3 साल का बच्चा कार में लॉक हो गया, तपती गर्मी में गाड़ी के अंदर ही मौत हो गई
Jodhpur 3 year old died in car: राजस्थान के जोधपुर में एक 3 साल के बच्चे की कार में लॉक होने से मौत हो गई. बच्चा कथित तौर पर घर के बाहर खड़ी गाड़ी में घुस गया था, जो अंदर से लॉक हो गई थी. जब उसे ढूंढ़ना शुरू किया, तो वो कार के अंदर बेहोशी की हालत में मिला.

राजस्थान के जोधपुर में एक 3 साल के बच्चे की कार में दम घुटने से मौत हो गई. बच्चा कथित तौर पर घर के बाहर खड़ी गाड़ी में घुस गया और करीब एक-डेढ़ घंटे तक कार में ही लॉक रहा. उसे बाहर निकालने के लिए आसपास कोई नहीं था. और वो भट्टी जैसे बन चुके केबिन में ही काफी देर तक बंद रहा.
जब परिजनों ने उसे ढूंढना शुरू किया, तो वो सीट पर बेहोशी की हालत में मिला. आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान हितार्थ जांगिड़ के रूप में हुई है. उसके पिता विष्णु जांगिड़ बेंगलुरु के कर्नाटक में काम करते हैं. और कुछ दिन पहले ही जोधपुर में परिवार संग एक आयोजन का हिस्सा बनने के लिए आए थे.
इंडिया टुडे से जुड़े अशोक शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, 30 अप्रैल को बिलाड़ा कस्बे स्थित पंचोलियों के रहने वाले विष्णु जांगिड़ के घर पर उनके छोटे बेटे का मुंडन संस्कार, गणगौर उद्यापन का आयोजन होना था. घर में आयोजन की तैयारी चल रही थी. सब इसमें व्यस्त थे. इसी बीच घर से करीब 300 मीटर दूर खड़ी कार में हितार्थ जाकर बैठ गया. और गाड़ी अंदर से लॉक हो गई.
शुरुआत में किसी ने उस पर ध्यान नहीं दिया. मगर जब 1 घंटे से ऊपर का समय हो गया और हितार्थ कहीं नहीं दिखा, तो परिवार ने उसे ढूंढना शुरू किया. तलाशी के बीच वो कार के अंदर बेहोशी की हालत में मिला. बच्चे के मिलते ही परिजन उसे तुरंत हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि गाड़ी का इस्तेमाल बार-बार सामान लाने के लिए किया जा रहा था. इस बीच उसका दरवाजा खुला रह गया और हितार्थ उसमें बैठ गया.
बिलाड़ा थानाधिकारी (प्रोबेशनर RPS) जगविंदर सिंह ने बताया कि कार में बच्चे का दम घुटने से मौत हो गई थी. परिजनों ने बच्चे का पोस्टमार्टम नहीं करवाया. मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया है.
कार में दम घुटने के मामले पर एमडीएम अस्पताल के अधीक्षक डॉ विकास राजपुरोहित ने बताया कि धूप में कांच हीट को कैद कर कार को ओवन जैसा बना देता है. इससे तापमान बढ़ता है. 45 डिग्री का तापमान बंद कार में कही ज्यादा घातक हो जाता है. सफोकेशन के साथ साथ हीटस्ट्रोक की आशंका रहती है, जो जानलेवा हो सकती है.
वीडियो: 1 मई को टिकट खिड़की पर होगा क्लैश, एक साथ 8 फिल्में हो रही रिलीज

