The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • Who is Orry aka Orhan Awatramani who always hangs out with bollywood star kids?

कौन हैं ऑरी, जो हर देसी स्टार किड के साथ घूमते और फोटो खिंचाते पाए जाते हैं?

चाहे आर्यन खान हों, जाह्नवी कपूर, अनन्या पांडे, सारा अली खान या अजय देवगन की बेटी निसा. ये ऑरी नाम का शख्स सबके साथ नज़र आता है. जानिए कौन हैं.

Advertisement
pic
5 अप्रैल 2023 (अपडेटेड: 5 अप्रैल 2023, 09:01 PM IST)
orry, orhan awatramani
आर्यन खान, जाह्नवी कपूर, अनन्या पांडे, और शनाया कपूर के साथ ऑरी.
Quick AI Highlights
Click here to view more

अगर आप इंस्टाग्राम इस्तेमाल करते हैं, तो चाहे-अनचाहे एक्टर्स की तस्वीरें देखी ही होंगी. पुराने वाले तो इंस्टाग्राम का मक़सद और सिस्टम ही नहीं समझ पा रहे. मगर जो Gen-Z लॉट है, खासकर स्टार किड्स वाला. इनकी पार्टी से लेकर एयरपोर्ट, जिम हर जगह की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर उपलब्ध हैं. क्योंकि ये लोग खुद फोटोग्राफर्स को फोन-मैसेज करके बुला लेते हैं. कुछ तस्वीरें ये लोग खुद भी पोस्ट करते हैं. इन सभी फोटोज़ में एक चेहरा ऐसा है, जो कॉमन है. चाहे Aryan Khan हों, Jahnvi Kapoor हों,  Sara Ali Khan, Ananya Panday या Ajay Devgn की बिटिया Nysa. इन सबके साथ एक आदमी नत्थी रहता है. उसका नाम है Orry. मगर इंटरनेट को आज तक समझ नहीं आया कि ये आदमी है कौन. और ये सब स्टार किड्स का दोस्त कैसे है.

# कौन है Orry?

ऑरी का पूरा नाम है ओरहान अवतरमणि. इनके माता-पिता के नाम के अलावा कोई जानकारी इंटरनेट पर उपलब्ध नहीं है. इंटरनेट खंगालने पर पता चला कि इनकी स्कूल पढ़ाई-लिखाई हुई है तमिल नाडु के कोडैकनाल इंटनेशनल स्कूल से. इस स्कूल की सलाना ट्यूशन फीस सवा 12 लाख से शुरू होती है. और क्लास के साथ फीस भी बढ़ती है. जो बच्चे यहां से 12वीं पास करते हैं, उन्हें साढ़े 15 लाख रुपए की फीस भरनी पड़ती है. सनद रहे कि ये सिर्फ ट्यूशन फीस. अन्य खर्चे तो पूछिए मत. खैर, इस स्कूल की फीस जानकर ये अंदाज़ा लगाना मुश्किल नहीं है कि ऑरी आर्थिक रूप से मजबूत परिवार से आते हैं. 

इनकी आगे की पढ़ाई कोलंबिया यूनिवर्सिटी से हुई. ये हमें कैसे पता? इन्होंने 2016 में सारा अली खान के साथ ग्रैजुएशन वाले दिन की तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट की थी. एक इंटरव्यू में ऑरी ने ये भी बताया कि उन्होंने न्यू यॉर्क के चर्चित पार्सन्स स्कूल ऑफ डिज़ाइन (Parsons School of Design) से भी पढ़ाई की है.

# क्या करते हैं Orry?

कॉस्मोपॉलिटन के साथ एक इंटरव्यू में ऑरी से पूछा गया कि वो करते क्या हैं. खाली पार्टी ही करते हैं या 9 टु 5 वाली कोई जॉब करते हैं. इसके जवाब में ऑरी ने जो कहा वो ध्यान से सुनिएगा. वो कहते हैं-

''मैं आपको बताता हूं, मैंने अपने पहले जॉब इंटरव्यू में क्या कहा था. वो आज भी मेरी बॉस हैं. मैंने उनसे कहा, आपको पता है मैम, मैं बड़ा होकर एरोनॉटिकल इंजीनियर बनना चाहता था. मगर मैं आज मैं क्या हूं? मैं एक सिंगर हूं. सॉन्गराइटर हूं. फैशन डिज़ाइनर हूं. क्रिएटिव डायरेक्टर हूं. स्टाइलिस्ट हूं. एग्ज़ीक्यूटिव असिस्टेंट हूं. और कभी-कभी फुटबॉल प्लेयर भी. मुझे लगता है कि ये लाइफ सपने देखने के लिए है. सपने देखिए. अपने सपनों को पंख लगाइए. और कोई मौका मत छोड़िए. मैंने उनकी आंखों में देखा और कहा, मैं उस किस्म का इंसान हूं, जिससे आप कुछ पेंट करने को कहेंगी, तो मैं आपका पूरा घर रंग दूंगा.''    

हम सबकी ही तरह, इंटरव्यू लेने वाली एंकर को भी ऑरी का ये जवाब समझ नहीं आया. उन्होंने दोबारा पूछा, मगर काम क्या करते हो भाई. इस पर ऑरी ने कहा-  

''मैं खुद पर काम कर रहा हूं. मैं जिम जाता हूं. मैं बहुत सारा सेल्फ रिफ्लेक्शन करता हूं. कभी-कभी योगा कर लेता हूं. कभी मसाज ले लेता हूं. मैं काम कर रहा हूं. मैं खुद पर काम कर रहा हूं.'' 

ये तो कहने और सुनने में फैंसी लगने वाली बातें हो गईं. मगर ऑरी का लिंक्डइन प्रोफाइल कुछ और कहता है. वो RIL यानी रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड के चेयरपर्सन ऑफिस के साथ स्पेशल प्रोजेक्ट मैनेजर के तौर पर काम करते हैं. इसमें इंटरनेशनल लोगों के साथ कोलैबरेशन वगैरह का काम देखते हैं. जो इंडियन फैशन इंडस्ट्री से जुड़ी हुई है. आप यहां क्लिक करके ऑरी की लिंक्डइन प्रोफाइल चेक कर सकते हैं.

# Orry सभी स्टार किड्स के दोस्त कैसे हैं?

ऑरी तकरीबन सभी स्टारकिड्स के साथ चिल करते हुए दिख जाएंगे. सारा अली खान से दोस्ती की वजह तो हमने जान ली. दोनों सेम यूनिवर्सिटी में पढ़ते थे. साथ में ग्रैजुएट हुए. मगर ये आदमी जान्हवी कपूर, अनन्या पांडे, निसा देवगन, आर्यन खान, सुहाना खान, अहान शेट्टी और तान्या श्रॉफ को कैसे जानता है.

कॉस्मोपॉलिटन वाले इंटरव्यू में भी ऑरी से ये पूछा गया. इस पर ऑरी का कहना है कि वो फिल्म इंडस्ट्री में सबके साथ दोस्त नहीं हैं. वो कहते हैं-

''मैं ये नहीं कहूंगा कि मैं फिल्म इंडस्ट्री के लोगों का दोस्त हूं. मैं उन लोगों का दोस्त हूं, जो मेरे आसपास के लोग हैं. हम सब एक ही उम्र के हैं. हम सब एक ही समय पर स्कूल और कॉलेज गए. सिर्फ कुछ ही लोग हैं, जिन्हें मैं इंडस्ट्री वाले दोस्त कहूंगा. क्योंकि उनसे मैं इंडस्ट्री में ही मिला. जैसे भूमि पेडणेकर. हम एक-दो साल पहले तक एक-दूसरे को नहीं जानते थे. मगर अब हम बहुत अच्छे दोस्त हैं. उनकी छोटी बहन से भी मेरी बनती है.''

orry, kylie jenner,
एक मौके पर काइली जेनर के साथ ऑरी.

ऑरी की पहुंच सिर्फ इंडियन सेलेब्रिटीज़ तक ही नहीं है. इनका डंका हॉलीवुड में भी बज रहा है. ये कान्ये वेस्ट को फैशन शो के दौरान बैकस्टेज मिलते हैं. काइली जेनर के घर जाकर अपना बर्थडे मनाते हैं. ट्रैविस स्कॉट इनके साथ नाचता है. जब पूछा गया कि कान्ये वेस्ट को कैसे जानते हो भाई. इस पर ऑरी ने कहा कि एक बार वो बर्बरी (Burberry) के फैशन शो में गए थे. जब बैकस्टेज पहुंचे, तो कान्ये ने इनके पहने हुए कपड़ों की तारीफ कर दी. फिर इनकी बातचीत चालू हो गई. इसी बातचीत में कान्ये वेस्ट ने इन्हें पेरिस में होने वाले एक फैशन इवेंट का न्यौता दे डाला. इट्स लाइक दैट ओनली!  

वीडियो: जाह्नवी कपूर और ईशान खट्टर ने सुनाये धड़क के किस्से

Advertisement

Advertisement

()