विक्रांत मैसी ने रणवीर सिंह की नाक पर बंदूक मारी और अपने पैर पर कुल्हाड़ी!
Vikrant Massey की फिल्म 12th Fail आजकल सिनेमाघरों में लगी है. लेकिन ऐसा भी हो सकता था कि Ranveer Singh की वजह से वो अपनी पहली फिल्म से बाहर निकाल दिए जाते.

Vikrant Massey की फिल्म 12th Fail आजकल सिनेमाघरों में लगी हुई है. पैसा भी बढ़िया कमा रही है. फिल्म ने Kangana Ranaut की Tejas का भट्टा बिठा दिया है. अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए विक्रांत लगातार इंटरव्यूज दे रहे हैं. इसी क्रम में उन्होंने एक इंटरव्यू लल्लनटॉप को भी दिया. वो आप यहां क्लिक करके देख सकते हैं. फिलहाल हम यहां किसी दूसरे इंटरव्यू के बारे में बात कर रहे हैं. इसमें विक्रांत ने अपनी पहली फिल्म 'लुटेरा' के बारे में बात की है. उन्होंने एक बार गन से रणवीर सिंह की नाक फोड़ दी थी. उन्हें लगा था कि अब फिल्म से वो निकाल दिए जाएंगे.
'लुटेरा' विक्रांत मैसी की पहली फिल्म थी. इससे पहले उन्होंने सिर्फ टीवी में काम किया था. इसी फिल्म के बारे में उनसे Galatta Plus के एक इंटरव्यू में पूछा गया. 'लुटेरा' के सेट पर उनके दिमाग में पहले दिन क्या चल रहा था? इस सवाल के जवाब में विक्रांत ने कहा:
मुझे अच्छी तरह से याद है, हम फिल्म सिटी में थे. बेडरूम का सीक्वेंस था, जब रणवीर का कैरेक्टर आकर मुझे जगाता है और मैं उसकी ओर अपनी बंदूक तान देता हूं. ये मेरा पहला दिन था. मैं बहुत घबराया हुआ था, विक्रमादित्य मोटवानी से मैं डर गया था.
विक्रांत मैसी ने फिल्म के सेट से एक किस्से को याद किया. जब उन्होंने रणवीर की नाक पर बंदूक मार दी थी.
मैं अपनी पहली फिल्म का ऑडिशन क्रैक करने के बाद बहुत खुश था. और ये फिल्म उनके साथ होने जा रही थी, जिनके साथ मैं काम करना चाहता था. विक्रमादित्य का थोड़ा बुद्धिजीवी वाला ऑरा है, वो बोलते भी कम ही हैं. फिल्म में रणवीर और सोनाक्षी थे, बजट भी बड़ा था. मैं उत्साहित था. मैंने जैसे ही गन उनकी (रणवीर) ओर पॉइंट करने के लिए निकाली, बंदूक की नोक उनकी नाक में लग गई. मुझे लगा कि पहले ही दिन फिल्म से बाहर निकाल दिया जाऊंगा.
विक्रांत को लग रहा था कि उन्होंने अपकमिंग सुपरस्टार को घायल कर दिया है. अब रिकवर होने में कई सप्ताह लगेंगे. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. फिल्म को क्रिटिकली सराहा गया, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं रहा. बहरहाल, ये रणवीर और सोनाक्षी के करियर की चुनिंदा अच्छी फिल्मों में से है. विक्रांत का इस फिल्म से डेब्यू हुआ था. आज वो बड़े ऐक्टर हो गए हैं. उन्हें बतौर लीड काम करने का मौका मिल रहा है. उनकी फिल्म 12th Fail बॉक्स ऑफिस पर जैसा कर रही है और उन्होंने जैसा काम उन्होंने फिल्म में किया है, ये तो पक्का है उनका फ्यूचर चमकने वाला है.

