ज़ाकिर खान के 'धुरंधर' वाले जोक पर भड़के 'पठान' के डायरेक्टर, कहा- "बहुत बड़े डफर..."
ज़ाकिर ने कहा था कि बॉलीवुड वाले 'धुरंधर' की सक्सेस से अंदर-ही-अंदर जल रहे हैं.

स्टैंड अप कॉमिक Zakir Khan ने पिछले दिनों एक अवॉर्ड शो होस्ट करते हुए बॉलीवुड वालों पर तंज कसा था. उन्होंने कहा था कि फिल्म इंडस्ट्री के लोग ऊपर-ऊपर से तो Dhurandhar की तारीफ कर रहे हैं. मगर अंदर-ही-अंदर फिल्म की सफलता से जल भी रहे हैं. उनके बयान पर King और Pathaan के डायरेक्टर Siddharth Anand ने पलटवार किया है. बिना किसी का नाम लिए उन्होंने ज़ाकिर को सीधे ‘डफ़र’ यानी बेवकूफ कह दिया है.
तो हुआ ये कि ज़ाकिर पिछले दिनों इंडियन एक्सप्रेस के स्क्रीन अवॉर्ड्स को होस्ट कर रहे थे. इवेंट में कई फिल्म सेलिब्रिटीज़ पहुंचे हुए थे. ऐसे में ज़ाकिर ने उनके सामने ही पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को लपेटे में लेना शुरू कर दिया. उन्होंने कहा,
"कितनी ही तारीफ वाली पोस्ट आप डाल दें, कितनी ही स्टोरी डाल दें, कितने ही इंटरव्यू में आप पब्लिकली कह दें कि ये मेरी फेवरेट फिल्म है. लेकिन सच तो ये है दोस्तों कि धुरंधर से सबकी जली तो है. फिल्म में बम ल्यारी में फूटे, लेकिन धुआं हुआ है बांद्रा से जुहू में."
उनके इस पंच पर ऑडियंस में बैठे फिल्म इंडस्ट्री के लोग कुछ खास प्रभावित नहीं हुए. मगर सोशल मीडिया पर उनका ये स्टेटमेंट बहुत वायरल हो गया. इतना कि डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद भी इस पर रिएक्ट किए बिना रह नहीं सके. ज़ाकिर के जोक के बांद्रा-जुहू वाले एंगल पर सिद्धार्थ ने बिना किसी का नाम लिए लिखा,
“पिछले 50 सालों से जुहू-बांद्रा के लोगों ने ही सभी ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं. अगर आप उनके योगदान को कमतर आंक रहे हैं, तो आप बहुत बड़े डफर हैं.”

सिद्धार्थ ने YRF स्पाय यूनिवर्स की सबसे सफल फिल्म 'पठान' डायरेक्ट की है. 'धुरंधर' की सक्सेस के बाद लोगों ने सबसे ज़्यादा इसी फिल्म को ट्रोल किया. फिर भी, जब 'धुरंधर' का पहला पार्ट थिएटर्स में आया था, तब सिद्धार्थ इसकी तारीफ करने वाले शुरुआती बॉलीवुड सेलिब्रिटीज़ में से एक थे. अपने रिव्यू में उन्होंने तब 'धुरंधर' को एक नशा बताया था. साथ ही डायरेक्टर आदित्य धर और बाकी एक्टर्स के काम की भी उन्होंने प्रशंसा की थी. X पर लिखे अपने पोस्ट में उन्होंने ये भी कहा था कि वो 'धुरंधर' को देखने के लिए दोबारा थिएटर में जाएंगे. शायद इसी वजह से उन्हें ज़ाकिर खान का इस फिल्म के नाम पर बॉलीवुड को टार्गेट करना रास नहीं आया.
वीडियो: आदित्य धर क्रिकेट छोड़ कैसे बने फिल्म डायरेक्टर?

.webp?width=60)
