...'- मंदिर-मस्जिद विवाद पर अखिलेश ने कसा तंज
Akhilesh Yadav Press Conference: अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कई जगह खुदाई हो रही है. मुख्यमंत्री आवास में भी एक शिवलिंग है. वहां भी खुदाई होनी चाहिए.

यूपी में मंदिर-मस्जिद के विवाद को लेकर अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर हमला बोला है. अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में कई जगह खुदाई हो रही है. मुख्यमंत्री आवास में भी एक शिवलिंग (Akhilesh Yadav CM Yogi Residence) है. वहां भी खुदाई होनी चाहिए. अखिलेश यादव ने आगे कहा कि सीएम योगी को अपनी रेखाएं दिखवा लेनी चाहिए. कहीं उनके हाथ में विकास की नहीं, विनाश की रेखा हो.
अखिलेश यादव ने रविवार, 29 दिसंबर को समाजवादी पार्टी के कार्यालय से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा. कुंभ की तैयारियों पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा,
“कुंभ में सरकार को सहयोग करने के लिए हम तैयार हैं. कुंभ संपन्न हो और अच्छी तरह से संपन्न हो, इसके लिए समाजवादी लोग सहयोग करने को तैयार हैं. लेकिन बिजली का काम अधूरा है, ब्रिज का काम अधूरा है. विपक्ष की जिम्मेदारी बनती है कि सरकार को कठघरे में खड़ा करे. सरकार ने अपने पत्रकार भेजकर रियलिटी चेक करवा दिया, तो हमने भी अपने PDA पत्रकार से रियलिटी चेक करवाया है.”
बीते शनिवार, 28 दिसंबर को सीएम योगी ने गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई BJP नेताओं को कुंभ आने का निमंत्रण दिया था. इस पर अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा,
"कुंभ में निमंत्रण नहीं दिया जाता है. कुंभ में लोग अपने आप आस्था से आते हैं. मैं किसी के बारे में कुछ कहना नहीं चाहता. हमने अपने धर्म में सीखा और पढ़ा है कि ऐसे आयोजनों में लोग खुद आते हैं. जो करोड़ों लोग आएंगे, क्या उन्हें निमंत्रण दिया जाता है? ये सरकार अलग है."
ये भी पढ़ें- क्षत्रिय, आदिवासी और ब्राह्मण के बाद राजभर समुदाय के हुए हनुमान, ओपी राजभर ने भगवान की जाति बता दी
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि सरकार जानबूझकर ध्यान भटकाने के लिए नए-नए तरीके अपना रही है. जगह-जगह खुदाई करवा रही है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आवास के नीचे शिवलिंग है, जो उनकी जानकारी में है. इसकी भी खुदाई होनी चाहिए. अखिलेश ने कहा कि प्रदेश की जनता के भविष्य के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए. आज की पीढ़ी को नौकरी और रोजगार की जरूरत है.
वीडियो: संसद में आज: गुस्साए गडकरी ने किसे दी धमकी, राहुल गांधी के साथ क्यों नहीं अखिलेश?

