The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Fact Check
  • Fact Check: Viral video of Rahul Gandhi amid Farmer's protest is shared with misleading message.

पड़ताल: राहुल गांधी ने कहा कि कर्ज़ा माफ़ करने से किसानों की आदत ख़राब हो जाती है?

सोशल मीडिया पर वायरल है राहुल गांधी का वीडियो.

Advertisement
pic
5 जनवरी 2021 (अपडेटेड: 5 जनवरी 2021, 03:12 PM IST)
Img The Lallantop
दावा है कि राहुल गांधी ने कहा - कर्ज़ा माफ़ करने से किसानों की आदत ख़राब हो जाती है?
Quick AI Highlights
Click here to view more
दावा देश में चल रहे किसान आंदोलन के बीच सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक वीडियो वायरल हो रहा है. 10 सेकेंड के इस वायरल वीडियो में राहुल गांधी कह रहे हैं-
"किसान का कर्ज़ा माफ़ नहीं करना चाहिए. क्योंकि अगर किसान का कर्ज़ा माफ़ किया तो किसान की आदत ख़राब हो जाएगी."
फेसबुक पेज BJP उत्तरकाशी ने वायरल वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा है-
"थोड़ा वायरल कर दोगे तो 4 दिन बाद माफी मांगते हुए नजर आएगा इसी #पप्पू ने MP, राजस्थान मे #किसानो से #कर्जा माफी की वादे किये थे तब ईन ठगों की सरकार आयी थी #MSPhaiAurRahega #ModiWithFarmers"
 
(आर्काइव लिंक) ट्विटर यूज़र विकी विशाल कर्ण ने भी वायरल वीडियो ट्वीट किया है. (आर्काइव लिंक) इसी तरह के बाकी दावे आप यहां और यहां भी देख सकते हैं. (आर्काइव लिंक) (आर्काइव लिंक) पड़ताल 'दी लल्लनटॉप' ने वायरल वीडियो की पड़ताल की. हमारी पड़ताल में वायरल वीडियो भ्रामक निकला. असल में राहुल गांधी यह आरोप BJP नेताओं पर लगा रहे थे. लेकिन उनके लंबे भाषण के एक 10 सेकेंड के अंश को काटकर ग़लत मेसेज के साथ वायरल कर दिया गया है. कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें राहुल गांधी के इस भाषण का पूरा वीडियो कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल Indian National Congress पर मिला. इस वीडियो को 17 मई 2018 को अपलोड किया गया है. वीडियो के टाइटल के मुताबिक़, राहुल गांधी ने ये भाषण छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में किसान-आदिवासी रैली को संबोधित करते हुए दिया था. पूरा वीडियो सुनने पर हमें राहुल गांधी के वायरल वीडियो का सच पता चला. 47:25 मिनट के इस वीडियो में 27:52 मिनट से 29:10 मिनट के बीच राहुल गांधी के भाषण को सुनने पर हमें वायरल वीडियो का सच पता चला. इस दौरान राहुल गांधी कह रहे हैं-
"पिछले साल हिंदुस्तान की सरकार ने ढाई लाख करोड़ रुपया का हिंदुस्तान के सबसे बड़े 15 उद्योगपतियों का कर्ज़ा माफ़ किया है. ढाई लाख करोड़ रुपया. मगर वही सरकार जो 15 लोगों के लिए ढ़ाई लाख करोड़ रुपया माफ़ कर सकती है. वही सरकार हिंदुस्तान के करोड़ों किसानों के लिए 1 रुपया भी कर्ज़ा माफ़ नहीं कर सकती है. उनके नेता कहते हैं कि किसान का कर्ज़ा माफ़ नहीं करना चाहिए. क्योंकि अगर किसान का कर्ज़ा माफ़ किया तो किसान की आदत ख़राब हो जाएगी. अजीब सी दुनिया है, हिंदुस्तान के सबसे अमीर लोगों का कर्ज़ा माफ़ करने से उनकी आदत ख़राब नहीं होती. मगर किसान के कर्ज़ा माफ़ करने से किसान की आदत ख़राब होती है."
(आर्काइव लिंक) उनके इसी बयान में से दो लाइन "किसान का कर्ज़ा माफ़ नहीं करना चाहिए. क्योंकि अगर किसान का कर्ज़ा माफ़ किया तो किसान की आदत ख़राब हो जाएगी" को बीच से काटकर उसे वायरल किया गया है. नतीजा हमारी पड़ताल में सोशल मीडिया पर राहुल गांधी का किसानों के कर्ज़ माफ़ी को लेकर बयान वाला वायरल वीडियो भ्रामक निकला. राहुल गांधी BJP नेताओं के बयान को कोट कर रहे थे. उनके भाषण में से 10 सेकेंड के इस वीडियो को काटकर ग़लत मेसेज के साथ सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया.

Advertisement

Advertisement

()