The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Fact Check
  • video threatening to kill if stopped by theft of electricity is from Pakistan

बिजली चोरी कर मरने या मारने की धमकी वाले वीडियो का सच ये निकला!

धमकी भरे वीडियो को भारत का बताकर शेयर किया जा रहा है.

Advertisement
pic
1 अगस्त 2022 (अपडेटेड: 1 अगस्त 2022, 03:49 PM IST)
pakistan-bijli-chori-maulana-muslim
वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट्स.
Quick AI Highlights
Click here to view more
दावा

'बिजली चोरी करूंगा, बिल भी नहीं दूंगा और अगर तार हटाए तो मरूंगा या मारूंगा.' इस दावे के साथ सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. 33 सेकेंड के इस वीडियो में भीड़ के बीच दो लोग आपस में बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं. दोनों में से एक शख्स जब सामने वाले व्यक्ति से पूछता है कि अगर हम बिजली का मीटर लगाएंगें तो आप क्या करेंगे? इस पर सामने वाला व्यक्ति जवाब देता है कि मरूंगा या मारूंगा. सोशल मीडिया यूज़र्स बिजली चोरी से रोकने पर जान की धमकी देने वाले इस वीडियो को भारत से जोड़कर शेयर कर रहे हैं.

ट्विटर यूज़र @coolfunnytshirt ने वीडियो ट्वीट कर कैप्शन अंग्रेजी में लिखा, जिसका हिन्दी अनुवाद है- (आर्काइव)

तो, हमारे देश के 'डरे हुए' 'अल्पसंख्यक' अब 'बिजली चोरी' भी नहीं कर सकते? क्या यही है 'आइडिया ऑफ इंडिया'? एक समाज के तौर पर हम किस ओर जा रहे हैं?

@coolfunnytshirt के ट्वीट का स्क्रीनशॉट.

लेखक तारेक फ़तेह ने वायरल वीडियो ट्वीट कर लिखा,

भारत में इस्लामिक मौलवी बिजली चोरी करते पकड़ा गया है. अधिकारियों द्वारा पकड़े जाने पर, वह किसी को भी जान से मारने की धमकी देता है जो उसकी बिजली आपूर्ति को बंद करने की बात करता है.

तारेक फ़तेह के ट्वीट का स्क्रीनशॉट. Twitter/@zoo_bear


हालांकि थोड़ी देर बाद तारेक फ़तेह ने जिस ट्वीट को कोट रीट्वीट किया थो वो डिलीट हो चुका था.

फेसबुक पर भी ये वीडियो इसी दावे के साथ खूब वायरल है.

फेसबुक पर वायरल वीडियो.
पड़ताल

वायरल वीडियो का सच जानने के लिए 'दी लल्लनटॉप' ने पड़ताल की. हमारी पड़ताल में वीडियो के साथ किया जा रहा दावा भ्रामक निकला. वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है.

सबसे पहले हमने उर्दू में कुछ कीवर्ड्स (بجلی مرونگا یا مرو) लिखकर फेसबुक पर वायरल वीडियो के बारे में सर्च किया. सर्च से हमें फेसबुक पेज Baldia Town Karachi पर 3 जुलाई 2021 का फेसबुक पोस्ट मिला, जिसमें वायरल वीडियो को देखा जा सकता है. इस पोस्ट में वीडियो की लोकेशन कराची बताई गई है.

फेसबुक पेज पर मौजूद वायरल वीडियो.

यहां से क्लू लेकर हमने वायरल वीडियो के बारे में अपनी पड़ताल जारी रखी. इसके बाद फेसबुक पर हमें पाकिस्तानी न्यूज़ चैनल ARY News के आधिकारिक पेज पर वायरल वीडियो से जुड़ी 28 जुलाई 2020 की रिपोर्ट मिली. रिपोर्ट के मुताबिक, 

'कराची में कुंडा लगाकर बिजली चोरी करने वाले शहरी अताउर रहमान को के-इलेक्ट्रिक ने रंगे हाथों पकड़ा तो शहरी धमकियों पर उतर आया. शहरी ने अमले को धमकी दी कि मर जाऊंगा या मारूंगा, कुंडा हटाने नहीं दूंगा. के-इलेक्ट्रिक ने वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया.'  

ARY News के फेसबुक पेज पर मौजूद वीडियो.

इसके बाद हमने के-इलेक्ट्रिक का ट्विटर अकाउंट चेक किया. K-Electric Ltd ने वायरल वीडियो को 27 जुलाई 2020 को अपने ट्विटर से ट्वीट किया था. के-इलेक्ट्रिक पाकिस्तान में बिजली उपलब्ध कराने वाली एक प्राइवेट कंपनी है.


घटना के बारे में और अधिक सर्च करने पर हमें न्यूज़ वेबसाइट urdupoint.com पर 31 जुलाई 2020 की रिपोर्ट मिली. रिपोर्ट के मुताबिक, 

'कराची समेत पूरे पाकिस्तान में बिजली चोरी और कुंडा कल्चर एक बड़ी समस्या बन चुका है. इस कारण से कई बिजली कंपनियां घाटे में चल रही हैं. हाल में एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें एक व्यक्ति कह रहा है कि NEPRA की तरफ से ऑर्डर है कि आप अपना बिजली मीटर लगवाएं. इतना सुनते ही सामने वाला शख्स भड़क उठता है और कहता है बिल नहीं दूंगा, फिर चाहे इसके लिए किसी को मारूंगा या मरूंगा.'

जानकारी के लिए आपको बता दें कि NEPRA यानी National Electric Power Regulatory Authority एक पाकिस्तानी संस्था है, जिसके जिम्मे पाकिस्तान में बिजली आपूर्ति को रेगुलेट करने का काम आता है.

नतीजा

हमारी पड़ताल में वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा भ्रामक साबित हुआ. वीडियो पाकिस्तान का है और इसका भारत से कोई लेना-देना नहीं है. दो साल पुराना यह वीडियो इससे पहले भी भारत में बिजली चोरी के दावे से वायरल हुआ था.

पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें. 

ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.

वीडियो: लुलु मॉल में नमाज़ पढ़ने के आरोप में हिन्दुओं की गिरफ्तारी का सच

Advertisement

Advertisement

()