The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Fact Check
  • Fact check: In front of Rahul Gandhi people shouted Modi-Modi

Fact check: गुजरात में राहुल गांधी की रैली में मोदी-मोदी के नारे लगे?

जब कहा गया 'राहुल ज़िंदाबाद' बोलना है तो लोग मोदी-मोदी चिल्लाने लगे?

Advertisement
pic
16 मार्च 2019 (अपडेटेड: 16 मार्च 2019, 10:48 AM IST)
Img The Lallantop
राहुल गांधी के सामने 'मोदी-मोदी' के नारे लगने के दावे किए जा रहे हैं (दोनों फोटो सांकेतिक हैं - रॉयटर्स)
Quick AI Highlights
Click here to view more
राहुल गांधी की रैली में मोदी-मोदी के नारे लगे हैं.
- ऐसा हम नहीं कह रहे हैं बल्कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. वायरल ही नहीं ज़बरदस्त वायरल हो रहा है. वीडियो में गुजरात के कांग्रेस विधायक अल्पेश ठाकुर एक रैली में दिखाई देते हैं. जिसमें वो पब्लिक से ‘राहुल गांधी ज़िंदाबाद’ के नारे लगाने के लिए कह रहे हैं. लेकिन जनता जवाब में 'कथित तौर पर' मोदी-मोदी के नारे लगा रही है. वीडियो में एक समय तो ऐसा आता है कि 'कथित तौर पर' अल्पेश जनता पर नाराज़ हो जाते हैं. लेकिन इसके बावजूद लोग 'कथित तौर पर' मोदी-मोदी के नारे लगाना बंद नहीं करते. वीडियो में राहुल गांधी भी मंच पर बैठे दिखाई पड़ते हैं. अब हमने इस पूरे पैरा में तीन बार 'कथित तौर पर' कहा है. क्यों? क्यूंकि ये सब सोशल मीडिया में किए जा रहे दावे हैं. सच्चाई क्या है? बताते हैं, पर पहले सोशल मीडिया पर वायरल ट्वीट पर नज़र मारिए:
ये अल्पेश ठाकोर खुद की तो इज्जत का तो फालुदा बनाया ही,लेकिन इनके भरोसे रहने वाला मंदबुद्धि बालक @RahulGandhi की भी बेइज्जती जनता ने खुब अच्छे से की. सलाम है गुजरात की जनता को
ये वीडियो ट्विटर पर ही नहीं फेसबुक पर भी खूब शेयर किया जा रहा है. लोग राहुल गांधी के मज़े लेकर खूब कमेंट कर रहे हैं -
वीडियो के वायरल होने के बाद इंडिया टुडे की फैक्ट चेक टीम ने इसकी पड़ताल की. वीडियो को पहली नज़र में देखने पर ही पता चलता है कि वीडियो की एडिटिंग की गई है. वीडियो में ऑडियो ऊपर से डाला गया है. लेकिन ये तो हुई लगने वाली बात. मगर जनता को भी तो अदालत की तरह सबूत मंगता है बॉस. वीडियो को ध्यान से देखिए. वीडियो में मंच पर गुजराती में 'महासम्मेलन' लिखा नज़र आ रहा है. इसी कीवर्ड्स के साथ जब इंटरनेट पर जानकारी जुटाई, तो गुजरात कांग्रेस के यूट्यूब चैनल पर इस रैली का पूरा वीडियो मिला. पता चला कि रैली आज-कल की या फिर लेटेस्ट नहीं है. ये रैली 23 अक्टूबर, 2017 को गांधीनगर में हुई थी. इसी समय अल्पेश ठाकोर ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली थी. जो वीडियो वायरल किया जा रहा है उसे इसी वीडियो की मदद से बनाया गया है.
इस वीडियो के 33वें मिनट पर अगर आप सुनेंगे तो अल्पेश आपको जनता से कहते हुए सुनाई देंगे मैं बोलूंगा राहुल गांधी तो आपको बोलना है जिंदाबाद जिंदाबाद’. फिर अल्पेश ‘राहुल गांधी’ बोलते है और जनता जवाब में 'जिंदाबाद' बोलती हुई सुनाई देगी. लेकिन वायरल हो रहे वीडियो को एडिट कर ‘ज़िंदाबाद’ वाली जगह पर ‘मोदी-मोदी’ को जोड़ दिया गया. अच्छा इसी वीडियो में एक जगह पर ऐसा दिखने की भी कोशिश की गई है कि अल्पेश जनता को रोक रहे है. लेकिन जनता फिर भी लगातार ‘मोदी-मोदी’ के ही नारे लगा रही है. इसकी पड़ताल के लिए हमने फिर से ओरिजिनल वीडियो को देखा, फिर 12वें मिनट पर ऐसा मौका आता है जहां पर अल्पेश जनता को शांत करवाने की कोशिश करते हुए दिखाई देते हैं. इसी पार्ट को उठा कर वायरल वीडियो बनाया गया है. जहां पर मोदी-मोदी के नारे जोड़ दिए गए हैं. तो पड़ताल में ये वीडियो फर्जी निकला. जिसे एडिटिंग के साथ लोगों के सामने रखा जा रहा है और वायरल किया जा रहा है.

और जाते-जाते सबसे इंपोर्टेंट बात - अगर आपके पास भी कोई ऐसी पोस्ट या फिर तस्वीर या फिर वीडियो हो, जिस पर आपको शक हो, तो उसे हमें भेजिए padtaalmail@gmail.com पर. हम उसकी पड़ताल करेंगे और आपको उसकी हकीकत बताएंगे.


Advertisement

Advertisement

()