The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • India
  • Akhilesh Yadav 100 MLAs Offer to BJP Leaders to become Chief Minister Yogi Adityanath Japan Visit

'सौ विधायक लाओ, सपा से सीएम बन जाओ... ', योगी जापान गए, अखिलेश का ऑफर आ गया

Akhilesh Yadav 100 MLA Offer: अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायकों को 100 विधायकों को लाकर 'मुख्यमंत्री' बनने का ऑफर दिया. अखिलेश ने BJP विधायकों को समझाया कि ऑफर का फायदा उठाने का यह बेहतरीन मौका है.

Advertisement
pic
pic
मौ. जिशान
| संतोष शर्मा
23 फ़रवरी 2026 (पब्लिश्ड: 12:50 PM IST)
Akhilesh Yadav, Akhilesh Yadav 100 MLAs offer, 100 MLAs offer, Samajwadi Party, Samajwadi Party press conference, Yogi Adityanath, Yogi Adityanath japan visit
पूर्व CM अखिलेश यादव (बाएं) ने BJP विधायकों को तीसरी बार दिया ऑफर. (PTI)
Quick AI Highlights
Click here to view more

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी को जापान दौरे के लिए रवाना हो रहे थे, तभी समाजवादी पार्टी (SP) के मुखिया अखिलेश यादव ने पिटारे से पुराना ऑफर निकाल लिया. पूर्व सीएम ने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायकों को 100 विधायकों के बदले 'मुख्यमंत्री' बनने का ऑफर दिया. अखिलेश ने BJP विधायकों को समझाया कि ऑफर का फायदा उठाने का यह बेहतरीन मौका है.

22 फरवरी को लखनऊ में पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए सूबे के दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक की चुटकी ली. उन्होंने कहा कि दोनों ही मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं. इंडिया टुडे से जुड़े संतोष शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, मीडिया से बात करते हुए अखिलेश कहते हैं,

"आज लगता है वे (सीएम योगी आदित्यनाथ) भारत की धरती से उड़ गए हैं. हम लोग ऑफर देते हैं. वो ऑफर दोबारा रिवाइव करते हैं. 100 विधायक लाइए और मुख्यमंत्री बन जाइए."

इस बीच एक पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए अखिलेश ने कहा,

“मन तो दोनों का ही है. जो लाएगा वो पाएगा. जो नहीं लाएगा, वो क्या पाएगा? 100 का ऑफर फिर हो गया. इससे अच्छा मौका और क्या मिलेगा?”

पूर्व सीएम ने आगे कहा कि यह ऑफर केवल एक हफ्ते के लिए है. इसके बाद ऑफर खत्म हो जाएगा. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, SP प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने पुष्टि की कि अखिलेश यादव का ऑफर दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक के लिए है. उन्होंने यह भी कहा कि BJP का कोई भी नेता, जो अपनी सरकार से नाराज है, वो इस ऑफर का फायदा उठा सकता है.

हालांकि, राजेंद्र चौधरी ने यह भी कहा कि अखिलेश ने यह बात 'मजाक में' कही थी. अखिलेश के ताजा ऑफर पर BJP भी चुप नहीं बैठी. BJP प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने ऑफर पर बात करते हुए अखिलेश को 'पोगो का कैरेक्टर' करार दिया. उन्होंने कहा,

"अखिलेश यादव अब राजनेता कम और पोगो सीरियल के पात्र ज्यादा नजर आते हैं. जब वे टीवी पर आते हैं तो उत्तर प्रदेश की जनता उनको देखकर मुस्कुराने लगती है कि अब वे कोई ना कोई हंसी वाली बातें करेंगे. अब वे हंसी के पात्र बनते जा रहे हैं. अखिलेश जी, उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने वाले कई वर्षों तक रहने वाली है."

उन्होंने आगे कहा कि अखिलेश यादव के बयान से साफ हो गया कि उन्होंने अपनी हार स्वीकार कर ली है. उन्होंने दावा किया कि अखिलेश के ऑफर को जनता गंभीरता से नहीं ले रही है. 403 सदस्यों वाली उत्तर प्रदेश विधानसभा में सिर्फ BJP और SP के पास ही 100 से ज्यादा विधायक हैं. यह तीसरी बार है जब अखिलेश ने ऐसा ऑफर दिया है. अखिलेश 2022 और 2024 में भी यह ऑफर निकाल चुके हैं.

वीडियो: यूपी के बदायूं में 3 मुस्लिमों की पिटाई करने वाले के साथ क्या हुआ?

Advertisement

Advertisement

()