The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Fact Check
  • war of words between Tejashwi and Giriraj Singh after tweeting the edited video

गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव को चिढ़ाया, तेजस्वी ने कहा - "इतना बेशर्म मत बनिए"

तेजस्वी यादव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल.

Advertisement
pic
12 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 12 अगस्त 2022, 02:37 PM IST)
giriraj-singh-tejashwi-yadav-nitish-kumar
गिरिराज सिंह और तेजस्वी यादव के बीच ट्विटर पर जुबानी जंग.
Quick AI Highlights
Click here to view more
दावा

बीजेपी (BJP) से गठबंधन टूटने के बाद बिहार (Bihar) में नई सरकार चुकी है. इस नई सरकार के मुखिया हैं नीतीश कुमार (Nitish Kumar), जो पिछली सरकार में भी सीएम थे. लेकिन गठबंधन के साथी और डिप्टी सीएम बदल चुके हैं. महागठबंधन की सरकार में तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) उपमुख्यमंत्री हैं और अब लोग उन्हें उनका पुराना वादा याद दिला रहे हैं. वादा था सरकार बनते ही 10 लाख रोजगार देने का और इसे 2020 में विधानसभा चुनाव के दौरान किया गया था. विपक्ष के नेता भी 10 लाख रोजगार को लेकर तेजस्वी यादव पर हमलावर हैं. इन सबके बीच तेजस्वी यादव के इंटरव्यू की एक क्लिप वायरल हो रही है, जिसमें उनसे 10 लाख रोजगार को लेकर सवाल किया गया है. जवाब में तेजस्वी कहते हैं,

'जब हमने 10 लाख रोजगार का वादा किया था तो बोला था कि मुख्यमंत्री बनेंगे तब करेंगे. अभी तो हम उपमुख्यमंत्री हैं.'

21 सेकेंड की इस क्लिप को बीजेपी नेता और केन्द्रीय मंत्री शांडिल्य गिरिराज सिंह ने ट्वीट कर लिखा, (आर्काइव)

10 लाख रोजगार देने का जो हमने वादा किया था वह हम मुख्यमंत्री बनने पर पूरा करेंगे अभी तो हम उपमुख्यमंत्री हैं.


वीडियो को ट्वीट कर बिहार बीजेपी ने पूछा,  (आर्काइव)

क्या हुआ तेरा वादा,
वो कसम वो इरादा...

इनके अलावा दिल्ली बीजेपी प्रवक्ता अजय सेहरावत और अलग-अलग सोशल मीडिया यूज़र्स ने वायरल वीडियो को शेयर किया है.

पड़ताल

सबसे पहले हमने ट्विटर पर कीवर्ड्स की मदद से वायरल वीडियो के असली वर्जन को खोजने की कोशिश की. इस दौरान हमें पत्रकार उमाशंकर सिंह का 11 अगस्त, 2022 का ट्वीट मिला. गिरिराज सिंह के ट्वीट को कोट रीट्वीट करते हुए उमाशंकर सिंह ने 1 मिनट 50 सेकेंड की क्लिप ट्वीट की है. ट्वीट के कैप्शन में सिंह ने लिखा,

इस इंटरव्यू में 10 लाख रोज़गार को लेकर तेजस्वी यादव की पूरी बात ये है
“10 लाख रोज़गार का वादा हमने मुख्यमंत्री बनने पर की थी. अभी हम उप-मुख्यमंत्री है लेकिन मुख्यमंत्री जी ने हमसे चर्चा की है और वे गंभीर हैं इस बात को लेकर और उन्होंने निर्देश दिए हैं”

यहां से क्लू लेकर हमने वायरल वीडियो के लंबे वर्जन को zee news के यूट्यूब चैनल पर सर्च किया. सर्च से हमें 11 अगस्त, 2022 को अपलोड हुआ तेजस्वी यादव का इंटरव्यू मिला. कुल 6 मिनट 19 सेकेंड के इंटरव्यू में 1 मिनट 14 सेकेंड पर तेजस्वी यादव से 10 लाख रोजगार के वादे पर सवाल पूछा जाता है. जवाब में तेजस्वी कहते हैं,

'2020 में हमारा मुद्दा रहा और अभी तक हमारा मुद्दा है. बेरोजगारी सही मायने में सबसे बड़ी समस्या बिहार की ही नहीं बल्कि पूरे देश की है. केन्द्र सरकार तो नौकरियां खा गई, सब कुछ खत्म कर दिया. कारखाने बंद हो गए, कुछ नहीं मिल रहा लोगों को. तो आप ये कह सकते हैं कि वो 10 लाख का जो वादा हमने किया था, उस कमिटमेंट को हम लोग पूरा करेंगे. जो वादा जब 10 लाख का हमने किया था तो बोला था जब मुख्यमंत्री बनेंगे तब करेंगे, अभी तो हम उप-मुख्यमंत्री हैं. लेकिन मुख्यमंत्री जी ने हमसे चर्चा की है, वो गंभीर हैं इस मामले को लेकर. तो ज्यादा से ज्यादा नौकरियां देने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है. एक बार ट्रस्ट वोट होना है, एक बार ट्रस्ट वोट हो जाए, सरकार बन जाए. उसके बाद ये काम लोगों के लिए होगा, जरूर होगा और सब लोग गंभीर हैं. हमारे हाथों नहीं तो नीतीश कुमार जी के हाथों होगा, उससे कोई फर्क नहीं पड़ता. मुख्यमंत्री जी करेंगे तो हमें और खुशी होगी.'

गिरिराज सिंह के ट्वीट के बाद तेजस्वी यादव का भी ट्वीट सामने आया. तेजस्वी ने वीडियो के लंबे वर्जन को ट्वीट कर लिखा, 

श्रीमान जी, इतना बेशर्म मत बनिए. एक फुट लंबी चोटी रखने से कोई ज्ञानी नहीं बन जाता, जैसे आप रखते है. आप लोगों की इन चिरकुट हरकतों, Edited Videos व सड़क छाप बयानों की बदौलत ही भाजपा की यह दुर्दशा है. इन बेचारों का बिहार में कोई चेहरा ही नहीं.
बाकी इस पूरे Video को सुन ख़ुशी मनाइए.

नतीजा

कुल मिलाकर तेजस्वी यादव की जिस क्लिप को गिरिराज सिंह और अन्य बीजेपी नेताओं ने शेयर किया है वो अधूरी है. असल में तेजस्वी यादव ने अपने पूरे बयान में 10 लाख रोजगार देने की बात कही है लेकिन एडिटेड वीडियो को देखकर ऐसा लग रहा है कि मानो तेजस्वी अपनी बात से मुकर गए हों.

पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें. 

ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.

वीडियो: बिहार में सरकार गिरी तो अखिलेश ने आंदोलन का जिक्र क्यों छेड़ा?

Advertisement

Advertisement

()