'खीरू का डोसा' खाने के बाद दो बच्चियों की मौत, पेरेंट्स की हालत गंभीर, दुकानदार क्या बोला?
Two Kids die after eating dosa: गुजरात के अहमदाबाद में दो बहनों की कथित तौर पर डोसा खाने के बाद मौत हो गई. मृतकों के माता-पिता का प्राइवेट अस्पताल में इलाज जारी है. दोनों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है.

गुजरात के अहमदाबाद स्थित चांदखेड़ा के एक परिवार की दो बच्चियों की कथित तौर पर डोसा खाने के बाद मौत हो गई. बच्चियों का नाम राहा और मिसरी हैं. उनके पिता विमल और मां भावना का प्राइवेट अस्पताल में इलाज जारी है. दोनों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है.
परिवार के लोगों का आरोप है कि घर के पास वाली दुकान से खरीदे गए खीरू (पेस्ट) का डोसा बनाकर खाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी. अभी तक आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं हुई है कि बेटियों की मौत और उनके माता-पिता की गंभीर हालत डोसा खाने के कारण हुई है या नहीं. अहमदाबाद नगर निगम के फूड विभाग और पुलिस ने दुकान से सैंपल लेकर जांच के लिए खाद्य एवं सुरक्षा प्रयोगशाला (FSL) को भेजे हैं.
इंडिया टुडे के पत्रकार अतुल तिवारी की रिपोर्ट के मुताबिक, एक बच्ची की मौत 4 अप्रैल को हुई. दूसरी बच्ची ने 5 अप्रैल को दम तोड़ा. बच्चियों के दादा गौरीशंकर प्रजापति का कहना है,
“1 अप्रैल के दिन रात 8 बजे उनका बेटा विमल घर के पास स्थित घनश्याम डेयरी से खीरू लाया था. जिसका डोसा बनाकर बेटे, उसकी पत्नी और चार साल की बेटी ने खाया था. लेकिन दूसरे दिन उन सभी को उल्टियां होने लगीं. इलाज के लिए उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया. ”
मामले पर चांदखेड़ा पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर जेके मकवाना ने कहा, मारुति प्लाजा रेसीडेंसी में रहने वाले एक परिवार की डोसा खाने के बाद तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली थी. दो बच्चियों की मौत हो गई है. 4 साल की बेटी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. जिस दुकान से खीरू लिया गया था उसका सैंपल जांच के लिए FSL को भेजा है. FSL और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने तक कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी.
वहीं घनश्याम डेयरी के मालिक केतन भाई ने कहा,
“1 अप्रैल को हमने 100 किलो से भी ज्यादा खीरू बेचा. हमने सीसीटीवी निकालकर उन परिवार से संपर्क किया था, जिन्होंने खीरू खरीदा. लेकिन किसी और से हमें कोई शिकायत नहीं मिली. हम खीरू खुद ही बनाते हैं. इसलिए खीरू बनाने में किसी भी तरह की गड़बड़ी होना संभव ही नहीं है. अगर कुछ भी गड़बड़ होता तो एक परिवार के अलावा बाकी के परिवार जो खीरू उस दिन खरीदकर गए, उनकी भी किसी प्रकार की शिकायत होनी चाहिए थी. पर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है.”
अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के फूड विभाग के अधिकारी डॉक्टर तेजस शाह ने बताया कि पुलिस के निर्देशों के अनुसार घनश्याम डेयरी से सैंपल एकत्र किए हैं. एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही साफ तौर पर कुछ कहना संभव होगा. नगर निगम के मुताबकि, परिजनों ने बताया कि डेयरी से 3 किलो खीरू खरीदा गया था. उसमें से सिर्फ 300 ग्राम खीरू का इस्तेमाल किया गया.
वीडियो: ट्रंप की धमकी पर ईरान की कितनी तैयारी? कौन-से ठिकाने निशाने पर?

.webp?width=60)
