The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • With Bhooth Bangla Akshay Kumar secures record with 20 films in 100 crore club | Shahrukh, Salman lags behind

करियर के इस खराब फेज में अक्षय कुमार ने बनाया रिकॉर्ड, सलमान-शाहरुख-अजय... सब पिछड़े

अब अक्षय कुमार के खाते में सबसे ज़्यादा 100 करोड़ी फिल्में हैं. दूसरे नंबर पर सलमान खान.

Advertisement
pic
27 अप्रैल 2026 (पब्लिश्ड: 08:57 PM IST)
Salman Khan, Akshay Kumar, Shahrukh Khan
'भूत बंगला' के साथ अक्षय की 20 फिल्में 100 करोड़ क्लब में शामिल हो गई.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Indian Cinema में सैकड़ों फिल्मों ने 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा छुआ. बल्कि 1000-2000 करोड़ के पार भी गईं. मगर वो एक्टर जिसकी सबसे ज्यादा फिल्में 100 करोड़ क्लब में शामिल हुईं, वो Shahrukh Khan, Salman Khan या Aamir Khan नहीं हैं. न ही ऑल टाइम लेजेंड Amitabh Bachchan या Rajinikanth हैं. वो एक्टर हैं Akshay Kumar. हालिया रिलीज फिल्म Bhooth Bangla सहित उनकी 20 फिल्में 100 करोड़ रुपये या उससे ज़्यादा का इंडिया नेट कलेक्शन कर चुकी हैं. और ऐसा करने वाले वो इकलौते इंडियन एक्टर हैं. 

कोविड के बाद अक्षय की एक के बाद एक फिल्में पिटीं. ‘सम्राट पृथ्वीराज’, ‘राम सेतु’, ‘बच्चन पांडे' और ‘रक्षा बंधन’. ये सभी बॉक्स पर पसर गईं. ये चारों साल 2022 में आई फिल्में हैं. और चारों में से एक भी झंडे नहीं गाड़ सकी. इसके बाद साल 2023 में आई ‘मिशन रानीगंज’ और ‘सेल्फी’ भी फ्लॉप रही. मगर इसी साल आई ‘ओ माय गॉड 2’ हिट रही. हिट और फ्लॉप का ये सिलसिला कमोबेश बना ही रहा. मगर अक्षय काम लगातार करते रहे. कुछ फिल्में सेफ फॉर्मूला पर बनाईं, तो कुछ में रिस्क लिया. एक ही साल में चार से पांच फिल्में कर डालीं. अलग-अलग जॉनर में काम किया. और शायद यही वजह है कि लगातार फ्लॉप्स के बावजूद, उन्हें सलमान, शाहरुख, आमिर और अजय का कॉम्पीटिटर माना जाता है. इनकी साल में एक या दो फिल्में ही आती हैं. आमिर तो तीन-चार साल के गैप के बाद बडे़ पर्दे पर आते हैं. मगर अक्षय की स्ट्रेटजी इनसे बिल्कुल अलग है. 

100 करोड़ क्लब में शामिल भारतीय एक्टर्स

1. अक्षय कुमार- 20

2. सलमान खान- 18

3. अजय देवगन- 16

4. शाहरुख खान- 10

5. रणवीर सिंह- 9

6. ऋतिक रोशन- 8

7. रजनीकांत- 8

8. प्रभास- 7

9. आमिर खान- 7 

10. रणबीर कपूर- 7 

पोस्ट कोविड, अक्षय की छह फिल्मों ने 100 करोड़ रुपये का डोमेस्टिक कलेक्शन किया. सैकनिल्क के मुताबिक ये फिल्में हैं:

सूर्यवंशी- 195.55 करोड़ रुपये 

स्काय फोर्स- 113.60 करोड़ रुपये 

OMG 2- 151.15 करोड़ रुपये 

हाउसफुल 5- 183.40 करोड़ रुपये 

जॉली LLB 3- 117.50 करोड़ रुपये 

भूत बंगला- 100 करोड़ रुपये  (नौ दिनों में. फिल्म अब भी थिएटर्स में लगी हुई है)

अक्षय की लेटेस्ट फिल्म ‘भूत बंगला’ की बात करें, तो 27 अप्रैल रात 8 बजे तक तक इसने 115.45 करोड़ रुपये कमा लिए थे. अक्षय का अपकमिंग फिल्म लाइनअप भी तगड़ा है. ‘भूत बंगला’ के बाद प्रियदर्शन के साथ ही उनकी ‘हैवान’ आने वाली है. इस थ्रिलर फिल्म में उनके साथ सैफ़ अली खान भी नज़र आएंगे. फिर ‘वेलकम टु द जंगल’ कतार में है. साथ ही वो अनीस बज़्मी की भी एक फिल्म कर रहे है. इसमें उनके साथ विद्या बालन काम कर रही हैं. शूटिंग फिलहाल केरल में चल रही है. हाल ही में उन्होंने प्रियदर्शन की एक और फैमिली एंटरटेनर फिल्म साइन की है. ‘हेरा फेरी 3’ भी उनकी आने वाली फिल्मों की फेहरिस्त में है. मगर इस पर कॉपीराइट विवाद की तलवार लटकी हुई है. कुल जमा बात ये है, कि अक्षय की फिल्में हज़ार करोड़ क्लब में भले न गई हों. मगर उनकी रफ्तार देखते हुए लग रहा है कि 100 करोड़ क्लब की फेहरिस्त में उनका नाम अव्वल नंबर पर बना रहेगा. 

वीडियो: अक्षय कुमार की 'भूत बंगला' फिल्म ने पहले दिन कितनी कमाई की?

Advertisement

Advertisement

()