दूल्हे की जगह प्रेमी भर गया दुल्हन की मांग, वीडियो देखा है तो सच भी जान लें!
वीडियो में स्टेज पर एक युवक दूल्हन की मांग में सिंदूर भर रहा है.

दूल्हा, दुल्हन और प्रेमी. इन तीन किरदारों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. वीडियो में स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन बैठे हैं और अचानक से एक युवक दोनों के पीछे आकर खड़ा हो जाता है. देखते ही देखते युवक दुल्हन की मांग में सिंदूर भरने लगता है और एक-एक करके कुल पांच बार सिंदूर लगा देता है. इसके बाद युवक दुल्हन को धीरे से अपने साथ ले जाता है. इस पूरे घटनाक्रम में एक बार भी दूल्हे की नज़र युवक पर नहीं पड़ी और वह लगातार दूसरी तरफ देखता रहता है. अब सोशल मीडिया यूज़र्स इस 22 सेकेंड के वीडियो को सच्ची घटना समझकर शेयर कर रहे हैं.
IPS रुपिन शर्मा ने वायरल वीडियो ट्वीट कर कैप्शन, (आर्काइव)
सावधानी हटी, दुर्घटना घटी.

फेसबुक पेज 'ये बनारस है' ने वायरल वीडियो शेयर कर लिखा,
देखा भाय हम अपने बियाह में Z+ सिक्योरिटी लेके जाब ...!

इसके अलावा Zee News और Times Now Hindi और asianetnews की वेबसाइट ने वायरल वीडियो को लेकर खबर पब्लिश की है.
पड़ताल'दी लल्लनटॉप' ने वायरल वीडियो का सच जानने के लिए पड़ताल की. हमारी पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक निकला. वायरल वीडियो का असल घटना से कोई संबंध नहीं है.
सबसे पहले हमने वायरल वीडियो को की-फ्रेम्स में तोड़ा. इसके बाद एक फ्रेम को रिवर्स इमेज सर्च टूल की मदद से इंटरनेट पर खोजा. सर्च से हमें वायरल वीडियो से मिलते-जुलते यूट्यूब शॉर्ट्स Ashish Mishra नाम के यूट्यूब चैनल पर मिले.

इन सभी अलग-अलग शॉर्ट वीडियो में एक ही तरह की स्क्रिप्ट है. दूल्हा-दुल्हन स्टेज पर हैं और पीछे से एक युवक आकर दुल्हन की मांग में सिंदूर भर देता है. अगर इनकी टाइमलाइन देखें तो एक नियमित अंतराल के बाद इस तरह के स्क्रिप्टेड शॉर्ट्स चैनल पर अपलोड किए गए हैं.

शॉर्टस के अलावा इसी कास्ट के साथ चैनल पर 10 मिनट तक के वीडियो भी डाले गए हैं. वीडियो में कलाकार मैथिली भाषा में बातचीत कर रहे हैं और अधिकतर वीडियो के टाइटल में Maithali Comedy लिखा हुआ मिलता है.
वीडियो के बारे में अधिक जानकारी के लिए हमने इस चैनल को चलाने वाले आशीष मिश्रा से संपर्क किया. उन्होंने बताया,
'वायरल वीडियो स्क्रिप्टेड और इसका उद्देश्य कॉमेडी मात्र है. वीडियो में दिख रहे दूल्हे का नाम छिनरा बाबा है जो कि एक कलाकार हैं. दुल्हन का अंगूरी है और मांग भरने वाले युवक का नाम अविनाश है. हमारी टीम 2017 से यूट्यूब पर इस तरह के वीडियो बना रही है और कई बार लोग इनको असल घटना बताकर शेयर करते हैं.'
साथ ही आशीष का कहना है कि इन सारे वीडियो की शूटिंग बिहार के सीतामढ़ी में की जाती है और फिर गुरुग्राम आकर इन्हें एडिट, अपलोड वगैरह किया जाता हैं.
नतीजाहमारी पड़ताल में वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा भ्रामक साबित हुआ. वायरल वीडियो स्क्रिप्टेड है और इसका असल घटना से कोई लेना-देना नहीं है. यूट्यूब चैनल आशीष मिश्रा पर मैथिली भाषा में ऐसे कई वीडियो मौजूद हैं, जिन्हें कॉमेडी के उद्देश्य से बनाया गया है.
पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.

