'कुलदीप भाई बहुत मार रहा है' वाला वीडियो लाइक-शेयर नहीं करना, दुनिया बुद्धू-बुद्धू बोलेगी!
Kuldeep Yadav का World Cup के एक मैच में फील्डिंग करते हुए एक वीडियो वायरल है. वीडियो में दर्शक कुलदीप से किसी को आउट करने की बात कह रहे हैं. इसे भारत और इंग्लैंड के मैच का बताया जा रहा है.

क्रिकेट विश्वकप 2023 (Cricket World Cup 2023) में टीम इंडिया जबरदस्त फॉर्म में है. उसने अब तक खेले गए सभी मैचों में जीत हासिल की है. इस विजयी अभियान में कई खिलाड़ियों का अहम योगदान है. उन्हीं में से एक हैं स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) जिनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. इसमें कुलदीप मैदान में फील्डिंग करते नज़र आ रहे हैं और दर्शक दीर्घा से आवाज आ रही है, “कुलदीप भाई बहुत मार रहा है यार.” इस पर कुलदीप दर्शकों की तरफ रिलैक्स रहने का इशारा करते हैं. इसे देखकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ जाता है.
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया गया है कि यह भारत और इंग्लैंड के बीच लखनऊ में खेले गए मैच का है. कहा जा रहा है कि इंग्लैंड टीम के कप्तान जोस बटलर की शानदार बैंटिंग चल रही थी जिस पर दर्शकों ने कुलदीप को बटलर का विकेट चटकाने को कहा. इसके बाद कुलदीप ने बटलर को आउट कर दिया.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक यूजर ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, “बटलर खेल रहा था, किसी ने कुलदीप यादव से कहा कि भाई ये बहुत मार रहा है तो कुलदीप यादव ने इशारा किया कि मैं हूं न. फिर क्या था, अगले ही ओवर में कुलदीप यादव ने बटलर का विकेट चटका दिया. ये होता है आत्मविश्वास.”

(ट्वीट का आर्काइव लिंक यहां देखा जा सकता है.)
इसके अलावा वीडियो को कई अन्य यूजर्स ने शेयर करके इसे भारत और इंग्लैंड के मैच का बताया है. इन पोस्ट को यहां देखा जा सकता है.
पड़ताल‘दी लल्लनटॉप’ की पड़ताल में पता चला कि वायरल वीडियो भारत बनाम इंग्लैंड मैच का नहीं है.
सच्चाई जानने के लिए हमने यूट्यूब (YouTube) पर कुछ कीवर्ड्स सर्च किए. हमें एक यूजर के चैनल पर 23 अक्टूबर को अपलोड किया गया यूट्यूब शॉर्ट वीडियो मिला. इसमें वायरल वीडियो को देखा जा सकता है. यहां दी गई जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच का है.

इससे यह स्पष्ट है कि वीडियो भारत और इंग्लैंड के बीच 29 अक्टूबर को खेले गए मैच से लगभग एक सप्ताह पहले से इंटरनेट पर मौजूद है.
अगर वीडियो को भी ध्यान से देखा जाए तो कई बातें पता चलती हैं. वीडियो में स्क्रीन पर ‘ICC Cricket World Cup 2023’ और ‘HPCA’ की होर्डिंग लगी दिखाई दे रही है. HPCA यानी हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन.

बता दें, भारत और न्यूजीलैंड के बीच हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्टेडियम (Dharamshala Stadium) में 22 अक्टूबर को मैच खेला गया था. भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया था. न्यूजीलैंड की मौजूदा टीम में उस दिन किसी बटलर नाम के खिलाड़ी ने हिस्सा नहीं लिया था.
इसके अलावा हमें कुछ मीडिया रिपोर्ट भी मिलीं, जिनमें वायरल वीडियो को लेकर जानकारी दी गई है कि यह भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच का वीडियो है.
नतीजाकुलमिलाकर, भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच का एक वीडियो भ्रामक दावे के साथ शेयर किया गया है.
पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.

