The Lallantop
Advertisement

एक दिन की छुट्टी लेने के लिए ये दस बहाने मारना बंद कर दो

ये इतने पकाऊ और घिसे-पिटे हैं कि बॉस छुट्टी देने के बजाय 'छुट्टी' ही कर देगा.

Advertisement
pic
7 सितंबर 2017 (अपडेटेड: 21 अक्तूबर 2017, 02:40 PM IST)
Img The Lallantop
फोटो - thelallantop
Quick AI Highlights
Click here to view more

नौकरी और सुख का एक साथ होना कुछ ऐसा है जैसे सर्दी के मौसम में आम का बिकना. न सर्दी में आम बिकता है, न नौकरी में सुख ठहरता है. नौकरी करते-करते एक समय ऐसा आता है जब आपको बेवजह छुट्टी लेने की ज़रूरत महसूस होती है. अंतर्मन चीख-चीखकर कह रहा होता है,

'ऐसी नौकरी का क्या फ़ायदा, जहां सुख-चैन ही नहीं. जब अपने मन से छुट्टी नहीं ले सकता तो ऐसे निरर्थक जीवन का क्या लाभ? कितना भी काम कर लो बॉस की गालियां ही नसीब होती हैं. आज मैं नहीं जा रहा जाओ, छुट्टी मार रहा.'

क्या बहाना बनाओगे? अचानक बुखार चढ़ गया? ससुराल वाले आ गए? या आपका मनगढ़ंत रिश्तेदार चौथी बार स्वर्ग सिधारेगा?

ये बहाने हद से ज्यादा घिसे-पिटे हो चुके हैं. कम से कम अगली छुट्टी मारते समय नीचे दिए गए दस बहानों को अपने मन में भी न लाना. क्योंकि जिस इंसान के सामने आप इन्हें परोसते हैं, वो बॉस भी कभी एंप्लॉई था.

1.  सर कल बारिश में भीग गया था, बुखार हो गया

हां जैसे आपने कहा और बॉस ने मान लिया. ये बहाना मारोगे तो बॉस सवालों की लड़ी लगा देगा. कहेगा- 'मेरे यहां तो नहीं हुई बारिश. अभी पिछले हफ़्ते ही तो बुखार हुआ था तुम्हें.' ऐसे में समझाते रहना अपने बॉस को कि वो आपकी गर्लफ्रेंड या पत्नी थी जो पिछले हफ़्ते बीमार हुई थी.

2.  पापा-मम्मी मिलने आ रहे हैं

बॉस कहेगा- 'तो? उन्हें आने दो. कई दफ़ा आए हुए हैं. पड़ोसी को चाभी दे देना घर की. मुझे भी बड़े दिन हो गए उनसे मिले हुए. शाम को सीधे ऑफ़िस से तुम्हारे घर चलते हैं.' ऐसे में चार और बहाने सोचने पड़ेंगे.

3. गाड़ी खराब हो गई

जब स्कूल में होमवर्क करके नहीं लाते थे. तो सबसे बुरा विकल्प होता था ये कह देना कि मैम किया तो था लेकिन कॉपी घर रह गई. ऐसे ही ऑफ़िस से छुट्टी लेनी हो तो इससे बुरा बहाना कोई और नहीं कि आपकी गाड़ी खराब हो गई है. बॉस कहेगा, 'कोई नहीं ओला या उबर से आ जाओ. चिंता मत करो ज़्यादा से ज़्यादा एक घंटा ही लेट होगे तुम.'

4. बाथरूम से फिसल गया, पैर में मोच आई है, चला भी नहीं जा रहा

एक दिन की छुट्टी मिल भी गई तो अगले दिन कौन सा पैर लेकर ऑफ़िस जाओगे? पैर में झूठ-मूठ की पट्टी बांध लोगे? सच्चाई छिप नहीं सकती बनावट के फूलों से. पकड़े जाओगे पकड़े.

5. मेरी परदादी गुज़र गई

कितनी दफ़ा आपको छोड़कर जाएगी आपकी परदादी? कितनी बार मारोगे उन्हें. मैं हाथ जोड़ रही हूं, बंद करो ये बहाना बनाना. बॉस भी इसे सुनकर यही कहेगा.

6. पेट खराब है

बॉस- 'ओ हो पेट खराब है? आज तुम वर्क फ्रॉम होम कर लो.' बॉस के पास तुम्हारे इस बहाने का इलाज मौजूद है. भूले से भी न कहना कि पेट खराब है. ऑफ़िस की आने वाली चार-पांच पार्टियों में शरीक नहीं हो पाओगे.

7. किसी ने मेरा पर्स चुरा लिया सर! पैसे, एटीएम सब गया

बॉस- 'हां शातिर इंसान, पुलिस में रपट लिखाने के बाद सीधे ऑफ़िस आओ.' ये बहाना सुनकर बॉस ये नहीं कहेगा कि जाओ घर पर आराम करो, अपने पर्स चोरी होने का मातम मनाओ. पूछताछ में लग जाएगा कि पर्स चोरी हो कैसे गया? फिर बनाते रहना चालीस और बहाने.

8. सर मां बीमार है, उन्हें हॉस्पिटल ले जाना है

ये डाला तुरुप का इक्का. मां के नाम पर तो इमोशनल हो ही जाएगा बॉस. लेकिन नहीं. सच मानिए बॉस पक चुका है एंप्लॉइज़ का ये बहाना सुन-सुनकर. वो पता लगा लेगा कि आंटी घर में बैठी आराम से मैगी खा रही हैं. उसके बाद पूरा ऑफ़िस तुम्हें जज करेगा.

9. मेरे बेस्ट फ्रेंड की शादी है

बॉस- 'जाओ. फ़ेसबुक पर तस्वीरें डालना न भूलना. वो ग्रे वाला सूट पहनना.' या फिर बॉस तुमसे कहेगा कि ये जॉब तुम्हारे लिए ज़्यादा ज़रूरी है या दोस्ती निभानी?

10. डेंटिस्ट के यहां अपॉइंटमेंट है

लोग छुट्टी वाले दिन अपॉइंटमेंट लेते हैं. बॉस पूछेगा कि ऑफ़िस वाले दिन क्यों जाना है डेंटिस्ट के पास? क्या कहोगे? दांत खराब होना जानलेवा बीमारी नहीं है. फ्लॉप है ये बहाना.


ये भी पढ़ें:

हमारे यहां वैकेंसी हैं. साथ काम करना चाहें तो ऐसे अप्लाई करें. हाथ पर लकीरें ही न हों तो कैसे बनेगा आधार कार्ड? आप नौकरी कर रहे हैं या करने जा रहे हैं, तो इस खबर को जरूर पढ़ें जब बॉस कहते हैं कि 'कंपनी तुम्हारे बारे में बहुत कुछ सोच रही है' अगर नौकरी ढूंढ रहे हो तो इन 10 तरीकों से न फंस जाना

Advertisement

Advertisement

()