'वेलकम टु द जंगल' टीजर- दो दर्जन एक्टर्स, घटिया VFX, हॉलीवुड की नकल और सेल्फ डेप्रेकेटरी जोक्स!
'वेलकम टु द जंगल' की कहानी 'हेरा फेरी' वाले नीरज वोरा ने लिखी है.

क्या मरने में जान डाली जा सकती है? सालों से विज्ञान इस सवाल का कोई ठोस जवाब तलाश रहा. मगर लगता है कि अमरता की ये खुराक किसी और नहीं, बल्कि Akshay Kumar के पास है. जब दर्जनों गोलियां खाकर भी वो ज़मीनदोज़ नहीं हुए, तो Suniel Shetty ने उनसे पूछा- "अरे, तू मरता क्यों नहीं?" इस पर अक्षय ने बौखलाते हुए कहा- "मैं मरने में पूरी जान डाल रहा हूं." अब मरने में कोई जान डालता है या नहीं, ये तो हम नहीं बता सकते. लेकिन अक्षय अपने इन डायलॉग्स से Welcome To The Jungle में जान डालने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं. कम-से-कम फिल्म का नया टीज़र देखकर तो ऐसा ही लग रहा है.
शाहरुख खान स्टारर 'किंग' पर बात करते हुए सौरभ शुक्ला ने एक बार कहा था- "70 परसेंट बॉलीवुड इस फिल्म में है." लेकिन 'वेलकम टु द जंगल' में उससे 8-10 परसेंट ज्यादा एक्टर्स काम कर रहे हैं. आज फिल्म का टीज़र आया. मेकर्स ने न घंटी बजाई, न इत्तला किया. बस एकाएक इसे इंटरनेट पर डाल दिया. 'वेलकम' में खंभों पर लटके घर से शुरू हुई इस फ्रैंचाइज़ की कहानी, तीसरे पार्ट तक जंगल में आ गई है. अब जंगल है तो जंगली-जानवर भी होने चाहिए. मगर यहां ऐसा नहीं है. टीज़र शुरू होते ही अक्षय ने डिस्क्लेमर देते हुए कहा-
"इस फिल्म में किसी भी जानवर का इस्तेमाल नहीं किया गया है. सिवाए कुछ घोड़ों के और हम कुछ गधों के."
वैसे तो गधा एक मासूम जानवर है. काफी लगनशील और मेहनती भी. मगर जब इंसान इसे विशेषण के रूप में इस्तेमाल करते हैं, तो वो सामने वाले को मासूम या मेहनती नहीं बल्कि बेवकूफ बताते हैं. उनका मतलब ऐसे शख्स से होता है, जो काम करने में ज्यादा दिमाग नहीं लगाता. 'वेलकम टु द जंगल' मूवी भी कुछ ऐसी ही नज़र आ रही. इसे देखते हुए दर्शकों को दिमाग घर छोड़कर आना पड़ेगा. ये स्लैपस्टिक कॉमेडी की उसी फेहरिस्त में है, जिसके लिए 'अंदाज़ अपना-अपना', 'धमाल', 'तीस मार खान', और 'भागम भाग' सरीखी फिल्में जानी जाती हैं. मगर फिल्म का VFX बहुत बुरा है. ऐसा लग रहा है कि ये पूरी फिल्म कंप्यूटर पर ही बनाई गई है.
खैर, इस टीज़र में फिल्म के अंदर एक फेक फिल्म की शूटिंग हो रही. 'वेलकम टु द जंगल' उसका ही नाम है. इसमें अक्षय और सुनील समेत 80 परसेंट इंडस्ट्री नज़र आ रही. जिधर नज़र घुमाओ, एक एक्टर निकल आता है. मज़ेदार बात ये है कि इस फेक फिल्म को डायरेक्ट करने का जिम्मा परेश रावल को मिला है. वो एक ऐसी मूवी बना रहे, जहां ये एक्टर्स आर्मी के भेष में जंगल में जाते हैं.
दूसरी तरफ़, फिल्म में LoC से भारत आते लोग भी दिखाई दे रहे. इसे देख ऐसा लग रहा कि 'वेलकम टु द जंगल' की फिल्म में रियल और रील आर्मी का कुछ गड़बड़झाला दिखाया जाने वाला है. टीज़र में दिख रहे हेलिकॉप्टर और आर्मी जवान भी इस बात की पुष्टि कर रहे. कैमियो के लिए एक CGI जनित गुरिल्ला भी है, जो 'फिर हेरा फेरी' फिल्म को लेकर एक रेफरेंस हो सकता है. एक अन्य सीन में बहुत सारे घोड़ों की रेस दिख रही. हो सकता है कि ये 'वेलकम' मूवी में नाना पाटेकर वाले घुड़ दौड़ से कनेक्टेड हो. इत्तेफाक से उसमें विजय राज़ का किरदार भी एक फिल्म की शूटिंग ही कर रहा था.
'वेलकम टु द जंगल' का टीज़र काफी आपा-धापी से भरा है. लोग गिर-पड़ रहे. हथौड़े से लेकर बंदूक तक चला रहे. कोई कभी नाच रहा, तो कोई ऊंचाई से छलांगें लगा रहा. वहीं कोई रैंडमली किसी की पिटाई कर रहा. ये बातें सेंसिबल नहीं लगतीं. लेकिन टीज़र में इन्हें जिस तरह से जोड़ा गया है, वो इसे फनी बनाता है. एक जगह तो अक्षय ने खुद पर ही तंज कसा है. होता ये है कि उनका किरदार फेक फिल्म करके बुरी तरह झल्ला गया है. वो भी ऐसा कि तंग आकर वो फिल्म छोड़ने की धमकी दे देता है. लेकिन तभी तुषार कपूर उन्हें याद दिलाते हैं कि इस फिल्म के लिए उन्हें करोड़ों रुपये मिले हैं. ये सुनकर अक्षय अपना मन बदल लेते हैं, ये कहते हुए कि हर बार पैसे बीच में आ जाते हैं. पिछले कुछ समय से अक्षय की फिल्म चॉइस पर काफी सवाल उठ रहे हैं. ये उसका मेटा रेफरेंस हो सकता है.
'वेलकम टु द जंगल' का टीजर देखकर आपको 2008 में आई बेन स्टिलर की हॉलीवुड फिल्म 'ट्रॉपिक ठंडर' की याद आ जाएगी. वो एक सटायर एक्शन कॉमेडी फिल्म है, जिसमें कुछ घमंडी एक्टर्स वियतनाम युद्ध पर फिल्म बनाते हैं. शूटिंग के दौरान डायरेक्टर उन्हें असली जंगल में छोड़ देता है. एक्टर्स को लगता है कि सब कुछ फिल्म का हिस्सा है और वहां हिडन कैमरों से शूटिंग हो रही. लेकिन असल में वो एक खतरनाक ड्रग्स गैंग के बीच फंस चुके होते हैं. अब जान बचाने के लिए उन्हें वैसा ही बहादुर सैनिक बनना पड़ता है, जैसा पात्र वो फिल्म में कर रहे थे. बेन स्टिलर ने उस फिल्म को डायरेक्ट करने के साथ उसमें एक्टिंग भी की थी. उनके अलावा जैक ब्लैक, रॉबर्ट डाउनी जूनियर, टॉम क्रूज़ और मैथ्यू मैकॉनहे जैसे एक्टर्स ने काम किया था. अक्षय की ये फिल्म उससे काफी मिलती-जुलती लग रही है. जो कि अच्छे संकेत नहीं हैं. क्योंकि ‘ट्रॉपिक थंडर’ को इसलिए इतना हाइली रेट किया जाता है क्योंकि उसने हॉलीवुड में काम करने के तरीके, मेथड एक्टिंग के मंजन और स्टार्स के नखरीले और फर्जी बर्ताव पर टिप्पणी की थी. उनका उपहास किया था. मगर ‘वेलकम टु द जंगल’ में भी ये चीजें होगीं, ऐसा लगता तो नहीं है.

हालांकि 'वेलकम टु द जंगल' की कहानी वेटरन राइटर और एक्टर नीरज वोरा ने लिखी है. वही शख्स जिन्होंने 'हेरा फेरी', 'गरम मसाला', 'भागम भाग', 'भूल भुलैया', 'खट्टा मीठा' और गोलमाल' जैसी कल्ट कॉमेडी फिल्में लिखी हैं. वो 2012 के आसपास ही इस फिल्म पर काम कर रहे थे. 2017 में उनका निधन हो गया, इसलिए वो इस कहानी को फिल्म में बदलते नहीं देख पाए.

हालांकि टीज़र को देखकर पुख्ता तौर पर ये नहीं कहा जा सकता कि ये फिल्म कैसी होगी. उसके लिए ट्रेलर और फिल्म देखने की जरूरत पड़ेगी. इस फिल्म को कोरियोग्राफर और डायरेक्टर अहमद खान ने डायरेक्ट किया है. उन्होंने इससे पहले 'हीरोपंती 2' और 'बागी 3' जैसी फिल्में बनाई हैं. जहां तक एक्टर्स की बात है, अक्षय और सुनील के अलावा इसमें दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडीज़, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, राजपाल यादव, जॉनी लीवर, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, दलेर मेहंदी और कृष्णा अभिषेक जैसे एक्टर्स काम कर रहे. यकीन मानिए हमने अभी पूरी स्टारकास्ट में से आधे का भी ज़िक्र नहीं किया. पिछली बार इतने सारे एक्टर्स एक साथ 'हाउसफुल 5' में आए थे. लेकिन वहां कैसी खिचड़ी बनी, वो तो सबने देखा. फैन्स उम्मीद करेंगे कि 26 जून को जब 'वेलकम टु द जंगल' रिलीज़ हो, तो उन्हें उससे कुछ बेहतर देखने को मिले.
वीडियो: अक्षय की इस फिल्म में 25 से ज्यादा एक्टर, प्रोड्यूसर ने क्या बताया?

