The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Fact Check
  • patna metro viral video people entering without ticket claim

बिना टिकट गेट पार करते लोगों का वीडियो पटना मेट्रो का है? सच्चाई कुछ और निकली

मेट्रो का एक वीडियो बिहार से जोड़कर शेयर किया जा रहा है. कहा जा रहा है कि ये नए नवेले पटना मेट्रो का है. वहां के लोग इस तरीके से बिना पास के मेट्रो में एंटर कर रहे हैं.

Advertisement
pic
15 अक्तूबर 2025 (पब्लिश्ड: 11:13 AM IST)
patna metro viral  video people entering without ticket claim
पटना मेट्रो का बताकर वायरल वीडियो कही और का निकला
Quick AI Highlights
Click here to view more

6 अक्टूबर को बिहार के मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने पटना मेट्रो का उद्घाटन किया. अगले दिन यानी 7 अक्टूबर को इसे जनता के लिए खोल दिया गया. अभी एक हफ्ता भी नहीं बीता था कि एक मेट्रो स्टेशन का वीडियो वायरल हो गया. जिसमें कुछ लोग बिना टिकट स्कैन किए बैरियर को पार करके निकलते नज़र आ रहे हैं. आसपास कोई सिक्योरिटी गार्ड भी नहीं दिखाई दे रहा. अब इस वीडियो को बिहार से जोड़कर शेयर किया जा रहा. कहा जा रहा है कि ये नए नवेले पटना मेट्रो का है. वहां के लोग इस तरीके से बिना पास के मेट्रो में एंटर कर रहे हैं. 

दावा

सुदर्शन बिहार नाम के मीडिया संस्थान ने वायरल वीडियो को फेसबुक पर शेयर किया. कैप्शन लिखा, “पटना मेट्रो का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बच्चे टिकट स्कैन किए बिना बैरियर के नीचे से निकलते दिख रहे हैं.”

सुदर्शन बिहार का स्क्रीनशॉट
सुदर्शन बिहार का स्क्रीनशॉट


इसी तरह का दावे कई अन्य यूजर्स ने भी किए हैं जिनके पोस्ट आप यहां और यहां देख सकते हैं.

पड़ताल

तो क्या ये वीडियो वाकई बिहार की राजधानी पटना का है? वायरल वीडियो में कुछ चीज़ें गौर करने लायक है.

1. वीडियो में दिख रहा मेट्रो का लोगो, दिल्ली मेट्रो का है. वहीं, पटना मेट्रो का लोगो इससे काफी अलग है. स्क्रीन पर ये अंतर आप देख सकते हैं.

2.वीडियो में एक सरकारी बोर्ड नज़र आया. इसपर ‘स्वास्थ्य विभाग गुरुग्राम’ लिखा है. इससे ये कनफर्म है कि वीडियो पटना का नहीं है. दिल्ली एनसीआर के किसी स्टेशन का है.

स्वास्थ्य विभाग गुरुग्राम
स्वास्थ्य विभाग गुरुग्राम 

3. बैरियर के बीच में लगा गेट नारंगी रंग का है. जबकि पटना मेट्रो में यह गेट काले रंग का है.

पटना मेट्रो का बोर्ड
पटना मेट्रो का बोर्ड

इन बातों से यह साफ है कि वीडियो पटना मेट्रो का तो नहीं है. अब अगर दिल्ली मेट्रो का है तो कहां का है. वीडियो में एक बोर्ड पर हमें ‘Oyster Water Park’ लिखा दिखा. ये वाटर पार्क हुडा सिटी सेंटर मेट्रो के पास है. इससे काफी संभावना है कि वीडियो गुरुग्राम के हुडा सिटी सेंटर मेट्रो में शूट किया गया है.

हालांकि, वीडियो को कब और किसने शूट किया था. ये फिलहाल अभी तक पता नहीं चल सका है. लेकिन इतना तय है कि वीडियो पटना मेट्रो का नहीं है.


नतीजा

कुल मिलाकर, हमारी पड़ताल में साफ है कि दिल्ली के वीडियो को पटना मेट्रो का बताकर भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है.  

पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.

वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: चेतेश्वर पुजारा ने बताया कैसे होता है टीम सेलेक्शन, विराट-रोहित के रिटायरमेंट पर भी बता गए

Advertisement

Advertisement

()