खराब सिम कार्ड से बनाया 26 लाख का सोना, वायरल वीडियो में क्या दिखा?
चीन में एक शख्स ने खराब सिम कार्ड के इस्तेमाल से 191 ग्राम सोना निकाला. उसने बताया कि इतना सोना निकालने में उसे करीब 2 टन इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट लगे. वायरल वीडियो में क्या दिखा?

क्या आप जानते हैं कि जिस सिम कार्ड को आप कचरा समझकर फेंक देते हैं उसमें सोने की खदान छिपी होती है? सुनने में बेतुकी सी बात लग सकती है, मगर ऐसा है नहीं. चीन के एक शख्स ने इस सोने की खदान को खंगाला और 191 ग्राम सोना बना डाला. बिल्कुल प्योर गोल्ड. भारतीय मुद्रा के मुताबिक़, निकाले गए सोने की कीमत तकरीबन 26 लाख रुपये है. लेकिन सिम कार्ड से सोना कैसे बनाया?
चीन के ग्वांगडोंग प्रांत के हुईझोउ में रहने वाले किआओ ने ये कारनामा कर दिखाया. 20 जनवरी को इंटरनेट पर एक वीडियो वायरल हुआ. वीडियो में शख्स ने दावा किया कि उसने सिम कार्ड से 191 ग्राम तक सोना निकाला है. उन्हें ‘मॉडर्न अलकेमिस्ट’ कहा जाने लगा. वीडियो देखने के बाद लोगों के मन में जिज्ञासा बढ़ी. लोगों ने ज़्यादा सिम कार्ड खरीदने शुरू कर दिए. इस उम्मीद में कि वो भी सोना निकाल पाएंगे. लेकिन यहीं पर गाड़ी में आता है रोचक मोड़.
मार्केट में जो सिम कार्ड आते हैं उनमें करीब 0.001 ग्राम सोना होता है. दिखने में ये प्रोसेस एकदम सिंपल दिखाई पड़ता है. घर का एक कोना है. कुछ पुराने इस्तेमाल किये हुए सिम कार्ड दिख रहे हैं. एकदम DIY सेटअप है. लेकिन आसान से दिखने वाला ये प्रोसेस थोड़ा पेचीदा है.
किआओ ने एक चीनी अखबार को बताया कि उन्होंने 191 ग्राम सोना निकालने के लिए 2 टन इलेक्ट्रॉनिक वेस्ट का इस्तेमाल किया था. इसमें सिम कार्ड के अलावा गोल्ड प्लेटेड चिप का भी इस्तेमाल किया. गोल्ड बनाने के लिए पहले वेस्ट को प्रोसेस कर तेज़ आंच पर गलाकर गोल्ड मड बनाया जाता है. उसके बाद इस मड को रिफाइन कर सॉलिड में कन्वर्ट किया जाता है तब जाकर सोना बनता है.
किआओ ने आगाह किया कि सिम कार्ड से सोना बनाना इतना आसान भी नहीं है. कोरोशन का खतरा होता है. एक भी स्टेप अगर मिस कर दिया तो खेल ख़त्म. अगर किआओ के जितना सोना निकालना है तो लाखों के सिम कार्ड की ज़रूरत पड़ेगी.
रिपोर्ट के मुताबिक़, इस प्रोसेस में एक लिक्विड का इस्तेमाल होता है-एक्वा रेजिया. इसमें नाइट्रिक और हाइड्रोक्लोरिक एसिड का मिश्रण होता है. इसे 'रॉयल वॉटर' भी कहा जाता है. विशेषज्ञों ने बताया कि अगर pH या तापमान का संतुलन बिगड़ा तो ज़हरीली गैस या घातक केमिकल रिएक्शन हो सकते हैं. इस एक्सपेरिमेंट में जान भी जा सकती है.
वीडियो: पाकिस्तान की 'नापाक हरकत' का पर्दाफाश, भारतीय सिम कार्ड को बना रहा था हथियार

.webp?width=60)

