दिल्ली एयरपोर्ट पर खड़े विमान को दूसरे विमान ने मारी टक्कर, वीडियो में क्या दिखा?
घटना में दोनों विमानों को मामूली नुकसान हुआ है. अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू कर दी है.

दिल्ली एयरपोर्ट पर 16 अप्रैल के दिन दो विमानों की टक्कर हुई है. बताया गया है कि स्पाइसजेट का एक विमान ग्राउंड मूवमेंट करते वक्त अकासा एयरलाइन के विमान से टकरा गया. घटना में दोनों विमानों को मामूली नुकसान हुआ है. अधिकारियों ने इसकी जांच शुरू कर दी है.
घटना के बाद एक वीडियो भी सामने आया है. इसमें स्पाइसजेट के विमान का एक विंग डैमेज दिखाई दे रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल एक अन्य वीडियो में अकासा फ्लाइट का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त दिखाई दे रहा है. इससे लगता है कि एक विमान ग्राउंड मूवमेंट के दौरान दूसरे विमान के पिछले हिस्से से टकराया होगा.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक टक्कर में स्पाइसजेट के विमान नंबर B737-700 को नुकसान हुआ है. वहीं अकासा फ्लाइट का लेफ्ट स्टैबिलाइजर क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के तुरंत बाद स्पाइसजेट फ्लाइट की गतिविधि को रोक दिया गया है.
अकासा एयरलाइन ने बयान जारी कर बताया कि उसकी फ्लाइट संख्या QP 1406 दिल्ली से हैदराबाद का सफर करती है. घटना के वक्त विमान ऑपरेट नहीं हो रहा था. कंपनी ने बयान में कहा, "शुरुआती जानकारी से लगता है कि दूसरे एयरक्राफ्ट से टक्कर लगते वक्त अकासा का विमान खड़ा हुआ था."
एयरलाइन ने साफ किया कि घटना में किसी भी यात्री और क्रू सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है. ग्राउंट टीमों ने यात्रियों को हैदराबाद पहुंचाने के लिए दूसरे प्रबंध करना शुरू कर दिया है.
उधर, स्पाइसजेट ने भी घटना की पुष्टि की. कंपनी ने कहा कि टक्कर में उसका विमान शामिल था. फिलहाल उसे ग्राउंड कर दिया गया है.
इस बीच सूत्रों ने इंडिया टुडे को बताया DGCA को घटना की जानकारी दे दी गई है. ग्राउंड पर मौजूद चीफ सेफ्टी इंजीनियर ने प्राथमिक रिपोर्ट कंपाइल करके अथॉरिटी को भेज दी है. DGCA के अधिकारियों दोनों विमान का निरीक्षण कर रहे हैं.
इससे पहले बीती 3 फरवरी को मुंबई एयरपोर्ट पर इसी तरह के हादसे में इंडिगो और एयर इंडिया के विमान डैमेज हो गए थे. तब दोनों विमानों की विंगटिप टकराई थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना के वक्त दोनों विमानों में यात्री सवार थे. हालांकि किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा था.
वीडियो: दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग हुई

