क्या बिहार चुनाव में किसी निर्दलीय कैंडिडेट को 'जीरो' वोट मिले? सच्चाई जान लें
क्या बिहार विधानसभा चुनाव में एक निर्दलीय कैंडिडेट को ज़ीरो वोट मिला? सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके कहा जा रहा कि एक निर्दलीय कैंडिडेट को ज़ीरो वोट मिले हैं.

क्या बिहार विधानसभा चुनाव में एक निर्दलीय कैंडिडेट को ज़ीरो वोट मिला? सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके कहा जा रहा कि एक निर्दलीय कैंडिडेट को ज़ीरो वोट मिले हैं. वीडियो में एक महिला कह रही है, “सबको लगता है कि यह हमारी हार है. लेकिन कई चीजें बहुत साफ-साफ दिख रही हैं. अगर किसी निर्दलीय कैंडिडेट को शून्य वोट मिल रहा है तो क्या उसने खुद को भी वोट नहीं किया? ये सोचने की बात है.” यहां ये ध्यान देना जरूरी है कि ये क्लियर नहीं है कि महिला एक बूथ की बात कर रही है या पूरे विधानसभा की.
वीडियो को शेयर करके लोग चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहे हैं. पूछ रहे हैं कि आखिर ये कैसे हो सकता है कि किसी कैंडिडेट को एक भी वोट नहीं मिले.
सूरज नाइक नाम के एक यूज़र ने वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, “एक निर्दलीय उम्मीदवार को एक भी वोट नहीं मिला. यह सोचने वाली बात है. खुद का वोट नहीं निकला. सवाल तो उठेंगे ही. यह केसे हो सकता है.”
इसी तरह के दावे कई अन्य यूजर्स ने भी शेयर किए हैं. जिनके पोस्ट आप यहां देख सकते हैं.
पड़ताल
तो क्या है दावे की सच्चाई? सबसे पहली बात कि अगर बिहार विधानसभा चुनाव में किसी कैंडिडेट को ज़ीरो वोट मिले होते तो ये ज़रूर खबर बनती. लेकिन हमें ऐसी कहीं भी कोई प्रमाणिक रिपोर्ट नहीं मिली. अब बात वायरल वीडियो की. वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स सर्च करने पर हमें FirstBiharJharkhand के X पोस्ट पर वीडियो का लंबा वर्ज़न मिला. पोस्ट के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, वीडियो में नज़र आ रही महिला शिवानी शुक्ला हैं.
शिवानी शुक्ला इस दफा RJD के टिकट से चुनाव लड़ी थीं. लेकिन चुनाव आयोग के आंकड़े बता रहे हैं कि इस दफा शिवानी को 95 हजार 483 वोट मिले थे. शिवानी 32 हजार से अधिक के मार्जिन से चुनाव हार गई थीं.
अब सवाल कि क्या किसी निर्दलीय कैंडिडेट को जीरो वोट मिला?
चुनाव आयोग की वेबसाइट खंगालने पर हमें ऐसी कोई भी सीट नहीं मिली जिसमें किसी निर्दलीय कैंडिडेट को एक भी वोट न मिला हो. आंकड़े बता रहे हैं कि निर्दलीय कैंडिडेट में सबसे कम वोट शिवम कुमार सिन्हा को मिले थे. गया से कैंडिडेट शिवम को मिले थे 90 वोट. किसी पार्टी के चुनाव चिन्ह पर समाजवादी लोक परिषद के कैंडिडेट मुन्ना कुमार को सबसे कम 98 वोट मिले थे.

नतीज़ा
कुल मिलाकर हमारी पड़ताल में साफ है कि बिहार में किसी निर्दलीय कैंडिडेट को पूरे विधानसभा में ज़ीरो वोट मिलने की बात गलत है.
पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.
वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: वसीम बरेलवी ने सुनाया जौन एलिया का किस्सा, शाहरुख ने फोन कर क्यों मनाया था?

