सलमान स्टारर 'मातृभूमि' का रीशूट क्यों हुआ, एक्शन डायरेक्टर ने पोल खोल दी
जाज़ गुलाब 'धुरंधर 2' के भी एक्शन डायरेक्टर थे. वही सलमान की 'मातृभूमि' का भी एक्शन कर रहे हैं.

Dhurandhar 2 को इसके ग्राउंडेड और रियलिस्टिक एक्शन सीक्वेंस के लिए काफी पसंद किया जा रहा है. उन्हें डायरेक्ट करने का जिम्मा एक्शन डायरेक्टर Aejaz Gulab ने उठाया था. एजाज़, Salman Khan स्टारर Maatrubhumi में भी काम कर चुके हैं. वैसे तो ये फिल्म दिसंबर में बनकर तैयार थी. लेकिन फिर अचानक इसे भारी रीशूट्स से गुजरना पड़ गया. डायरेक्टर Apoorva Lakhia ने ऐसा फैसला क्यों लिया, इसकी बैकस्टोरी एजाज़ गुलाब ने सुनाई है.
एजाज़ 1989 से ही दूसरे एक्शन डायरेक्टर्स को असिस्ट कर रहे थे. लेकिन उन्होंने फुल फ्लेजेड एक्शन डायरेक्टर की जिम्मेदारी ‘शूटआउट एट लोखंडवाला’ (2007) के बाद ही मिली थी. उन्होंने ‘एक विलन’, ‘द फैमिली मैन’ और ‘सैयारा’ में भी काम किया है. बॉलीवुड हंगामा से हुई बातचीत में वो ‘मातृभूमि’ का ज़िक्र करते हुए कहते हैं,
"अपूर्व और मैंने लगान (2001) में असिस्ट किया था. मैंने उनकी फिल्मों, जैसे एक अजनबी, शूटआउट एट लोखंडवाला और हसीना पारकर में भी काम किया है. मेरा जैसा रिश्ता मोहित सूरी के साथ है, वैसा ही अपूर्व के साथ भी है. मुझे बहुत खुशी हुई जब उन्होंने मुझसे कहा कि हमें सलमान के साथ फिल्म करनी है. सलमान खान के साथ काम करना उनका सपना था. वो लंबे समय से इस सपने को पूरा करने की कोशिश कर रहे थे. लेकिन बात बन नहीं पा रही थी. आखिरकार मातृभूमि के साथ मामला जम गया है. बहुत दिल लगाकर काम किया है हमने इस फिल्म पर."
फिल्म के रीशूट्स पर बात करते हुए एजाज़ कहते हैं,
"मेकर्स इस फिल्म में कुछ गाने जोड़ना चाहते थे. इसलिए उन्होंने उनकी शूटिंग की. साथ ही, उन्होंने कुछ कैरेक्टर्स के इंट्रोडक्शन सीन्स भी फिल्माए हैं."
वैसे, कुछ समय पहले इंडिया टुडे ने 'मातृभूमि' के डिले होने की एक और वजह बताई थी. हुआ ये कि मेकर्स ने फिल्म में चाइनीज़ ऑफिसर के रोल के लिए एक्टर-सिंगर प्रशांत तमांग को कास्ट किया था. इससे पहले वो 'इंडियन आइडल 3' और 'पाताल लोक 2' में नज़र आ चुके हैं. 'मातृभूमि' में उनका काफी बड़ा रोल था. लेकिन जनवरी 2026 में उनकी अचानक डेथ हो गई.
चूंकि फिल्म के पैचवर्क और कुछ रीशूट का काम अभी बाकी था, इस वजह से मेकर्स मंझधार में फंस गए. यही कारण है कि मूवी अपने तय समय से ज्यादा टल गई. हालांकि ये जानकारी अबतक सामने नहीं आई है कि प्रशांत की जगह मेकर्स ने किसी नए एक्टर को कास्ट किया या फिर एआई वगैरह का इस्तेमाल कर, कुछ दूसरा रास्ता निकाला है. जहां तक फिल्म की बात है, उसकी रिलीज़ को लेकर अभी दूर-दूर तक कोई अपडेट नहीं है.
वीडियो: सलमान खान की फिल्म 'बैटल ऑफ गलवान' का नाम बदला, अब कहलाएगी 'मातृभूमि'

.webp?width=60)
