सलमान की 'बैटल ऑफ गलवान' का नाम ही नहीं, कहानी भी बदल गई!
हालांकि फिल्म के डायरेक्टर का कहना है कि 'बैटल ऑफ गलवान' का नाम बदलना कोई रातों रात लिया गया फैसला नहीं है.

Salman Khan की Battle of Galwan अब Maatrubhumi नाम से जानी जाएगी. मेकर्स ने भाईचारा का संदेश देने के लिए अचानक फिल्म का नाम बदलने का फैसला किया है. इस पर लोग उनसे काफ़ी नाराज़ हो गए हैं. दर्शकों के रिस्पॉन्स को देख डायरेक्टर Apoorva Lakhia ने इस बदलाव पर अपना पक्ष रखा है. उनके मुताबिक, ये कोई रातों-रात लिया गया फैसला नहीं है. बल्कि इसकी तैयारी शुरू से ही की जा रही थी.
हिंदुस्तान टाइम्स से हुई बातचीत में अपूर्व बताते हैं,
सलमान खान सर के फैंस को टाइटल बदलना एक अचानक लिया गया फैसला लग सकता है. लेकिन ये कोई रातों-रात लिया गया निर्णय नहीं है. शुरुआत से ही हमने दो नाम रजिस्टर किए थे. एक बैटल ऑफ गलवान और दूसरा मातृभूमि. फिल्म बनाते-बनाते हमें महसूस हुआ कि ये सिर्फ एक लड़ाई की कहानी नहीं है. असल में ये इंसानियत, संवेदनाओं और हमारे सैनिकों की उन खामोश लड़ाइयों की कहानी है, जो वे अंदर ही अंदर लड़ते हैं.
वो आगे जोड़ते हैं,
मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस इस भावना और बलिदान को कहीं ज्यादा सच्चाई से दिखाता है. ये नाम फिल्म की असली आत्मा को सामने लाता है. असली आत्मा यानी लड़ाई के बीच भी इंसानियत को बचाए रखना. फिल्म में इसी नाम का एक गाना भी है. उसे दर्शकों से बहुत प्यार मिला है. इसी वजह से ये टाइटल ज्यादा सही लग रहा है.
बता दें कि 'मातृभूमि' की कहानी 2020 में भारत-चीन के बीच हुए गलवान वैली झड़प पर आधारित है. इस लड़ाई में 200 भारतीय सैनिकों ने 1200 चीनी सैनिकों का डटकर सामना किया था. संघर्ष में करीब 40 चीनी सैनिक मारे गए थे. मगर चीन केवल चार सैनिकों के मारे जाने की बात स्वीकारता है. वहीं इसमें 20 भारतीय जवान भी शहीद हुए थे. दिसंबर में फिल्म का पहला टीज़र रिलीज़ किया गया था. तब चीनी मीडिया ने इस पर फैक्ट्स के साथ छेड़-छाड़ करने के आरोप लगाए थे. बाद में फिल्म के पैचवर्क का काम शुरू हुआ. साथ ही इसके कई रीशूट्स भी किए गए.
बताया जा रहा है कि इस रीशूट के दौरान ही मेकर्स ने फिल्म के तथाकथित एंटी-चीन एलिमेंट्स को हटाना शुरू कर दिया था. इसके अलावा फिल्म में भाईचारा का संदेश देने वाले सीक्वेंस भी डाले गए. यही कारण है कि उन्होंने अब फिल्म का पूरा टाइटल ही बदल दिया है. इससे फिल्म के टोन और मैसेज में भी फ़र्क आया है. मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स फरवरी से ही मुंबई में फिल्म की रीशूटिंग कर रहे हैं. ये काम 40 दिनों तक चलेगा. इस दौरान नए सीन्स तो जोड़े ही जाएंगे, साथ ही एक चाइनीज़ गाना भी फिल्म में शामिल होगा. ये गाना हिमेश रेशमिया तैयार कर रहे हैं. एक बार ये बन जाए, तो उसे सलमान पर फिल्माया जाएगा.
वीडियो: अक्षय कुमार ने 'भूत बंगला' की डेट बदलने से पहले सलमान खान से बात की, मगर क्यों?

.webp?width=60)

