भारत-पाकिस्तान मैच के बाद नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लगे मुस्लिम विरोधी नारों का सच
Cricket World Cup 2023 में भारत पाकिस्तान मैच के दौरान का एक वीडियो वायरल है. दावा है कि कुछ लोगों ने एक समुदाय को टार्गेट करते हुए अपमानजनक नारे लगाएं.

क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मैच की अहमियत फाइनल से कम नहीं होती. भारत में इस समय 2023 (Cricket World Cup 2023) चल रहा है. बीती 14 अक्टूबर को अहमदाबाद में भारत-पाकिस्तान का मैच हुआ. टीम इंडिया ने अपने पड़ोसी मुल्क को सात विकेट से मात दी. मैच के पहले, उसके दौरान और बाद तक क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह दिखा. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए इस मैच को एक लाख से अधिक लोगों ने देखा. इसी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है.
वीडियो में मैदान में बैठे दर्शक मैच का लुत्फ उठाते हुए नज़र आ रहे हैं. लेकिन ध्यान खींचा इसमें सुनाई दे रहे ऑडियो ने. इसके जरिये ये दिखाने की कोशिश की गई है कि मैदान में मौजूद कुछ दर्शकों ने मुस्लिम के विरोध में नारे लगाए. हालांकि इन लोगों के चेहरे नहीं दिखाई दे रहे. केवल आवाज आ रही है. नारों की भाषा आपत्तिजनक है, इसलिए हम उन्हें यहां नहीं सुना सकते.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर एक यूजर ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया कि अहमदाबाद में भारत पाकिस्तान मैच के दौरान यह नारे लगे हैं.

(हम यहां स्पष्ट कर देते हैं कि यह खेल पत्रकार विक्रांत गुप्ता के नाम पर बना एक पैरोडी अकाउंट है. इस ट्वीट का आर्काइव लिंक यहां देखा जा सकता है.)
इसके अलावा कई अन्य यूजर्स ने वायरल वीडियो को शेयर किया है.

‘दी लल्लनटॉप’ की पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक निकला.
इसकी सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर कुछ कीवर्ड सर्च किए. हमें ऐसी कोई प्रामाणिक रिपोर्ट नहीं मिली, जिसमें अहमदाबाद स्टेडियम में भारत पाकिस्तान मैच के दौरान इस तरह के नारे लगाने की बात की गई हो.
इसके बाद हमने वायरल वीडियो के कुछ कीफ्रेम्स बनाए. एक-एक कीफ्रेम को गूगल लेंस से सर्च किया. हमें Beyond the Boundary के यूट्यूब चैनल पर 14 अक्टूबर को अपलोड किया गया वीडियो मिला. इसमें अहमदाबाद स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान मैच की झलकियां मौजूद हैं. इस वीडियो में 10 सेकेंड से लेकर 15 सेकेंड तक वायरल वीडियो का हिस्सा देखा जा सकता है. इसमें वो नारा नहीं सुनाई दे रहा जैसा कि वायरल वीडियो में मौजूद है. हमने वीडियो के इस हिस्से को वायरल वीडियो से कम्पेयर किया.

दोनों वीडियो में सामने स्क्रीन पर सामान दृश्य नज़र आ रहे हैं. मैदान में खिलाड़ी और ग्राउंड स्टॉफ की पोजिशन के अलावा बीच में नज़र आ रही स्क्रीन पर दृश्य भी दोनों वीडियो में एक जैसे हैं. मैदान में उस वक्त मौजूद लोगों की पोजिशन और उनमें से कुछ लोगों के हाथों में दिखाई दे रहा मोबाइल की पोजिशनिंग भी एक जैसी है. यानी ये और वायरल वीडियो एक ही है.

यह वीडियो उस वक्त के हैं जब भारत पाकिस्तान का मैच खत्म हो गया था. कई अलग-अलग यूट्यूब व्लॉगर के वीडियो देखकर पता चलता है कि स्टेडियम में उस वक्त वंदे मातरम की धुन बज रही थी. दोनों वीडियो में मौजूद ऑडियो को ध्यान से सुनने में यह स्पष्ट है कि वायरल वीडियो में सुनाई दे रहे आपत्तिजनक नारों के ऑडियो को अलग से जोड़ा गया है.
अब सवाल ये कि वायरल ऑडियो अगर इस वीडियो का नहीं है तो फिर कब और कहां का है.
इसकी पड़ताल के लिए हमने ‘X’ पर कुछ कीवर्ड सर्च किए. हमें Kashif Arsalaan नाम के एक यूजर का 26 जून को किया गया ट्वीट मिला. इसमें बताया गया है कि हिमाचल प्रदेश में कुछ लोगों ने मुस्लिम लोगों को काटने वाले नारे लगाए थे. इसमें मौजूद नारे और वायरल वीडियो में सुनाई दे रहे नारे बिल्कुल एक जैसे हैं. इससे बहुत साफ संकेत मिलता है कि इन नारों को अहमदाबाद मैच के वीडियो में जोड़ा गया है.

कुल मिलाकर, यह साफ है कि अहमदाबाद में भारत पाकिस्तान मैच के दौरान मुस्लिम विरोधी नारे का वायरल वीडियो एडिटेड है.
पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें.
ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.
वीडियो: पड़ताल: अमेरिका में लाखों ईसाई बन गए हिंदू? वायरल दावे की सच्चाई तो अब खुली

