अगर 'धुरंधर' फ्लॉप होती, तो भी रणवीर सिंह छोड़ते 'डॉन 3'? रिपोर्ट में क्या खुलासे हुए?
रणवीर सिंह ने दावा किया कि 'डॉन 3' का बजट अचानक 200 करोड़ रुपये तक घटा दिया गया था. सलमान-ऋतिक के साथ मीटिंग में नहीं पहुंचे रणवीर.

FWICE ने Ranveer Singh पर बैन लगाने का फैसला वापस ले लिया. मगर ये सवाल अब भी बना हुआ है कि आखिर Farhan Akhtar और उनमें Don 3 को लेकर इतनी लड़ाई हुई क्यों. कभी ये चर्चा हुई कि स्क्रिप्ट में दिक्कत है. फिर ये कहा गया फरहान, Hrithik Roshan को इस फिल्म में लाना चाहते थे. लेकिन ताज़ा रिपोर्ट इशारा कर रही कि रणवीर ने Dhurandhar की सफलता को देख 'डॉन 3' छोड़ने का फैसला लिया था. दावा ये भी किया जा रहा कि फरहान ने इस फिल्म के बजट में 200 करोड़ की कटौती कर दी थी. बाद में यही उनके तकरार की बड़ी वजह बनी.
वैरायटी इंडिया ने सूत्रों के हवाले से 'डॉन 3' विवाद का कच्चा-चिट्ठा खोला है. ‘डॉन 3’ विवाद में कब, क्या और कैसे हुआ, ये आप क्रमवार तरीके से नीचे पढ़ेंगे-
* 19 अप्रैल, 2023 को फरहान और रितेश सिधवानी की एक्सेल एंटरटेनमेंट ने 'डॉन 3' का फर्स्ट लुक शूट करवाया था. इसमें उन्होंने खुद पैसे लगाए थे.
* 09 अगस्त, 2023 में उस प्रोमो को डिजिटली रिलीज़ करते हुए मेकर्स ने बताया कि रणवीर अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान के बाद अगले डॉन होंगे. मगर तब तक दोनों पक्षों ने टर्म्स एंड कन्डीशंस वाले पेपर साइन नहीं किए थे.
* वो अग्रीमेंट, प्रोमो रिलीज़ के एक साल बाद यानी 07 अगस्त, 2024 को साइन किया गया. मगर फिल्म से जुड़ा लॉंग टर्म कॉन्ट्रैक्ट तब भी फाइनल नहीं किया गया था.
* 25 मार्च, 2025 को एक्सेल एंटरटेनमेंट ने रणवीर के मैनेजर को 'डॉन 3' स्क्रिप्ट का लेटेस्ट ड्राफ्ट भेजा.
* 25 अगस्त, 2025 को मेकर्स ने उनसे फिल्म से जुड़ा पूरा शेड्यूल शेयर किया. उसमें एक्शन ट्रेनिंग, कॉस्ट्यूम ट्रायल्स और शूटिंग की तारीखें भी शामिल थीं. प्लान के मुताबिक, फिल्म की मुख्य शूटिंग 9 जनवरी 2026 से शुरू होकर जुलाई 2026 के अंत तक चलनी थी.
* 03 से 12 नवंबर, 2025 के बीच रणवीर ने एक स्पेशल एक्शन ट्रेनिंग प्रोग्राम भी पूरा किया था. ऐसा इसलिए ताकि फिल्म के बड़े स्टंट और एक्शन सीक्वेंस करते हुए कोई दिक्कत न आए. इस ट्रेनिंग का भी पूरा खर्च एक्सेल ने उठाया था.
* रणवीर आगे भी एक्शन रिहर्सल करने वाले थे. लेकिन उनकी टीम ने फरहान और रितेश को बताया कि वो 17, 18, 23 और 24 नवंबर 2025 की ट्रेनिंग में नहीं आ पाएंगे.
* 27 नवंबर को रणवीर ने कॉस्टयूम ट्रायल किया था.
* 05 दिसंबर, 2025 को 'धुरंधर' का पहला पार्ट सिनेमाघरों में रिलीज़ हुआ. इस वजह से एक्सेल को बताया गया कि वो 11 और 12 दिसंबर की प्रैक्टिस में नहीं आ पाएंगे.
* 15-16 दिसंबर, 2025 को रणवीर ने फरहान और फिल्म की बाकी कास्ट के साथ स्क्रिप्ट रीडिंग की. सूत्रों के मुताबिक, तब वो 'डॉन 3' के लिए बहुत एक्साइटेड थे. उनके बिहाइंड द सीन फुटेज भी एक्सेल के पास हैं.
* मगर इसके बाद कहानी में ट्विस्ट आना शुरू हो गया. 17 दिसंबर को रणवीर का लुक टेस्ट होना था. मगर उसे लास्ट मिनट पर कैंसिल कर दिया गया.
* 20 दिसंबर को रणवीर ने मेकर्स को कॉल पर बताया कि वो 'डॉन 3' छोड़ रहे हैं. ये बात तब की है, जब 'धुरंधर' बॉक्स ऑफिस पर 500 करोड़ रुपये से ज़्यादा कमा चुकी थी.
* रणवीर के फिल्म छोड़ने की बात से हंगामा शुरू हो गया. समझौता करवाने के लिए एक मीटिंग हुई. उसमें सलमान खान, ऋतिक रोशन, करण जौहर और आलिया भट्ट समेत फिल्म इंडस्ट्री के 25 बड़े नाम शामिल थे. मगर रणवीर खुद उस मीटिंग में नहीं आए.
* तब तक फरहान ने प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (PGI) के यहां एक फॉर्मल कंप्लेन कर दी.
* इसके बाद दूसरी मीटिंग हुई, जहां आमिर खान, अनिल कपूर, रोहित शेट्टी, राजू हीरानी और आशुतोष गोवारिकर मौजूद थे. इस मीटिंग को तब PGI के दायरे से बाहर रखा गया था. रणवीर इस सेशन में हैंड रिटन नोट्स के साथ पहुंचे और डेढ़ घंटे तक बोलते रहे. उन्होंने तब कई शिकायतें की.
* पहली ये कि 'डॉन 3' की स्क्रिप्ट ठीक नहीं बनी. दूसरी ये कि फरहान इस मूवी का डायरेक्शन छोड़ '120 बहादुर' जैसे एक्टिंग प्रोजेक्ट्स पर लगे हुए थे.
* आगे रणवीर ने दो और बम फोड़े. एक तो ये कि फिल्म में उनकी फीस कम की जा रही है. दूसरी ये कि फिल्म का बजट 200 करोड़ रुपये तक घटा दिया गया है.
* रिपोर्ट के मुताबिक, 'डॉन 3' पहले 350 करोड़ रुपये में बनाई जा रही थी. लेकिन फिर इसे सीधे 150 करोड़ रुपये में बनाए जाने की तैयारी शुरू हो गई. इसके पीछे 'धुरंधर' से पहले आई रणवीर सिंह की पिछली कुछ फिल्मों के परफ़ॉर्मेंस को दोषी ठहराया गया.
* रणवीर ने मीटिंग में क्लियर किया कि उन्हें इस मूवी के लिए कोई साइनिंग अमाउंट नहीं मिला. इस दौरान उन्होंने फरहान पर आरोप लगाया कि वो रणवीर की जगह ऋतिक रोशन को इस फिल्म में कास्ट करना चाहते थे. हालांकि बाद में ऋतिक ने पब्लिकली बताया कि उन्हें इस मूवी के लिए कभी अप्रोच नहीं किया गया था.
* इस विवाद में जब फरहान और रितेश सिधवानी को अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया, तो वो भी व्हाट्स एप्प पर हुई बातचीत का स्क्रीनशॉट लेकर पहुंचे. आमिर समेत वहां बैठे बाकी लोगों ने उन्हें रिव्यू किया. सूत्र की मानें तो रणवीर उन सभी मैसेज में फिल्म को लेकर बहुत उत्साहित थे.
* इससे उनका ये दावा गलत साबित होता दिखा जहां वो ये कह रहे थे कि फिल्म की स्क्रिप्ट अच्छी नहीं थी. रितेश का ये कहना था कि अगर स्क्रिप्ट अच्छी नहीं थी, तो रणवीर लास्ट मोमेंट तक रीडिंग सेशन और एक्शन ट्रेनिंग क्यों कर रहे थे.
* रितेश के मुताबिक, कॉन्ट्रैक्ट में कभी भी रणवीर की फीस घटाने को लेकर बात नहीं हुई. पैसों को लेकर जो नेगोसिएशन हुए, वो डील से पहले हुए थे. जब मीटिंग में मौजूद लोगों ने जांच की तो पाया कि रणवीर की सभी शिकायतें गलत साबित हो रही थीं.
* रिपोर्ट है कि इस मीटिंग के दौरान एक दिलचस्प वाकया हुआ. सूत्र के मुताबिक, रितेश ने बीच में रणवीर से सीधा सवाल किया. सवाल ये कि अगर 'धुरंधर' हिट नहीं हुई होती, क्या रणवीर तब भी 'डॉन 3' छोड़ देते? बताया जा रहा है कि रणवीर ने इसका जवाब 'नहीं' में दिया. मतलब अगर 'धुरंधर' बाय-चांस फ्लॉप हो जाती, तो वो 'डॉन 3' बिल्कुल नहीं छोड़ते. इससे ये भी साफ हो गया कि रणवीर ने सक्सेस के बाद मिले ऑप्शंस को देख इस मूवी से अलग होने का फैसला किया था.
* फरहान का कहना था कि रणवीर के फिल्म छोड़ने से उन्हें 45 करोड़ का नुकसान हुआ है. बताया जा रहा है कि इस मीटिंग के बाद रणवीर ने फरहान को एक सेटलमेंट ऑफर दिया था. उन्होंने एक्सेल को 10 करोड़ रुपये के साथ किसी दूसरी फिल्म की फीस में 25 परसेंट का डिस्काउंट दिया. मगर फरहान इसके लिए तैयार नहीं हुए.
* रिपोर्ट है कि फरहान और रणवीर 'डॉन 3' से उनके अलग होने की जानकारी साथ में शेयर करने वाले थे. मगर ये बात पहले ही मीडिया में लीक हो गई. इसने आग में और घी डालने का काम किया. बाद में फरहान FWICE के पास गए. उसने रणवीर को बैन किया. रणवीर ने उनके बैन के खिलाफ़ लीगल नोटिस भेजा. और नोटिस मिलने के अगले ही दिन FWICE ने उन पर लगा बैन पूरी तरह से हटा दिया.
वीडियो: रणवीर सिंह को FWICE ने 'डॉन 3' विवाद में किया बैन, अब क्या होगा?

