पड़ताल: पतंग के साथ उड़ती बच्ची का ये वीडियो गुजरात का है?
सोशल मीडिया पर गुजरात के पतंग उत्सव के नाम पर वायरल है वीडियो.
Advertisement

दावा- गुजरात में 3 साल की बच्ची पतंग में फंस कर हवा में उड़ गई.
Quick AI Highlights
Click here to view more
दावा
मकर संक्रांति के मौके पर पतंग के साथ एक बच्ची के हवा में उड़ने का वीडियो वायरल है. वायरल वीडियो में एक बच्ची पतंग के साथ उलझी हुई हवा में उड़ती हुई नज़र आ रही है. वीडियो में लोग बच्ची को देखकर हाहाकार मचा रहे हैं. सोशल मीडिया यूज़र्स डरा देने वाले इस वीडियो को गुजरात का बता कर शेयर कर रहे हैं.
फेसबुक यूज़र नरेश पुरोहित ने वायरल वीडियो PHOTOS- "Travel, Food, Culture" नाम के एक फेसबुक पेज पर पोस्ट करते हुए लिखा है-
"गुजरात में मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में पतंग उत्सव के दौरान 3 साल की बच्ची पतंग के साथ ही उड़ गई"(आर्काइव लिंक) एक और फेसबुक यूज़र चंद्र प्रकाश सोनी ने भी यही दावा किया है. (आर्काइव लिंक) पड़ताल 'दी लल्लनटॉप' ने वायरल वीडियो की पड़ताल की. हमारी पड़ताल में वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा भ्रामक निकला. वायरल वीडियो ताइवान का है, न कि गुजरात का. कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें वायरल वीडियो 'वाशिंगटन पोस्ट' अखबार के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर मिला. वीडियो डिस्क्रिप्शन के मुताबिक़, ताइवान के सिंचू शहर में 30 अगस्त 2020 को काइट फेस्टिवल के दौरान ये घटना हुई थी. 3 साल की एक बच्ची पतंग में फंस कर हवा में उड़ गई. वो तकरीबन 30 सेकेंड्स तक हवा में रही. इस घटना के दौरान बच्ची के चेहरे और गर्दन में चोट आई थी जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था. (आर्काइव लिंक) वायरल वीडियो 'दी टेलीग्राफ' अख़बार के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर भी हमें इसी जानकारी के साथ मिला. (आर्काइव लिंक) इस घटना के बाद सिंचू शहर के मेयर लिन ची चिएन ने एक फेसबुक पोस्ट में माफ़ी भी मांगी थी. चीनी भाषा में लिखे उनके फ़ेसबुक पोस्ट का हिंदी अनुवाद है-
"दोपहर में सिंचू सिटी गवर्नमेंट द्वारा आयोजित पतंग उत्सव में, एक बच्ची गलती से पतंग में उलझ कर पतंग के साथ हवा में उड़ गई. हमने तुरंत सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी गतिविधियों को स्थगित कर दिया. हमने बच्ची को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचवाया. सौभाग्य से, अब वो ठीक है और घर लौट आई है. हम इस घटना के लिए क्षमाप्रार्थी हैं और दुर्घटना के कारणों की फिर से समीक्षा करेंगे."(आर्काइव लिंक) हमें कहीं भी गुजरात में ऐसी किसी घटना की कोई जानकारी नहीं मिली. गुजरात में मकर संक्रांति के मौके पर पतंग उड़ाने की परंपरा सालों से चली आ रही है. इस साल कोरोना महामारी को देखते हुए कुछ शर्तों के साथ इसकी इजाज़त दी गई थी. नतीजा सोशल मीडिया पर पतंग के साथ उड़ती बच्ची के वीडियो के साथ किया जा रहा दावा भ्रामक निकला. वायरल वीडियो ताइवान के सिंचू शहर का है. 30 अगस्त 2020 को आयोजित काइट फेस्टिवल के दौरान ये घटना हुई थी.

